April 2, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

हनुमान जयंती के दिन उम्मीदवारों द्वारा नामांकन दाखिल करने से सिलीगुड़ी में जगह-जगह ट्रैफिक जाम! गौतम देव, शंकर घोष, शंकर मालाकार समेत कई उम्मीदवारों ने भरा नामांकन!

आज हनुमान जयंती थी. ऐसी मान्यता है कि शुभ मुहूर्त में शुरू किया गया काम निर्विघ्न संपन्न होता है. उसमें सफलता मिलने की गुंजाइश रहती है. राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों को कोई भी कार्य करने से पहले शुभ घड़ी का इंतजार रहता है. जनता के दिल में क्या है, इसका फैसला तो बाद में होता है. पर उससे पहले उम्मीदवार नामांकन की शुभ घड़ी का बेसब्री से इंतजार करते हैं.

हनुमान जी हर विघ्न बाधा को दूर करते हैं. इससे अच्छा और शुभ मुहूर्त क्या हो सकता था! यही कारण था कि आज सिलीगुड़ी और आसपास के विधानसभा क्षेत्रों के अनेक दलों के उम्मीदवारों ने अपने-अपने क्षेत्र में नामांकन पत्र दाखिल किये, जिसके कारण सिलीगुड़ी, जलपाईगुड़ी, माटीगाड़ा, फांसी देवा आदि इलाकों में घंटों जाम का सामना लोगों को करना पड़ा. उम्मीदवार गाजे बाजे और कार्यकर्ताओं के भारी उल्लास के बीच नामांकन दाखिल करने पहुंचे.

सिलीगुड़ी विधानसभा क्षेत्र के टीएमसी उम्मीदवार गौतम देव, भाजपा उम्मीदवार डॉक्टर शंकर घोष, माटीगाड़ा नक्सलबाड़ी के टीएमसी उम्मीदवार शंकर मालाकार, भाजपा उम्मीदवार आनंदमय बर्मन, नक्सलबाड़ी फांसी देवा के भाजपा उम्मीदवार दुर्गा मुर्मू, डाबग्राम फुलबारी क्षेत्र के माकपा उम्मीदवार दिलीप सिंह, जलपाईगुड़ी सदर के माकपा उम्मीदवार देवराज बर्मन, राजगंज मयनागुड़ी इत्यादि सभी विधानसभा क्षेत्रों के बहुत से उम्मीदवारों ने आज पर्चे दाखिल किये.

विभिन्न दलों के हैवीवेट उम्मीदवारों के नामांकन पत्र दाखिल करने के चलते आज सिलीगुड़ी में ट्रैफिक पर भी इसका भारी असर देखने को मिला. कई जगह ट्रैफिक पुलिस के द्वारा रोड बंद कर दिया गया था तो कई जगह वैकल्पिक रूट का निर्धारण किया गया था. फूलबाड़ा से सालूगाड़ा जाने वाली सिटी ऑटो गाड़ियां हाशमी चौक से नहीं जाकर वर्धमान रोड, दार्जिलिंग मोड, चेक पोस्ट होते हुए सालूगाडा गयीं. वर्धमान रोड पर दोपहर के समय गाड़ियों का भारी जाम देखा गया.

बड़ी राजनीतिक पार्टियों के हैवीवेट उम्मीदवारों के द्वारा आज नामांकन पत्र दाखिल किए जाने को लेकर पुलिस प्रशासन के द्वारा पहले से ही सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. जगह-जगह केंद्रीय बलों की तैनाती की गई थी. खासकर रैली, रूट और महकमा शासक, एसडीओ दफ्तर के आसपास की सड़कों को बंद कर दिया गया था. एसडीओ कार्यालय और आसपास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी. 100 मीटर के क्षेत्र में धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई थी. उम्मीदवारों के द्वारा नामांकन दाखिल करने के वक्त किसी तरह की किसी अप्रिय घटना का समाचार नहीं मिला है.

आज एसडीओ कार्यालय के सामने विभिन्न दलों के उम्मीदवारों का दोपहर बाद तक भारी जमावड़ा देखा गया. सिलीगुड़ी विधानसभा क्षेत्र के दो प्रमुख उम्मीदवारों शंकर घोष और गौतम देव ने यहां नामांकन पत्र दाखिल किया. दोनों ही दलों के उम्मीदवार यहां पहुंचे. यहां माटीगाड़ा नक्सलबाड़ी के उम्मीदवार भी नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंचे. जबकि फांसी देवा विधानसभा क्षेत्र के उम्मीदवार ने सिलीगुड़ी महकमा परिषद कार्यालय में नामांकन दाखिल किया है.

आज पहाड़ी इलाकों में भी उम्मीदवारों के द्वारा नामांकन दाखिल करने की जानकारी मिली है. दार्जिलिंग विधानसभा क्षेत्र में उम्मीदवार दार्जिलिंग एसडीओ कार्यालय और कर्सियांग विधानसभा क्षेत्र के उम्मीदवार कर्सियांग एसडीओ कार्यालय में नामांकन पत्र दाखिल कर रहे हैं. भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा के उम्मीदवारों ने एक दिन पहले ही नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है. रूदेन सदा लेपचा के अलावा कर्सियांग सीट से भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा के उम्मीदवार अमर लामा ने भी कल ही नामांकन दाखिल कर दिया था.

आपको बता दें कि नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 अप्रैल है. चुनाव आयोग ने 30 मार्च को चुनाव की अधिसूचना जारी की थी. इसके साथ ही नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो गई. इन इलाकों में 23 अप्रैल को मतदान होगा. जहां उम्मीदवारों की किस्मत मत पेटियों में बंद हो जाएगी. जबकि 4 मई को मतों की गिनती होगी. इसके साथ ही उम्मीदवारों की हार जीत का फैसला भी हो जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *