April 7, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

12 को सिलीगुड़ी के कावा खाली मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा!

12 अप्रैल रविवार को सिलीगुड़ी में एक बार फिर से राजनीतिक हलचल तेज होने वाली है. उस दिन शहर में काफी अफरा तफरी, भीड़भाड़ और यातायात प्रबंधन की समस्या भी उत्पन्न हो सकती है. सिलीगुड़ी के ट्रैफिक पर इसका दबाव देखा जा सकता है. हालांकि सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस के द्वारा कुशल ट्रैफिक संचालन के लिए तैयारी की जा रही है.

दरअसल 12 अप्रैल को सिलीगुड़ी की राजनीतिक फिजा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाषण गूंजने वाला है. कावाखाली मैदान में प्रधानमंत्री लोगों को संबोधित करेंगे. पार्टी की ओर से दावा किया जा रहा है कि उनका भाषण ऐतिहासिक होगा, जिसमें उत्तर बंगाल और पहाड़ के विभिन्न क्षेत्रों से लाखों की तादाद में उन्हें सुनने के लिए लोग आएंगे.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इससे पहले कूचबिहार में जनसभा कर चुके हैं. पिछले रविवार को उन्होंने कूचबिहार की धरती से बंगाल के लोगों को संबोधित किया था और राज्य में कानून एवं व्यवस्था की खराब होती स्थिति के लिए राज्य सरकार को आडे हाथों लिया था. अब प्रधानमंत्री की उत्तर बंगाल में यह दूसरी सभा सिलीगुड़ी में होने जा रही है. हालांकि इससे पहले यह कहा गया था कि प्रधानमंत्री 10 अप्रैल को सिलीगुड़ी में रोड शो करेंगे. पर अब उनके आधिकारिक कार्यक्रम में बदलाव किया गया है. प्रधानमंत्री 12 अप्रैल को सिलीगुड़ी आ रहे हैं.

मिल रही जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 अप्रैल को सुबह 11:00 बजे सभा को संबोधित करेंगे. नौका घाट और मेडिकल के बीच कावाखाली मैदान में उनकी जनसभा को सफल बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी की ओर से सभी तरह की तैयारी की जा रही है. सोमवार को भाजपा के शीर्ष नेता और सिलीगुड़ी सांगठनिक जिला के भाजपा पदाधिकारी और संगठन से जुड़े मंत्रियों, महामंत्रियों की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई थी. प्रधानमंत्री की जनसभा के लिए सुरक्षा व्यवस्था से लेकर सभा मंच तैयार करना, सिलीगुड़ी में ट्रैफिक व्यवस्था संचालन के लिए प्रशासनिक सहयोग और सभी मुद्दों पर विचार किया गया.

प्रधानमंत्री की जनसभा में सिलीगुड़ी, जलपाईगुड़ी के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के उम्मीदवार, पहाड़ के उम्मीदवार और भाजपा नेता, गठबंधन के नेता और कार्यकर्ता भाग लेंगे. प्रधानमंत्री की सभा को सफल बनाने के लिए बंगाल भाजपा प्रभारी मंगल पांडे, केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ,पूर्व केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी, दार्जिलिंग लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजू विष्ट, जलपाईगुड़ी क्षेत्र के सांसद डॉक्टर जयंत राय, पश्चिम बंगाल भाजपा प्रदेश सचिव वापी गोस्वामी, प्रवीण अग्रवाल, भाजपा सिलीगुड़ी संगठन की जिला कमेटी, दार्जिलिंग संगठन की जिला कमेटी और जलपाईगुड़ी सांगठनिक जिला कमेटी को दायित्व दिया गया है.

प्रधानमंत्री की जनसभा में शामिल होने के लिए पहाड़ और समतल के विभिन्न इलाकों से आने वाली गाड़ियों की पार्किंग व्यवस्था से लेकर सभा स्थल तक पार्टी स्तर पर अन्य व्यवस्था के लिए भी विचार मंथन किया गया है. प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को अंतिम रूप दिए जाने के बाद इसका प्रचार प्रसार पार्टी की ओर से शुरू कर दिया गया है. शहर में पोस्टर लगाने से लेकर लाउडस्पीकर से प्रचार, फेसबुक, मोबाइल पर जानकारी आदि जल्द ही शुरू की जा सकती है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सभा में पहाड़ और समतल के लिए क्या कहेंगे यह तो पता नहीं है, परंतु इस बात की संभावना जताई जा रही है कि प्रधानमंत्री पहाड़ और समतल के चाय बागान श्रमिकों की स्थिति, राज्य सरकार द्वारा उत्तर बंगाल की उपेक्षा और यहां कानून एवं व्यवस्था को लेकर ममता बनर्जी की सरकार पर प्रहार कर सकते हैं. आजकल प्रधानमंत्री बंगाल में जहां भी सभाएं कर रहे हैं, वे जनता से एक ही बात कहते हैं कि बंगाल की जनता बदलाव चाहती है और भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद बंगाल में 4 मई से बदलाव शुरू हो जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *