April 2, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

ममता बनर्जी ने कहा- बंगाल का शासन मेरे हाथ में नहीं है! भवानीपुर में अमित शाह की हुंकार! ‘दीदी की विदाई तय!’

एक तरफ सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद ममता बनर्जी भारतीय जनता पार्टी और चुनाव आयोग पर भड़ास निकाल रही है और आरोप लगा रही है कि एक सोची समझी साजिश के तहत भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार ने यहां परोक्ष रूप से राष्ट्रपति शासन लगा दिया है. दूसरी तरफ सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी को लेकर भाजपा टीएमसी और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को आडे हाथों ले रही है. कोलकाता में भवानीपुर के भाजपा के रोड शो में कुछ ऐसा ही संकेत मिला.

जिस तरह से आज सिलीगुड़ी में राजनीतिक तापमान उबाल पर था, ठीक उसी तरह से कोलकाता में ममता बनर्जी के विधानसभा क्षेत्र भवानीपुर में भाजपा के रोड शो ने कोलकाता के राजनीतिक मिजाज को बदलकर रख दिया. भवानीपुर से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के विरोध में राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ताल ठोक रहे हैं. आज शुभेंदु अधिकारी ने रोड शो के जरिए नामांकन पत्र दाखिल किया. इस रोड शो में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल हुए थे.

रोड शो में भाजपा कार्यकर्ताओं की अपार भीड़ और उत्साह को देखकर अमित शाह पूरे जोश में नजर आए और उन्होंने संकेत दिया कि जब तक ममता बनर्जी को हरा नहीं दूंगा, मैं चैन से नहीं बैठूंगा. मैं अगले 15 दिनों तक बंगाल में ही रहूंगा और दीदी की विदाई देखूंगा. हालांकि अमित शाह के इस बयान पर टीएमसी की ओर से काफी तंज कसा गया है. कल्याण बनर्जी ने कहा है कि हम तो चाहते हैं कि अमित शाह 4 तारीख तक बंगाल में रहे.

जब यह रोड शो ममता बनर्जी के आवास के सामने से गुजर रहा था तब वहां मौजूद टीएमसी कार्यकर्ताओं और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोक झोक हो गई. हालांकि भारी पुलिस फोर्स और केंद्रीय बलों की मौजूदगी ने जल्द ही स्थिति पर नियंत्रण पा लिया.

आज अमित शाह ने टीएमसी सरकार पर सीधा हमला बोला और कहा कि बुधवार को मालदा में 7 न्यायाधीशों को बंधक बनाया गया था. उस समय ममता बनर्जी की सरकार कहां थी… घटना की कड़ी से कड़ी निंदा की जानी चाहिए. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी को लेकर सीधे तौर पर बीजेपी को जिम्मेदार ठहराया है. सागर दिघी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने अपनी सरकार को इस घटना से अलग कर लिया और कहा कि SIR को लेकर लोगों का यह गुस्सा है.

उन्होंने कहा कि विरोध करने वाले हमारी पार्टी के नहीं नहीं थे. इस घटना की जांच होनी चाहिए. ममता बनर्जी पिछले कई दिनों से कह रही है कि शासन उनके हाथ में नहीं है. बंगाल का शासन चुनाव आयोग के जरिए भाजपा चला रही है. ऐसे में वह कुछ भी नहीं कर सकती है. ममता बनर्जी ने यह भी कहा कि बंगाल में परोक्ष रूप से राष्ट्रपति शासन लग गया है. जनता के अधिकार छीने जा रहे हैं. बीजेपी गुंडागर्दी पर उतर आई है.

अमित शाह के रोड शो में राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी के अलावा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य भी मौजूद थे. हाजरा रोड में भारी भीड़ थी. अमित शाह ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार किसी गुंडे में मतदाताओं को रोकने की हिम्मत नहीं होगी. आप लोग बिना किसी डर के वोट डालें. हमें टीएमसी को हराना ही नहीं है बल्कि उसे जड़ से उखाड़ फेंकना है.

अमित शाह ने कहा कि मैं भवानीपुर के मतदाताओं से निवेदन कर रहा हूं कि पूरा बंगाल ममता बनर्जी को विदाई देने के लिए तैयार है. अमित शाह ने कहा कि आपके कंधों पर बदलाव की जिम्मेदारी है. एक बार बंगाल में भाजपा की सरकार बन गई तो बंगाल में बदलाव आना शुरू हो जाएगा. उन्होंने भाजपा उम्मीदवार सुबेंदु अधिकारी को भारी बहुमत से जीताने की अपील की.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *