June 6, 2025
Sevoke Road, Siliguri
लाइफस्टाइल उत्तर बंगाल सिलीगुड़ी

सिलीगुड़ी में मेयर के बयान के बावजूद वर्दमान रोड पर रूफ टॉप रेस्तरां की खबर, उठ रहे सवाल !

सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी नगर निगम के मेयर द्वारा हाल ही में दिए गए बयान में स्पष्ट रूप से कहा गया था कि, शहर में किसी भी इमारत की छत का व्यावसायिक उपयोग नहीं किया जा सकता। इसके बावजूद, वर्दमान रोड पर स्थित एक इमारत की छत पर रूफ टॉप रेस्तरां बनाए जाने की खबर ने स्थानीय प्रशासन और नागरिकों के बीच चर्चा का विषय बना दिया है। इस घटना ने नगर निगम के नियमों और उनके पालन को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

सूत्रों के अनुसार, वर्दमान रोड, जो सिलीगुड़ी का एक प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र है, वहां एक बहुमंजिला इमारत की छत पर रूफ टॉप पब एवं रेस्तरां का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। स्थानीय निवासियों और दुकानदारों का कहना है कि, इस रेस्तरां के निर्माण से न केवल मेयर के बयान की अवहेलना हुई है, बल्कि यह आसपास के क्षेत्र में यातायात और सुरक्षा से संबंधित समस्याएं भी पैदा कर सकता है।

नाम न बताने की शर्त पर एक स्थानीय निवासी ने बताया, “मेयर ने साफ कहा था कि, छत का व्यावसायिक उपयोग गैरकानूनी है। फिर यह रेस्तरां कैसे बन रहा है? क्या नगर निगम इसकी अनदेखी कर रहा है या फिर इसके पीछे कोई और कारण है?” कई लोगों का मानना है कि, इस तरह की गतिविधियां नगर निगम के नियमों के उल्लंघन के साथ-साथ शहर की योजना और सुरक्षा मानकों को भी प्रभावित कर सकती हैं।

हालांकि, इस मामले में अभी तक सिलीगुड़ी नगर निगम की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। कुछ जानकारों का कहना है कि, रेस्तरां के मालिक ने संभवतः विशेष अनुमति प्राप्त की हो, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है। दूसरी ओर, कुछ लोगों का यह भी कहना है कि, इस तरह की गतिविधियां शहर में अवैध निर्माण और अतिक्रमण की समस्या को और गंभीर बना सकती हैं।

गौरतलब है कि, सिलीगुड़ी, जिसे “पूर्वोत्तर भारत का प्रवेश द्वार” कहा जाता है, तेजी से विकास कर रहा है। लेकिन इसके साथ ही अवैध निर्माण और नियमों के उल्लंघन की शिकायतें भी बढ़ रही हैं। हाल ही में, नगर निगम ने शहर के विभिन्न हिस्सों में अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया था, लेकिन इस तरह की घटनाएं प्रशासन की सख्ती पर सवाल उठाती हैं।

जानकारों का मानना है कि,छतों का व्यावसायिक उपयोग न केवल सुरक्षा के लिए खतरा है, बल्कि यह पर्यावरण और शहरी नियोजन के लिए भी हानिकारक हो सकता है। नगर निगम को इस मामले की तुरंत जांच करनी चाहिए और नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना चाहिए।

वर्दमान रोड पर रूफ टॉप रेस्तरां के निर्माण की खबर ने, न केवल स्थानीय निवासियों बल्कि व्यापारियों और सामाजिक संगठनों का ध्यान भी खींचा है। अब सभी की नजरें सिलीगुड़ी नगर निगम पर टिकी हैं कि, वह इस मामले में क्या कदम उठाता है। क्या मेयर के बयान को लागू करने के लिए कोई ठोस कार्रवाई होगी, या यह मामला भी अन्य अनियमितताओं की तरह अनदेखा रह जाएगा? यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *