April 11, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

सिलीगुड़ी से मोदी गए, अब 15 को ममता दहाड़ेंगी!’पहला वैशाख’ पर सिलीगुड़ी के लोगों को क्या तोहफा देंगी?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिलीगुड़ी में अपनी रैली कर जा चुके हैं. उन्होंने सिलीगुड़ी, जलपाईगुड़ी समेत उत्तर बंगाल के लोगों से कई वादे किए हैं कि अगर राज्य में भाजपा की सरकार बनती है तो भाजपा सरकार बंगाल को सोनार बंगाल बनाएगी. सिलीगुड़ी समेत उत्तर बंगाल में और क्या-क्या विकास कार्य किए जाएंगे, उन्होंने अपनी पार्टी का विजन भी बता दिया है.

अब सिलीगुड़ी में ममता बनर्जी आ रही हैं. ऐसा देखा भी गया है कि जब जब प्रधानमंत्री का दौरा होता है, उसके कुछ दिन बाद मुख्यमंत्री का भी दौरा शुरू हो जाता है. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के पास हर किसी का जवाब है. यह कैसे हो सकता है कि प्रधानमंत्री उनकी सरकार पर आरोप लगाए और मुख्यमंत्री सुनकर चुप हो जाएं. लिहाजा ममता बनर्जी प्रधानमंत्री के आरोप का जवाब देने आ रही हैं.

कुछ दिन पहले अभिषेक बनर्जी भी सिलीगुड़ी आकर जा चुके हैं. वे सिलीगुड़ी के पार्टी के उम्मीदवार तथा सिलीगुड़ी नगर निगम के मेयर गौतम देव के समर्थन में जनसभा कर चुके हैं.वे घोषणा भी कर चुके हैं कि अगर राज्य में उनकी सरकार बनती है तो सिलीगुड़ी को एक बड़ा तोहफा देंगे. अब ममता बनर्जी भी पहला वैशाख पर सिलीगुड़ी आ रही हैं.

पहला बैसाख पश्चिम बंगाल में एक सांस्कृतिक उत्सव की तरह होता है. तृणमूल कांग्रेस की सरकार पहला बैसाख को पूरे बंगाल में धूमधाम से मनाती है. मुख्यमंत्री पहला बैसाख पर बंगाल के लोगों को कुछ ना कुछ तोहफा जरूर देती है.अब चुनाव का समय है और आचार संहिता लागू है. लिहाजा मुख्यमंत्री प्रत्यक्ष रूप से कोई बड़ी बात या घोषणा तो नहीं कर सकती, परंतु वह इशारे-इशारे में अगले 5 साल की अपनी सरकार की योजनाओं की झलक जरूर दिखा सकती हैं.

हालांकि पार्टी सूत्रों की ओर से कहा जा रहा है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सिलीगुड़ी के मेयर और टीएमसी प्रत्याशी गौतम देव के समर्थन में रोड शो करने वाली है. वह मल्लागुड़ी से रोड शो शुरू करेंगी और हिलकार्ट रोड तक पैदल मार्च करेंगी. उसके बाद उनकी जनसभा हो सकती है. संभावना है कि इसी सभा में मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री के आरोपों का पुरजोर तरीके से जवाब दे सकती हैं. जिसके लिए मुख्यमंत्री जानी भी जाती हैं.

सिलीगुड़ी में भाजपा और टीएमसी के बीच कांटे की टक्कर है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सिलीगुड़ी दौरे के बाद भाजपा कार्यकर्ता पूरे जोश में है. ऐसे में टीएमसी कार्यकर्ताओं में भी नई स्फूर्ति का संचार करना जरूरी है और यह जोश केवल मुख्यमंत्री ही दिला सकती हैं. ममता बनर्जी के लिए सिलीगुड़ी सीट काफी महत्वपूर्ण है. वह यहां से गौतम देव को विजयी बनाना चाहती है. गौतम देव अपनी जीत के लिए कड़ी मेहनत और पसीना बहा रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *