सिलीगुड़ी, समतल, पहाड़ और Dooars की अन्नपूर्णा भंडार की लाभार्थी महिलाओं के चेहरे तब खुशियों से खिल उठे, जब उन्होंने अपना खाता चेक किया. कुछ महिलाओं ने बैंकों में जाकर अपने बैंक खातों को अपडेट करवाया या फिर कुछ महिलाओं को अन्नपूर्णा पैसा जमा होने के मैसेज भी उनके मोबाइल फोन पर आए.
आज दोपहर से ही महिलाओं के चेहरे पर खुशी देखी गई. पूजा के मौके पर अचानक राज्य सरकार के द्वारा उनके बैंक खाते में ₹3000 जमा कराने की जो खुशी थी, उसे उन्होंने सरकार का सबसे बड़ा पूजा तोहफा के रूप में स्वीकार किया है. इसकी उन्हें जितनी बड़ी खुशी है, वह अनायास लाखों का खजाना मिलने पर भी नहीं होती!
सिलीगुड़ी की अनेक महिलाओं ने बताया कि वे बाजार में पूजा की खरीददारी कर रही थी. इसी समय उन्हें पता चला कि अन्नपूर्णा का का पैसा आना शुरू हो गया है. सीमा ने बताया कि वह घर से निकलकर बाजार जा रही थी. अचानक उसकी पड़ोसन ने बताया कि अन्नपूर्णा भंडार का पैसा आना शुरू हो गया है. तुम भी अपना मोबाइल चेक कर लो.
रश्मि देवी नामक महिला ने बताया कि उस समय वह नया बाजार में थी, जब उनकी बेटी ने फोन करके बताया कि एक बार अपना अकाउंट चेक कर लो. अन्नपूर्णा भंडार का पैसा आना शुरू हो गया है. पड़ोस में चाची को आया है. महिला ने कहा कि उन्हें विश्वास ही नहीं हुआ. क्योंकि सोशल मीडिया में 17 अक्टूबर को अन्नपूर्णा का पैसा आने की बात कही गई थी. दो दिन पहले ही सरकार पैसे जमा करा देगी, उन्हें उम्मीद नहीं थी.
अन्नपूर्णा भंडार का पैसा महिलाओं को एक सपना की तरह लगता है. कुछ महिलाओं ने अपनी खुशी को इस तरह से व्यक्त किया है जैसे उन्हें लॉटरी का खजाना मिल गया हो. सविता राय ने बताया कि अन्नपूर्णा का ₹3000 प्राप्त करना उन्हें ₹100000 प्राप्त करने से भी ज्यादा खुशी देता है. यह एहसास उन सभी महिलाओं को भी है जो काफी समय से अन्नपूर्णा का पैसा प्राप्त होने की बाट देख रही थी और इसके लिए उन्होंने काफी संघर्ष भी किया था.
सूत्रों ने बताया कि आज से अन्नपूर्णा का पैसा राज्य की सभी पात्र महिलाओं के खाते में क्रेडिट होना शुरू हो गया है. अगले एक से दो दिनों के भीतर सभी पात्र महिलाओं के खाते में यह पैसा जमा होगा. क्योंकि अन्नपूर्णा का पैसा डीबीटी के जरिए पात्र महिलाओं के खाते में भेजा जा रहा है, ऐसे में किसी महिला के खाते में पहले जमा हो सकता है तो किसी के खाते में देर से जमा होगा. अगर आपके खाते में अन्नपूर्णा का पैसा जमा नहीं हुआ है तो चिंता करने की बात नहीं है. कल तक यह पैसा जरूर जमा हो जाएगा.
आपको बताते चलें कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कुछ समय पहले कहा था कि अक्टूबर महीने में राज्य सरकार सितंबर महीने से ज्यादा पात्र महिलाओं के खाते में अन्नपूर्णा का पैसा जमा करेगी. जाहिर है कि इस श्रेणी में अंडर प्रोसेस अथवा वेरिफिकेशन के बाद लाखों अतिरिक्त महिलाओं के नाम पात्रता की सूची में शामिल किए गए हैं. सूत्र बताते हैं कि अक्टूबर महीने में अन्नपूर्णा का पैसा प्राप्त करने वाली महिलाएं पूरे 5 वर्षों तक नियमित रूप से यह अनुदान प्राप्त करती रहेंगी.
