February 12, 2026
Sevoke Road, Siliguri
siliguri crime newsupdate sad news siliguri metropolitan police

माटीगाड़ा नाबालिग छात्र हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार! सिलीगुड़ी अदालत परिसर में मृतक के परिजनों का हंगामा!

Matigara minor student murder suspect arrested! Victim's family creates ruckus in Siliguri court premises

सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश करने के लिए माटीगाड़ा पुलिस उस समय किशोर छात्र के हत्यारोपी राज पासवान को लेकर आ रही थी. तभी कोर्ट परिसर के बाहर जमा मृतक छात्र के परिजन और पड़ोसी पुलिस सुरक्षा घेरा को तोड़कर आरोपी राज पासवान की ओर बढ़े और आरोपी को उनके हवाले करने की मांग में पुलिस के साथ धक्का मुक्की करने लगे.

पुलिस ने कोर्ट परिसर के बाहर सुरक्षा का व्यापक इंतजाम किया था. लेकिन दूसरी तरफ मृतक छात्र के परिजन राज पासवान को देखते ही अपना आप खो बैठे और पुलिस से ही जूझ गए. बड़ी मुश्किल से पुलिस ने उत्तेजित लोगों को शांत कराया और आरोपी को कोर्ट के भीतर ले गई.

सिलीगुड़ी से सटे माटीगाड़ा इलाके में 15 वर्षीय नाबालिग छात्र शुभजित मोदक हत्याकांड की गूंज सुनाई पड़ रही है. मृतक के परिजन आरोपी राज पासवान को फांसी देने की मांग कर रहे हैं. छात्र की हत्या करने के बाद राज पासवान भूमिगत हो गया था. पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी तथा उसकी तलाश में अपने मुखबिर लगा दिये थे.

मंगलवार को अपने मुखबिर के जरिए पुलिस को पता चला कि राज पासवान कावाखाली इलाके में है और वह सिलीगुड़ी से फरार होना चाहता है. तभी माटीगाड़ा पुलिस मौके पर पहुंच गई और राज पासवान को गिरफ्तार कर लिया.

यह कहानी दो दोस्तों के बीच एक लड़की से प्रेम प्रसंग की है. दोस्तों के नाम राज पासवान उर्फ राजा तथा शुभजित मोदक है. दोनों ही दोस्त माटीगाड़ा के सिमुलतला इलाके में रहते थे. राजा सिमुलतला में अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहता था. वह टोटो चलाता था. शुभजित मोदक दसवीं कक्षा में पढ़ता था. वह 15 साल का था. जबकि राजा 24 साल का. दोनों ही दोस्तों के जीवन में जब एक लड़की आई तो उसे अपना बनाने के चक्कर में उनके बीच दुश्मनी उत्पन्न हो गई.

करीब एक महीना पहले उनके बीच जमकर झगड़ा भी हुआ था. मृतक छात्र ने राजा को एक तमाचा भी जड़ दिया था. राजा चाहता था कि शुभजित लड़की के मार्ग में नहीं आए. लेकिन शुभजित इसके लिए तैयार नहीं था. तब राजा ने शुभजित की हत्या करने का ही प्लान बना लिया. शुभजित की मौत के लिए 7 फरवरी निर्धारित किया गया. अपनी योजना में राजा ने एक और लड़के को शामिल किया. इसके बाद उसने शुभजित को घूमने के बहाने फोन करके बुलाया और उसे टोटो में बैठाकर पहले खपरैल बाजार ले गया.

तब तक अंधेरा हो चुका था. वहां से राजा शुभजित को न्यू चामटा चाय बागान ले गया. रास्ते में ही उसने शुभजित की पिटाई की. फिर बेल्ट से उसका गला घोट कर उसकी हत्या कर दी. तत्पश्चात शव को चाय बागान में ऐसी जगह फेंक आया, जहां लोगों का आना-जाना नहीं था.

इस हत्याकांड का खुलासा उस लड़के ने किया, जो राजा के साथ अंतिम समय तक था. पुलिस ने मृतक छात्र के मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगालने के बाद उक्त लड़के को अपनी हिरासत में लिया था. हालांकि लड़के ने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन कड़ी पूछताछ के बाद उसने इस हत्याकांड के रहस्य पर से पर्दा हटा दिया.

इस हत्याकांड को लेकर मृतक के परिजनों ने खूब हंगामा किया. तीन दिनों तक माटी गाड़ा इलाका गूंजता रहा. हत्यारे की गिरफ्तारी से लेकर उसे फांसी देने की मांग को लेकर इलाके के लोगों ने पोस्टमार्टम के बाद मृतक की लाश को राष्ट्रीय राजमार्ग 10 पर रखकर काफी समय तक प्रदर्शन किया. पुलिस के आश्वासन देने के बाद उनका पथ अवरोध और प्रदर्शन शांत हुआ था और आज माटीगाड़ा पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी राज पासवान उर्फ राजा को हिरासत में लेकर कोर्ट में पेश कर दिया .

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *