कल 12 फरवरी है और ट्रेड यूनियन की प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल का दिन है. ऐसे में कल के दिन के लिए आप प्रोग्राम बना रहे होंगे. सोच रहे होंगे कि क्या 12 फरवरी को भारत बंद होगा या फिर यह घोषणा भर रह जाएगी? कारोबार और बाजार के कार्य तभी संपन्न होते हैं, जब बैंक खुले होते हैं. चेक क्लियरेंस से लेकर जमा निकासी आदि सभी कार्यों के लिए बैंक का खुला रहना जरूरी है.
कल क्या होगा? इसको लेकर आपके मन में कंफ्यूजन हो सकता है. ऐसे में यह जानकारी देना आवश्यक हो गया है. अलग-अलग बैंकों से जो जानकारी मिल रही है उसमें कई बैंकों से जुड़ी यूनियने हड़ताल में भाग ले रही है तो कई बैंकों के कर्मचारी काम में तो आएंगे लेकिन बैंक का काम नहीं करेंगे. बैंक यूनियनों ने अपनी मांग को लेकर जनवरी महीने में भी हड़ताल बुलाई थी. कल उनकी देशव्यापी हड़ताल होगी.
बैंक कर्मियों की हड़ताल पूरी तरह सफल हो या नहीं हो, लेकिन अगर आप कल बैंक का कोई काम करने के लिए सोच रहे हैं तो बैंक नहीं जाना अच्छा रहेगा. क्योंकि लगता नहीं है कि कल बैंकों में कामकाज होगा. ऑल इंडिया बैंक एम्पलाई संगठन, ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन और बैंक एम्पलाइज फेडरेशन ऑफ़ इंडिया ने अपने सभी सदस्यों से कल के हड़ताल में भाग लेने की अपील की है.
बैंक कर्मचारी और यूनियने केंद्र सरकार के नए लेबर कोड को लेकर विरोध कर रहे हैं. यूनियन के नेताओं का कहना है कि सरकार का श्रम कानून उनके हित में नहीं है. इसके अलावा बैंक कर्मचारी लंबे समय से हफ्ते में 5 दिन काम करने की मांग कर रहे हैं. सूत्र बता रहे हैं कि कल बैंकों में कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो सकता है. इसलिए बैंक में कोई काम करना हो तो उसे अगले दिन पर टाल देना ठीक रहेगा.
हालांकि स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया ने कहा है कि हड़ताल से कामकाज प्रभावित हो सकता है. लेकिन बैंक बंद रहेगा, ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली है. उधर आईडीबीआई बैंक को भी हड़ताल का नोटिस मिल चुका है. बैंक ऑफ़ बड़ौदा, स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया आदि कुछ बैंक भरसक कोशिश करेंगे कि बैंक में काम काज सामान्य रह सके. मगर लगता नहीं है. हालांकि इस बैंक हड़ताल से एटीएम से निकासी प्रभावित नहीं होगी. इसके अलावा नेट बैंकिंग, मोबाइल एप और यूपीआई जैसी ऑनलाइन सेवाएं भी पहले की तरह जारी रहेंगी.
