दीपावली और काली पूजा बीतने के साथ ही सिलीगुड़ी में छठ पूजा की तैयारियां घाटों से लेकर घरों तक देखी जा रही हैं. एक तरफ सिलीगुड़ी नगर निगम और सिलीगुड़ी जलपाईगुड़ी विकास प्राधिकरण की ओर से विभिन्न घाटों पर साफ सफाई का काम जोर-शोर से चल रहा है, तो दूसरी तरफ घर-घर में महिलाएं छठ पूजा के लिए घरों की साफ सफाई से लेकर ठेकुआ बनाने के लिए गेहूं बीनने, धोने और सूखाने की पूर्व तैयारी शुरू कर दी है. इसी गेहूं के आटे से अर्घ्य देने के लिए ठेकुआ तैयार किया जाता है.
चार दिवसीय छठ व्रत शुक्रवार से शुरू हो रहा है. शुक्रवार को नहाए खाए, शनिवार को खरना, रविवार को संध्या अर्घ्य जबकि सोमवार को प्रातः कालीन अर्घ्य देने के साथ ही पर्व का समापन हो जाएगा. यह अत्यंत कठिन व्रत है. शास्त्रों में इसका काफी महत्व है. छठ महापर्व को लेकर अनेक कथाएं कही जाती हैं. वैज्ञानिक तौर पर यह पर्व सामाजिक सद्भाव, प्रेम, एकता और प्रकृति के प्रति समर्पण का भी प्रतीक है.
छठ महापर्व के लिए सिलीगुड़ी के विभिन्न बाजारों में खरीद बिक्री बढ़ गई है. इस महापर्व के लिए दौरा, सूप,नारियल, नींबू, केला समेत अनेक तरह के फलों की आवश्यकता होती है. चंपासारी, विधान मार्केट, महावीर स्थान, सिलीगुड़ी टाउन स्टेशन बाजार और विभिन्न छोटे बड़े बाजारों में छठ पूजा के काम में आने वाले सामानों की बिक्री देख सकते हैं.
