February 3, 2026
Sevoke Road, Siliguri
Uncategorized

वर्धमान रोड फ्लाईओवर को ‘सिलीगुड़ी फ्लाईओवर’ नाम दिया जाना चाहिए!

सिलीगुड़ी नगर निगम और खासकर मेयर गौतम देव की निगरानी तथा रखरखाव में वर्धमान रोड फ्लाईओवर बनकर तैयार है. पी डब्ल्यू डी ने अपना काम लगभग समाप्त कर दिया है. बस रंग-रोगन,सज्जा व सौंदर्यीकरण का काम शेष रह गया है, जो जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा. रेलवे की ओर से रेलवे के हिस्से का काम मार्च और अप्रैल में पूरा हो जाएगा. उसके बाद यह फ्लाईओवर जनता को समर्पित कर दिया जाएगा.

मेयर गौतम देव ने एक संवाददाता सम्मेलन में बर्दवान रोड फ्लाईओवर के नाम को लेकर दो नाम सुझाए हैं, जिनमें से किसी एक नाम पर राज्य सरकार स्वीकृति दे सकती है. सिलीगुड़ी नगर निगम की ओर से जो दो नाम प्रस्तावित हैं, उनमें रवींद्र सेतु और दूसरा नाम विवेकानंद सेतु है. झंकार मोड पर विवेकानंद की एक बड़ी प्रतिमा हाल ही में सिलीगुड़ी नगर निगम के द्वारा स्थापित की गई है. इस बीच वर्धमान रोड फ्लाईओवर के नाम को लेकर लोगों के मंतव्य भी सामने आ रहे हैं.

कई लोगों का मानना है कि फ्लाईओवर का नाम किसी महापुरुष के नाम पर न होकर सिलीगुड़ी के नाम पर किया जाना चाहिए. महापुरुषों के नाम पर तो कई चीजें पहले से ही हैं, लेकिन सिलीगुड़ी नाम पर सिलीगुड़ी में कुछ भी नहीं है. लोगों का तर्क यह है कि जिस तरह से सिलीगुड़ी का विकास हो रहा है, उसमें सिलीगुड़ी के नाम का काफी योगदान है.

परंतु सिलीगुड़ी की पहचान पर गौर करें तो रेल विकास के क्षेत्र में अभी तक सिलीगुड़ी जंक्शन और सिलीगुड़ी टाउन स्टेशन के अलावा ना तो सिलीगुड़ी की सड़कों के नाम है और ना ही कोई सिलीगुड़ी नाम से सेतु है. ऐसे में सिलीगुड़ी को एक नाम देकर सिलीगुड़ी का गौरव बढ़ाया जा सकता है. यह वक्त का भी तकाजा है.इससे सिलीगुड़ी के लोगों का आत्मविश्वास भी बढ़ेगा.

सिलीगुड़ी के अनेक बुद्धिजीवियों का भी मानना है कि फ्लाईओवर का नाम यूनिक हो तो ज्यादा बेहतर है. उनके दृष्टिकोण में वर्तमान वर्धमान रोड फ्लाईओवर का नाम सिलीगुड़ी फ्लाईओवर होना चाहिए. इससे सिलीगुड़ी का गौरव बढ़ जाएगा. कई लोगों ने अपने विचार रखे है. उन्होंने बताया कि सिलीगुड़ी नगर निगम और मेयर गौतम देव को फ्लाईओवर का नामकरण करते समय इस पहलू का भी ध्यान रखना चाहिए.

अनेक लोगों का विचार है कि मेयर गौतम देव को चाहिए कि राज्य सरकार को भेजे जाने वाले नाम की श्रृंखला में सिलीगुड़ी फ्लाईओवर को भी शामिल करें. अगर ऐसा होता है तो यह लीक से हटकर होगा और सिलीगुड़ी में एक ऐतिहासिक होगा. आज मेयर गौतम देव ने वर्धमान रोड फ्लाईओवर को लेकर ढेर सारी बातें की और इसके विकास को लेकर सिलीगुड़ी नगर निगम की योजना का भी खुलासा किया.

मेयर गौतम देव के अनुसार फ्लाईओवर के नीचे पार्किंग जोन, बच्चों के खेलने के लिए स्थान, सौंदर्यीकरण, वृक्षारोपण, पिलर पर चित्रांकन और कलाकृतियां, फ्लाईओवर के दोनों तरफ झंकारमोड़ के दुकानदारों का पुनर्वास और विवेकानंद रोड को सिग्नेचर रोड के रूप में तब्दील किये जाने पर प्रकाश डाला. उन्होंने जिस तरह से फ्लाईओवर के विकास का खाका खींचा, उससे ऐसा लगता है कि इसका विकास महानगरों खासकर मुंबई की तर्ज पर विकसित होगा. जिस तरह से इसका विन्यास किया जाना है, उससे भी ऐसा भ्रम हो तो आश्चर्य नहीं होगा.

बहुत से लोगों का कहना है कि विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर सिलीगुड़ी नगर निगम और सरकार यह कदम उठा रही है. मीडिया के द्वारा यह सवाल उठाए जाने पर मेयर गौतम देव ने विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि चुनाव से इसका कोई लेना देना नहीं है. चुनाव आएंगे जाएंगे. लेकिन विकास नहीं रुकना चाहिए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *