क्या आप लूडो खेलते हैं? अगर हां तो जल्द ही आपके घर टीएमसी का एक नया लूडो पहुंचाया जाएगा. अगर आप लूडो नहीं खेलते हैं तो इस नए लूडो को देखने के बाद आप लेने के लिए मजबूर हो जाएंगे. और यकीन करिए कि यह नया लूडो आपको मुफ्त मिलेगा. आपका मनोरंजन भी होगा और टीएमसी का प्रचार भी. बहुत जल्द यह नया लूडो आपके घर पर दस्तक देने वाला है.
टीएमसी इस बार नई सोच और नयी रणनीति के तहत चुनाव प्रचार के मैदान में उतर रही है. पार्टी को लगता है कि यह एक ऐसा हथियार होगा, जो जन संपर्क से भी ज्यादा प्रभावशाली होगा. पार्टी सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार टीएमसी के नेता इस नए हथियार को पाकर काफी खुश और संतुष्ट हैं. लॉन्च करने से पहले पार्टी इस पर खूब सोच विचार कर लेना चाहती है तथा इसके विभिन्न पहलुओं का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त कर लेना चाहती है.
टीएमसी का पूरा आईटी सेल इस काम में जुटा हुआ है. टीएमसी का आई टी सेल इस बार ममता बनर्जी को चुनाव जिताने के लिए लूडो का आविष्कार कर चुका है. पिछली बार द्वारा 2021 के विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी ने खेला होबे का नारा दिया था. यह काफी लोकप्रिय साबित हुआ और तृणमूल कांग्रेस को सफलता दिलाने में काफी महत्वपूर्ण साबित हुआ. ममता बनर्जी अपनी सभाओं और रैलियो में एक फुटबॉल हाथों से पकड़ कर उछाल देती थी, जो मतदाताओं को काफी पसंद आता था.
इस बार उनके आईटी सेल ने फुटबॉल की जगह पर लूडो का श्री गणेश कर दिया है. टीएमसी का यह नया हथियार पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को काफी पसंद आ रहा है. लूडो का आविष्कार करते हुए आईटी सेल ने ग्रामीण मतदाताओं का खास ध्यान रखा है. खासकर उन मतदाताओं का जो बुजुर्ग हो चुके हैं और घर पर पड़े रहते हैं या फिर वे महिलाएं जो घरों में पड़ी रहती हैं और लूडो आदि खेल के जरिए समय व्यतीत करती हैं. जिन्हें फुर्सत ही फुर्सत रहती है.
टीएमसी की ओर से उन्हें लूडो भेंट किया जाएगा. पार्टी का नया लूडो मतदाताओं को नए तरीके से खेल सिखाएगा. बोर्ड में सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को सीढी के रूप में दिखाया गया है. राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजना का मुख और नाम सीढ़ी पर होगा, जो तेजी से सीढ़ी चढ़कर आगे बढ़ेगा. दूसरी तरफ लूडो में सांप भी होगा. सांप को भाजपा और केंद्र सरकार के रूप में दिखाया गया है. इस लूडो खेल के जरिए टीएमसी यह संदेश देने की कोशिश करेगी कि केंद्र सरकार ने बंगाल के साथ हमेशा धोखा किया है. केंद्र की नीतियों से राज्य का भारी नुकसान हो रहा है. यह विशेष प्रकार का लूडो होगा, जिसमें राज्य सरकार की संबंधित लोक कल्याणकारी जैसे लक्ष्मी भंडार, युवा श्री, आदि योजनाओं की संक्षिप्त जानकारी भी होगी.
इस विशेष प्रकार के लूडो में दो मुंह वाले सांप भी हैं. जहां-जहां दो मुंह वाले सांप हैं, वहां प्रदेश से लेकर शीर्ष केन्द्रीय भाजपा नेताओं के चित्र बनाए गए हैं. इन चित्रों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह के अलावा प्रदेश स्तर के नेता सुवेंदु अधिकारी, सुकांत मजूमदार ,शमिक भट्टाचार्य, दिलीप घोष आदि के नाम शामिल हैं. हालांकि टीएमसी ने अभी तक इस लूडो को आधिकारिक तौर पर जारी नहीं किया है. पर पार्टी के नेताओं का मानना है कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में यह पार्टी का व्यापक प्रचार करेगा. खासकर ग्रामीण बुजुर्ग महिला पुरुषों में यह जनसंपर्क का एक अच्छा माध्यम बनेगा.
क्योंकि एक तो लोगों को खेलने के लिए फ्री में लूडो मिल जाएगा. और दूसरा इस लूडो के जरिए टीएमसी का प्रचार भी होगा. टीएमसी के कुछ नेताओं का मानना है कि लूडो के जरिए रचनात्मकता और जनसंपर्क का एक अच्छा माध्यम होगा. इससे एक तरफ राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में मतदाताओं में जागरूकता फैलेगी तो दूसरी तरफ भाजपा और केंद्र सरकार की गलत नीतियों के बारे में लोग जान सकेंगे.
बहरहाल देखना होगा कि टीएमसी की ओर से इसे कब तक लांच किया जाता है और क्या खेला होबे की तरह लूडो का यह नया हथियार खेल होबे 2 पार्ट की सफलता को रचने में सफल सिद्ध होगा?

