April 13, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स gautam deb gautam dev good news newsupdate siliguri TMC TRINAMOOL CONGRESS

सिलीगुड़ी के लिए तृणमूल के पिटारे में क्या है? अगर गौतम देव चुनाव जीत जाते हैं तो सिलीगुड़ी का क्या स्वरूप होगा? क्या सिलीगुड़ी बनेगा स्मार्ट सिटी?

What does Trinamool Congress have in store for Siliguri? What will Siliguri look like if Gautam Dev wins the election? Will Siliguri become a smart city?

जिस तरह से सिलीगुड़ी के मौसम के बारे में कोई भविष्यवाणी नहीं की जा सकती है, ठीक उसी प्रकार से सिलीगुड़ी विधानसभा सीट की भविष्यवाणी नहीं की जा सकती है. मुख्य रूप से भारतीय जनता पार्टी और टीएमसी के बीच होने जा रहे मुकाबले के लिए शह और मात का खेल जारी है. कभी टीएमसी भारी तो कभी बीजेपी. इस बीच दोनों दलों के उम्मीदवारों के द्वारा चुनाव जीतने के बाद सिलीगुड़ी के विकास के लिए अगले 5 वर्षों में क्या-क्या किए जाएंगे, जनता से वादे किए जा रहे हैं.

भाजपा और टीएमसी के बीच चल रही नूराकुश्ती के बीच टीएमसी उम्मीदवार गौतम देव, जो सिलीगुड़ी नगर निगम के मेयर भी हैं, के समर्थन में टीएमसी के द्वारा सिलीगुड़ी के विकास लिए एक संकल्प पत्र जारी किया गया है, जो चर्चा का विषय बना है. अगर गौतम देव चुनाव जीत जाते हैं तो वह सिलीगुड़ी के लिए क्या-क्या करेंगे. उनके संकल्प पत्र में कुछ प्रमुख घोषणाएं की गई है जो सिलीगुड़ी की जनता पर कितना प्रभाव डालेगी, यह तो चुनाव मतगणना के दिन ही पता चलेगा.

पर जनता तो यही सवाल कर रही है कि मेयर साहब, आप सिलीगुड़ी नगर निगम के मेयर है. राज्य में आपकी सरकार रही है. ऐसे में आप चुनाव जीतने पर 5 सालों में सिलीगुड़ी के विकास के लिए किए जाने वाले कार्य की बात करते हैं! क्या यह कार्य आपको पहले नहीं करना चाहिए? बहरहाल टीएमसी का सिलीगुड़ी के लिए विजन प्लान सुर्खियों में है. टीएमसी ने सिलीगुड़ी को आधुनिक और सुव्यवस्थित स्मार्ट सिटी बनाने के लिए जो खाका या मानचित्र पेश किया है, उसके अनुसार अगले 5 वर्षों में सिलीगुड़ी के बुनियादी ढांचे से लेकर परिवहन, बाजार, आवास और पर्यावरण से जुड़े कई बड़े क्षेत्र में बदलाव किए जाएंगे.

तो चलिए टीएमसी के मुख्य संकल्प और घोषणाएं आप भी जान लीजिए. नंबर एक सेवक रोड से सूर्य सेन पार्क होते हुए हिलकार्ट रोड के समानांतर एक एलिवेटेड ब्रिज का निर्माण किया जाएगा. नंबर दो, सिलीगुड़ी के बाबूपाड़ा मार्केट कांप्लेक्स का आधुनिकीकरण और पुनर्निर्माण किया जाएगा. नंबर 3, अगर सिलीगुड़ी से टीएमसी का प्रत्याशी चुनाव जीतता है, तो चाहे सिलीगुड़ी नगर निगम के स्तर पर हो अथवा राज्य स्तर पर, परिवहन से लेकर व्यापार आदि क्षेत्रों में व्यापक बदलाव किया जाएगा.

सिलीगुड़ी बस टर्मिनस दार्जिलिंग मोड ले जाया जाएगा. इसी तरह से टीएमसी के विजन में नौका घाट के पास तीन बत्ती मोड पर उत्तर बंगाल परिवहन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन बनाए जाने का संकल्प किया गया है. पर्यावरण के स्तर पर भी टीएमसी ने सिलीगुड़ी की जनता से कुछ वादे किए हैं. इन बातों में सिलीगुड़ी की नदियों का उद्धार शामिल है. सिटी रिवर मैनेजमेंट प्रोजेक्ट के तहत महानंदा नदी का संरक्षण तथा उसके किनारे सौन्दर्यीकरण के साथ ही walkway तैयार किया जाएगा.

टीएमसी के सिलीगुड़ी के लिए विज़न में टीएमसी की ओर से जो संकल्प किए गए हैं, उनमें विधान मार्केट की चर्चा इसलिए करनी चाहिए क्योंकि विधान मार्केट के आधुनिक विकास को लेकर इससे पहले भाजपा ने भी बड़ी-बड़ी बातें कही थी. अगर टीएमसी सत्ता में आती है तो विधान मार्केट बाजार के दुकानदारों को उनकी दुकान के स्वामित्व संबंधी मुद्दों को सुलझाया जाएगा. सिलीगुड़ी नगर निगम विधान मार्केट के दुकानदारों की समस्याओं को राज्य सरकार के समक्ष उठाएगी और उसका समाधान किया जाएगा.

टीएमसी के अगले वादे में कहा गया है कि अगर राज्य में दोबारा सरकार बनती है तो टीएमसी सिलीगुड़ी और आसपास की कच्ची बस्तियों तथा सरकारी जमीन पर रहने वाले लोगों को जमीन का पट्टा प्रदान करेगी. उपरोक्त के अलावा कंचनजंगा स्टेडियम का आधुनिकीकरण तथा ऋचा घोष के नाम पर नया स्टेडियम निर्माण आदि पुरानी बातें हैं, जिसको लेकर गौतम देव पूर्व में भी घोषणा कर चुके हैं.

गौतम देव ने कुछ समय पहले यह भी कहा था कि सिलीगुड़ी में कोर्ट परिसर का निर्माण किया जाएगा. इस घोषणा पत्र में भी वही सब बातें हैं. इसके अलावा कॉलोनी में आवासीय परिसर संरक्षित करने की भी बात कही गई है. अब देखना है कि टीएमसी के इस विजन प्लान के बाद भाजपा का सिलीगुड़ी के लिए विजन प्लान क्या सामने आता है. पर एक बात के लिए टीएमसी को दाद देनी होगी कि उसके सिलीगुड़ी के विजन प्लान में विकास का कोई भी कोना अछूता नहीं रखा गया है. सवाल यह है कि क्या कथनी और करनी दोनों पूरी होगी? कहीं यह घोषणा पत्र बनकर ना रह जाए? टीएमसी के इस विजन प्लान को आप कैसे देखते हैं, हमें जरूर बताइएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *