सिलीगुड़ी: उत्तरबंग राज्य परिवहन निगम (NBSTC) के कर्मचारियों ने गुरुवार को सिलीगुड़ी डिपो में एकदिवसीय अनशन किया। कर्मचारियों की मांग है कि निगम में स्थायी नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की जाए, अस्थायी कर्मचारियों के वेतन और बोनस में वृद्धि की जाए, और निगम को निजी हाथों में सौंपने की प्रक्रिया पर तुरंत रोक लगाई जाए।
इस आंदोलन का नेतृत्व नॉर्थ बंगाल स्टेट ट्रांसपोर्ट एम्प्लॉयीज यूनियन ने किया। यूनियन का आरोप है कि राज्य सरकार जानबूझकर निगम की सेवाओं और संरचना को कमजोर कर रही है। फिलहाल निगम में लगभग 450 स्थायी कर्मचारी कार्यरत हैं और लंबे समय से नई भर्तियां नहीं हुई हैं।
कर्मचारियों का कहना है कि रूट और टिकटिंग सेवाएं निजी कंपनियों को दी जा रही हैं, जिससे निगम का धीरे-धीरे निजीकरण हो रहा है। उनका आरोप है कि सरकार का यह कदम कर्मचारियों के भविष्य को गंभीर संकट में डाल सकता है।