सिलीगुड़ी समेत राज्य में नौकरी की तलाश में दर-दर ठोकर खा रहे शिक्षित बेरोजगार युवाओं का भाग्य उदय होने वाला है. राज्य सरकार 1 लाख युवाओं को स्थाई नौकरी देने जा रही है. जिन्हें नौकरी नहीं मिलेगी, उन सभी को हर महीने ₹2000 से लेकर ₹3000 तक मिलते रहेंगे, जब तक कि उन्हें नौकरी नहीं मिल जाती है.मुख्यमंत्री सुबेंदु अधिकारी ने डंके की चोट पर यह बात कही है.
अगर आप बंगाल के निवासी हैं, स्नातक उत्तीर्ण हैं, नौकरी नहीं मिल रही है, नौकरी के लिए धक्के खा रहे हैं, जेब में पैसे नहीं है तो चिंता ना करें. सरकार हर महीने आपकी जेब में ₹3000 डालने जा रही है, ताकि आप माता-पिता पर अतिरिक्त बोझ न बन सके. इन पैसों से नौकरी के लिए आवेदन कर सकते हैं, इंटरव्यू के लिए ट्रैवलिंग कर सकते हैं. या आवेदन की लागत निकाल सकते हैं.
पश्चिम बंगाल सरकार की इस योजना का नाम भरोसा योजना है. चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में इसका उल्लेख किया था. सरकार बनने के बाद राज्य सरकार धीरे-धीरे घोषणा पत्र में उल्लिखित एक-एक बिंदुओं को लागू करती जा रही है. हालांकि भरोसा योजना को सितंबर-अक्टूबर में ही अन्नपूर्णा योजना के साथ ही लागू कर देने की बात थी. पर कुछ तकनीकी कारणों से सरकार ने उस समय लागू नहीं किया.
अब भरोसा योजना को पश्चिम बंगाल की शुभेंदु अधिकारी की सरकार जनवरी से लागू करने जा रही है. स्वयं मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने हुगली जिले में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम में इस बात की घोषणा की है. सूत्रों ने बताया कि 23 नवंबर को राज्य मंत्रिमंडल में इस संबंध में एक प्रस्ताव मंजूरी के लिए लाया जाएगा. कैबिनेट की स्वीकृति मिलने के बाद भरोसा योजना की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. उम्मीद की जा रही है कि 1 जनवरी 2027 से पोर्टल शुरू हो जाएगा.
मिली जानकारी के अनुसार राज्य सरकार राज्य के आवेदकों से ऑनलाइन के जरिए आवेदन मांग सकती है. मुख्यमंत्री सुबेंदु अधिकारी राज्य के पहले मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने सत्ता में आते ही एक-एक करके भाजपा के घोषणा पत्र को लागू करना शुरू कर दिया है. भरोसा योजना के पात्र आप हो सकते हैं, अगर आपकी उम्र 21 साल से लेकर 45 साल के बीच की है. इसमें आपको कुछ शर्तों का पालन करना होगा तभी आप इस योजना के पात्र हो सकते हैं.
अगर आप निम्नलिखित शर्तों का पालन करते हैं तो आप इस योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं. आपके परिवार की सालाना आमदनी एक लाख से कम होनी चाहिए. अगर आप राज्य की अन्य सामाजिक सुरक्षा योजना का लाभ उठा रहे हैं तो कुछ मामलों में आपको मासिक बेरोजगारी भत्ता का लाभ नहीं मिलेगा. इसके अलावा स्नातक की मार्कशीट, उम्र प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड आदि दस्तावेज भी आपके पास होने चाहिए.
आपको बताते चलें कि भरोसा योजना के अंतर्गत पात्र स्नातक बेरोजगार युवाओं को सरकार हर महीने ₹3000 देगी जबकि गैर स्नातक युवाओं को हर महीने ₹2000 मिलेंगे. और भी कई छोटी-छोटी शर्ते हैं, जिनका पालन करना होगा. सबसे अहम है कि आपका खाता डीबीटी से लिंक होना चाहिए. क्योंकि सरकार सीधे आपके आधार कार्ड नंबर से ही पैसे ट्रांसफर करेगी.
अगर आप सरकार की सभी शर्तो को पूरा करते हैं तो चिंता की कोई बात नहीं है. राज्य सरकार आपके साथ खड़ी है, जब तक कि आपको नौकरी न मिल जाए. आपको यह भत्ता मिलता रहेगा. राज्य सरकार का लक्ष्य है कि अगले साल 8 मई तक राज्य के एक लाख युवाओं को स्थाई नौकरी दे सके. वर्तमान में विभिन्न सरकारी विभागों में 63000 से ज्यादा पद रिक्त पड़े हैं. इनमें से 60 हजार से अधिक पद स्थाई नियुक्तियों के हैं.
सिलीगुड़ी समेत राज्य के बेरोजगार पात्र युवाओं को नौकरी लेने के लिए ना तो किसी सिफारिश की आवश्यकता होगी और ना ही रिश्वत देनी होगी. यह पूरी तरह पारदर्शी होगी. अगर आपके अंदर योग्यता और प्रतिभा है तो आप राज्य सरकार के विभागों में स्थाई/अस्थायी नौकरी प्राप्त कर सकते हैं. पंचायत विभाग के लिए सरकार ने पहले ही 7000 से अधिक कर्मचारियों की भर्ती करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
