सिलीगुड़ी शहर में चोरी, तस्करी और छिनताई की घटनाएं किस कदर बढ़ रही हैं, इनके प्रमाण पिछले तीन-चार दिनों में शहर में एक पर एक हुई 6 से अधिक छोटी बड़ी घटनाओं से पता चलता है. शहर में चोर और बदमाशों का खौफ लगातार बढ़ता जा रहा है. बदमाश तो इस कदर बेखौफ हो गए हैं कि उन्होंने पुलिस की नकली वर्दी पहन कर आम लोगों को लूटना शुरू कर दिया है. जलपाई मोड की घटना इसकी बानगी है. इस मामले में पुलिस ने अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है.
चोरों और बदमाशों के आतंक से आम आदमी तो आम आदमी, व्यापारी और अधिकारी भी चिंतित व परेशान हैं. सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस कोई ठोस व्यवस्था नहीं कर पा रही है. सीसीटीवी की मौजूदगी में बदमाशों ने दवा दुकान का शटर तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया. अब सिलीगुड़ी जंक्शन इलाके के एक होटल को चोरों ने निशाना बनाया. चोर शटर तोड़े बिना ही ऊपर बनी संकड़ी खाली जगह से अंदर घुसकर कैश बॉक्स में रखे करीब ₹30000 उड़ा ले गए.
सिलीगुड़ी के रेगुलेटेड मार्केट में पिछले दिनों सेब से लदे एक ट्रक चालक को चाकू दिखाकर तीन बदमाशों ने कई कार्टून सेब खाली करा लिए. हालांकि पुलिस ने तीनों बदमाशों को धर दबोचा है. लेकिन इस घटना ने व्यवसाईयों की नींद उड़ा दी है. व्यवसायी पुलिस से सुरक्षा की मांग कर रहे हैं. पकड़े गए कथित चोर सिलीगुड़ी के निकट पोकाईजोत, इंदिरापली और वार्ड नंबर 1 गुरुंग बस्ती के रहने वाले हैं.
सिलीगुड़ी के पंजाबी पाड़ा से पुलिस ने अमरनाथ जायसवाल नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. उस पर आरोप है कि उसने रेल यात्रा के दौरान अपने सहयात्री से 2 किलो सोने की चोरी की है. यह मामला चेन्नई की तोबरम रेलवे पुलिस में दर्ज किया गया था. सिलीगुड़ी पुलिस के सहयोग से चेन्नई पुलिस व्यक्ति को गिरफ्तार कर चेन्नई ले गई है.
शनिवार की सुबह भक्ति नगर थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला के गले से सोने की चेन छीनकर चोर फरार हो गया. महिला ने भक्ति नगर थाने में इसकी रिपोर्ट भी दर्ज करा दी है. लेकिन अभी तक पुलिस छिनताईकारी को पकड़ नहीं पाई है. पुलिस ने सिलीगुड़ी से ही एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो ग्रामीण और बस्ती क्षेत्र के भोले भाले लोगों को अपने जाल में फंसाकर उन्हें प्रलोभन देकर उनके आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर कार्ड आदि हासिल करता था.
कुछ बैंक कर्मियों की मिली भगत से इन दस्तावेजों से बैंकों में खाता खोला जाता था, जिसका इस्तेमाल साइबर ठगी में किया जाता था. ये कुछ उदाहरण हैं जो पिछले तीन-चार दिनों में सिलीगुड़ी के अलग-अलग इलाकों में प्रकाश में आए हैं. क्या कारण है कि इन दिनों सिलीगुड़ी में आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं? क्या अपराधियों को पुलिस और कानून का कोई खौफ नहीं रहा? या क्या सिलीगुड़ी में कानूनी एवं व्यवस्था की स्थिति खराब होती जा रही है?
हालांकि अपराध सिलीगुड़ी में पहले भी हुए हैं. लेकिन जिस तरह से अपराधियों में पुलिस और कानून का कोई खौफ नहीं रहा, वह वास्तव में चिंता का विषय है. ताकि स्थिति और खराब ना हो, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को तुरंत ही सिलीगुड़ी में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति को मजबूत बनाने के लिए तुरंत ठोस कदम उठाने की जरूरत है.
