October 23, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

माटीगाड़ा के एक नर्सिंग होम में काम करने वाली नर्स की कैसे हुई मौत?

माटीगाड़ा इलाके में छोटे बड़े कई नर्सिंग होम हैं. यहां अनेक लड़कियां सामान्य ट्रेनिंग लेकर नर्स के रूप में काम करती हैं. नर्स की जिंदगी बड़ा कठिन होती है. उन्हें मरीज और मरीज के रिश्तेदारों के मिजाज को भांपना, तीमारदारी तथा मेडिकल संतुलन की स्थिति पैदा करना होता है.

इस क्रम में देखा गया है कि कई बार नर्स के मरीज अथवा मरीज के रिश्तेदारों से भावनात्मक संबंध बन जाता है. यह भावनात्मक संबंध कभी-कभी प्रेम का स्वरूप ले लेता है. हालांकि इसका आधार काफी कमजोर होता है. माटीगाड़ा के एक निजी नर्सिंग होम में कालिमपोंग की रहने वाली एक युवती नर्स के रूप में काम करती थी.

पुलिस की प्रारंभिक तफ्तीश, उपलब्ध साक्ष्य तथा अन्य सूत्रों के अनुसार नर्सिंग होम में काम करने वाली मृतका नर्स का भावनात्मक संबंध एक युवक से बन गया था, जो बाद में प्रेम में बदल गया. इस प्रेम की आड़ में दोनों के शारीरिक संबंध बन गए. युवक कर्सियांग के बेलदार कस्बे का रहने वाला है. उसका नाम अभिषेक ठाकुरी है.

अभिषेक ठाकुरी और मृतका नर्स का संबंध पिछले 3 महीने से चल रहा था. अभिषेक बराबर मृतका से मिलने आता रहता था. सूत्रों के अनुसार मृतका सुकना में रहती थी. वह नर्सिंग होम की ड्यूटी खत्म करने के बाद रोजाना कर्सियांग स्थित अपने परिजनों से फोन पर बात करती थी. लेकिन 19 अक्टूबर को मृतका की अपने घर वालों से बात नहीं हो सकी. जब अगले दिन भी घर वालों से बेटी की बात नहीं हो सकी, तो घर वालों को उसकी चिंता होने लगी.

चिंतातुर परिजन तुरंत ही सुकना, शिव मंदिर रवाना हो गए. लेकिन जब वे घटनास्थल पहुंचे तो वहां का नजारा दिल दहला देने वाला था. उनकी बेटी अब इस दुनिया में नहीं थी. उसने सुसाइड कर लिया था. उसने सुसाइड क्यों किया? सुसाइड करने से पहले मृतका ने तीन पन्नों का एक नोट तैयार किया था, जिसमें सुसाइड की वजह तथा अन्य दूसरी बातों का उल्लेख था.

सुसाइड नोट में जिन बातों का उल्लेख किया गया है, उसके अनुसार मृतका ने अपने जिस आशिक को अपना तन मन धन सब कुछ सौंप दिया था, उस आशिक ने उसे कहीं का नहीं छोड़ा था.मृतका गर्भवती थी. उसके प्रेमी ने उससे बाकायदा विवाह करने का वादा किया था. लेकिन उसने उसे धोखा दिया.

अभिषेक ठाकुरी की नजर केवल प्रेमिका की देह पर ही टिकी थी. मृतका को यकीन था कि उसका प्रेमी जब उसके गर्भवती होने का समाचार सुनेगा, तो उसे अपना कर उसकी संतान को पिता का नाम देने के लिए तैयार हो जाएगा.इसलिए वह खुश थी. लेकिन प्रेमी के दिमाग में कुछ और ही चल रहा था

जब मृतका ने अपने प्रेमी से मिलकर स्वयं के गर्भवती होने की बात बताई तो वह खुश होने के बजाय उससे किनारा करने लगा. उसने साफ-साफ बता दिया कि वह उससे विवाह नहीं कर सकता. इसके बाद मृतका के पास सुसाइड के अलावा कोई चारा नहीं रह गया था. सुसाइड नोट में इस बात का भी उल्लेख है कि उसका प्रेमी उसके वेतन पर मौज करता था.

सुसाइड नोट के अनुसार ही मृतका को बाद में पता चला कि उसके प्रेमी के अन्य लड़कियों से भी संबंध हैं. सच्चाई सामने आने के बाद मृतका पूरी तरह टूट गई और उसने खुद को मिटा लिया. उसने 19 अक्टूबर को अपने जीवन लीला समाप्त कर ली. इस घटना के दो दिन बाद उसके परिजनों ने सुकना पुलिस आउटपोस्ट में प्राथमिकी दर्ज करवाई. इसमें अभिषेक ठाकुरी को आरोपी बनाया गया था. पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की प्रारंभिक छानबीन की और मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल भेज दिया.

सुकना पुलिस ने आरोपी अभिषेक ठाकुरी को गिरफ्तार करने के लिए तकनीकी कार्रवाई की और उसके मोबाइल का लोकेशन ट्रेस करते हुए उसे सुबह लगभग 3:00 बजे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उसे दार्जिलिंग कोर्ट में पेश करके पूछताछ के लिए चार दिनों की पुलिस रिमांड पर लिया है.

फिलहाल अभिषेक ठाकुरी पुलिस रिमांड में है. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है. पुलिस सच्चाई का पता लगाने में जुट गई है. घटनास्थल वाले कमरे को सील कर दिया गया है तथा अन्य जरूरी साक्ष्य को पुलिस ने जांच के लिए कब्जे में ले लिया है.

इस बीच मेडिकल कॉलेज में मृतका का पोस्टमार्टम हो चुका है और उसके शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट का पुलिस इंतजार कर रही है. पुलिस ने इस घटना की विभिन्न एंगल से जांच करनी शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाना चाहती है कि आखिर घटना के समय ऐसा क्या हुआ कि नर्स ने मौत को गले लगा लिया? क्या घटना से पहले दोनों के बीच विवाद भी हुआ था? पुलिस अभिषेक ठाकुरी से पूछताछ कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *