March 18, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

चुनाव आयोग का ‘बम’ फूटा! ममता बनर्जी अवाक! बंगाल पुलिस में मची खलबली!

भारतीय चुनाव आयोग के एक पर एक लिए जा रहे फैसलों ने एक तरफ ममता बनर्जी की सरकार और स्वयं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के पैरों तले की धरती खिसका दी है तो दूसरी तरफ बंगाल पुलिस में भी खलबली मच गई है. चुनाव आयोग की ओर से कहा जा रहा है कि इस बार का बंगाल चुनाव ऐतिहासिक और निष्पक्ष होगा और इसके लिए चुनाव आयोग जो जरूरी समझता है, वह कदम उठा रहा है. हालांकि सरकारी तंत्र की ओर से कहा जा रहा है कि चुनाव आयोग बीजेपी के साथ मिलकर तानाशाही और मनमानी कर रहा है.

बंगाल में चुनाव की घोषणा के साथ ही भारतीय चुनाव आयोग ने राज्य के शीर्ष प्रशासनिक अधिकारियों, मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती, गृह सचिव जगदीश प्रसाद मीणा को हटा दिया था. इतना ही नहीं, चुनाव आयोग ने एडीजी कानून व्यवस्था, पुलिस महानिदेशक और कोलकाता पुलिस आयुक्त को हटाए जाने की कार्रवाई के बाद मंगलवार को 18 और आईपीएस अधिकारियों को इधर से उधर कर दिया. चुनाव आयोग ने कई पुलिस आयुक्तों तथा 12 पुलिस अधीक्षकों के तबादले किए. आयोग ने यह भी फरमान जारी किया है कि जिनका तबादला किया जा रहा है, आज उन्हें हर हाल में अपनी ड्यूटी संभाल लेनी होगी.

चुनाव आयोग के फैसले के बाद ममता बनर्जी की सरकार भी हैरान रह गई. चुनाव आयोग पर मनमानी का आरोप लगाते हुए ममता बनर्जी ने बीजेपी पर भी जोरदार हमला किया है. कदाचित ममता बनर्जी को लग रहा था कि शायद अब सब कुछ ठीक हो जाएगा. लेकिन आज चुनाव आयोग ने जो कदम उठाया है, उसने तो ममता बनर्जी के पैरों तले की धरती ही खिसका दी है. वह भौंचक रह गई, जब चुनाव आयोग ने फरमान जारी कर दिया कि राज्य के विभिन्न जिलों के डीएम भी बदले जाएंगे.

भारतीय चुनाव आयोग की ओर से इस संबंध में एक अधिसूचना भी जारी कर दी गई है, जिसमें कहा गया है कि राज्य में विभिन्न जिलों के डीएम और आईएएस अधिकारियों का तबादला किया जा रहा है. चुनाव आयोग ने डंके की चोट पर कहा है कि जिन IAS अधिकारियों का तबादला किया जा रहा है, उन्हें हर हालत में 19 मार्च अपरान्ह 3:00 बजे तक अपनी ड्यूटी संभाल लेनी होगी.

विज्ञप्ति में जिन आईएएस अधिकारियों का उल्लेख किया गया है, उनके नाम इस प्रकार हैं. जितिन यादव, संदीप घोष, विवेक कुमार, राजवीर सिंह कपूर , R. अर्जुन, श्रीकांत पली, श्वेता अग्रवाल, स्मिता पांडे, रणधीर कुमार, शिल्पा गौरीसरिया, अभिषेक कुमार तिवारी, हरिशंकर पणिकर और टी बालासुब्रमण्यम के नाम शामिल है. विज्ञप्ति के अनुसार दार्जिलिंग के नये डीएम हरिशंकर पणिकर, कूच बिहार के जितिन यादव, जलपाईगुड़ी संदीप घोष, उत्तर दिनाजपुर विवेक कुमार, मालदा राजवीर सिंह कपूर, मुर्शिदाबाद R अर्जुन ,नदिया श्रीकांत पली, पूर्वी वर्धमान श्वेता अग्रवाल, कोलकाता कमिश्नर और डीइओ उत्तर कोलकाता, स्मिता पांडे प्रभारी होंगे.

इसी तरह से दक्षिणी कोलकाता के DEO रणधीर कुमार, उत्तर 24 परगना के शिल्पा गौरी सरिया, दक्षिण 24 परगना के अभिषेक कुमार तिवारी और अलीपुरद्वार के नए डीएम सह DEO टी बालासुब्रमण्यम होंगे. यह सभी आईएएस अधिकारी डीएम सह डीइओ का कार्य देखेंगे और शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करेंगे. किसी तरह की चुनाव में गड़बड़ी होने पर चुनाव आयोग उनसे जवाब तलब कर सकता है.

राज्य सरकार के जिन अधिकारियों को चुनाव आयोग हटा रहा है, वे अगली सूचना तक किसी तरह की चुनावी ड्यूटी से दूर रहेंगे. चुनाव आयोग का अगला कदम क्या होगा, इसे समझना आसान नहीं है. आज के उठाए गए चुनाव आयोग के कदम ने एक तरफ राजनीतिक दलों खासकर ममता बनर्जी की सरकार को हिला कर रख दिया है, तो दूसरी तरफ राज्य पुलिस अधिकारी भी भय, आशंका और आतंक के वातावरण में सांस ले रहे हैं. क्योंकि किसी को भी नहीं पता कि भारतीय चुनाव आयोग उनमें से किसी को भी इधर से उधर कर सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *