March 2, 2026
Sevoke Road, Siliguri
Uncategorized

खालपाड़ा रेड लाइट एरिया की सनसनीखेज घटना! कच्ची उम्र का प्यार रचे बर्बादी की दास्तान!

हर छोटे बड़े शहरों में कोठे होते हैं, जिन्हें रेड लाइट एरिया भी कहा जाता है. इन कोठों में जिंदगियां रोज सिसकती हैं. रोज घुटती हैं. यहां की अबलाओं की त्रासदी किसी न किसी कहानी से जुड़ी हुई है. कोई मोहब्बत में धोखा खाकर यहां पहुंच जाती है तो कोई मानव तस्कर के जाल में यहां पहुंचा दी जाती है. एक बात तो साफ है कि रेड लाइट एरिया में कोई अबला अपनी मर्जी से नहीं आती है.

कुछ इसी तरह की कहानी है प्रमिला(कल्पित नाम)की. प्रमिला असम की रहने वाली है. उसे कम उम्र में ही प्रेम रोग लग गया.वह सोशल मीडिया पर एक लड़के को अपना दिल दे बैठी और उसी के सपने में जीने लगी. लड़का कूचबिहार का था. दोनों ओर से चैटिंग चलता रहा. लड़का बड़ा शातिर था. उसने भोली भाली प्रमिला को अपने शब्दों के माया जाल में फंसा दिया, जिसे प्रमिला ने प्यार समझ लिया. उसके दिल में अपने प्यार की तड़प जगा कर एक दिन लड़के ने उसे कूचबिहार बुला लिया. प्रमिला अपने घर वालों से बहाना करके अपने प्रेमी से मिलने कूचबिहार पहुंच गई.

कूचबिहार की धरती पर कदम रखते ही प्रमिला की बर्बादी शुरू हो गई. प्रमिला का कथित प्रेमी शायद उसका ही इंतजार कर रहा था. उसे तो प्रमिला से नहीं बल्कि प्रमिला की देह और पैसे से मतलब था. उसने प्रमिला को अपने झूठे प्यार में गिरफ्तार कर उसका शारीरिक शोषण शुरू कर दिया. उसने उसे एस्कॉर्ट सर्विस में रखा और अपना उल्लू सीधा करने के बाद उसे कूचबिहार के रेड लाइट एरिया में बेच दिया.

नारकीय यातना भोगने के लिए मजबूर प्रमिला इस दलदल से बाहर निकलना चाहती थी. उसी दौरान कूचबिहार पुलिस ने रेड लाइट एरिया में अभियान चलाया. वास्तव में प्रमिला के घर से गायब होने के बाद उसके घर वालों ने असम पुलिस में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. असम पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद प्रमिला की जोर-शोर से तलाश शुरू कर दी थी. तभी असम पुलिस को अपने सूत्रों से पता चला कि प्रमिला कूचबिहार में है. इसलिए असम पुलिस ने कूचबिहार पुलिस से संपर्क किया और फिर दोनों राज्यों की संयुक्त पुलिस टीम ने प्रमिला की तलाश शुरू कर दी.

ताकि प्रमिला को पुलिस बरामद न कर सके, उसे रातों-रात सिलीगुड़ी के खालपाड़ा स्थित रेड लाइट एरिया में लाकर कोठे पर बेच दिया गया. जिन लोगों ने यह सोचा था कि पुलिस को यहां कुछ पता नहीं चलेगा, पर पुलिस और कानून के हाथ लंबे होते हैं. असम और कूचबिहार की संयुक्त पुलिस टीम को पता चल गया था कि प्रमिला को सिलीगुड़ी रेड लाइट एरिया में लाया गया है. लिहाजा संयुक्त टीम ने खालपारा पुलिस से संपर्क किया.

खालपारा पुलिस को पहले से ही रेड लाइट एरिया में एक नाबालिग लड़की को ले आने की भनक लग गई थी. मुखबिर ने खालपारा पुलिस को पक्की सूचना दी तो खालपारा पुलिस ने रविवार को रेड लाइट एरिया में अभियान चलाया और एक कोठे से नाबालिग प्रमिला को बरामद करने में सफलता प्राप्त की. प्रमिला की हालत बेहद खराब है. उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी चिकित्सा चल रही है. दोनों राज्यों की संयुक्त पुलिस टीम ने इस मामले में उन लोगों की तलाश शुरू कर दी है, जिन्होंने प्रमिला को इस हाल में पहुंचाया है. इसमें प्रमिला का कथित प्रेमी, मानव तस्कर से जुड़े लोग आदि शामिल हैं.

खालपारा पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ किडनैपिंग, इम्मोरल ट्रैफिकिंग और पॉस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है. जब प्रमिला को अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी तो उसे उसके माता-पिता के पास भेजने की पुलिस प्रयास करेगी. वर्तमान में पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *