दार्जिलिंग से लेकर सिक्किम तक बर्फबारी जारी है. संदकफू में हुई बर्फबारी में लगभग 6 इंच तक मोटी बर्फ की चादर बिछ गई है. स॔दकफू सफेद चादर से ढक गया है. यहां पर्यटक रास्ते में ही फंसे हुए हैं. रास्ते पर मलबा जमा था, जिसे साफ करने का प्रयास किया जा रहा था. उधर उत्तरी सिक्किम में भी बर्फबारी के चलते कई रास्ते बंद हो गए थे.
शनिवार की बर्फबारी में चुंगथांग से लाचूंग और मंगन तक छोटे वाहन ही चल रहे थे. जबकि बड़े वाहनों को प्रशासन ने अनुमति नहीं दी थी. कई जगह बिखरे मलबों को रास्ते से हटा दिया गया या हटाने का प्रयास चल रहा था. दोपहर तक बड़े वाहनों के गुजरने की अनुमति नहीं थी. आने वाले दिनों में भी आप यह नजारा देख सकते हैं. इसलिए सावधान रहने की जरूरत है.
सिलीगुड़ी ही नहीं बल्कि पूरे भारत में मौसम का मिजाज बदल चुका है. अचानक से ठंड बढ़ गई है. सिलीगुड़ी में सुबह से ही लोगों ने ठंड की अनुभूति की. यह ठंड दिल्ली में भी देखी गई. सिलीगुड़ी में पिछले कई दिनों से रात में बारिश हो रही है. शनिवार की सुबह और दिन में भी हल्की-फुल्की बारिश हुई. इससे ठंड बढ़ गई. दिल्ली में तो बारिश और तेज हवाओं ने दिल्ली के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की. दिल्ली में शनिवार का दिन पिछले 6 वर्षों में सबसे ठंडा दिन रहा. जबकि सिक्किम, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी का दौर जारी है.
मौसम विभाग की ताजा बुलेटिन में बताया गया है कि अगले कुछ दिनों तक सिलीगुड़ी समेत पूरे भारत के लोगों को मौसम के बदलाव से जूझना होगा. आज कई क्षेत्रों में बारिश हुई है. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम तथा त्रिपुरा में आज बारिश और तेज हवाएं चली है. पूर्वोत्तर भारत में 24 मार्च को भारी बारिश का अनुमान व्यक्त किया गया है. इन राज्यों में असम ,मेघालय और अरुणाचल प्रदेश शामिल है जहां 24 मार्च को भारी बारिश हो सकती है.
जबकि उत्तर बंगाल और सिक्किम में खतरा और भी ज्यादा बढ़ गया है .मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी और मध्य भारत में 21 से लेकर 24 मार्च के बीच तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है. यहां 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है. मौसम का यह बदलाव उड़ीसा, झारखंड और आसपास के इलाकों में भी देखा जा सकता है. यहां बिजली गिरने, ओले पड़ने मेघ गर्जन और तेज हवाएं जनजीवन को अस्त व्यस्त कर सकती है.
मौसम विभाग के बुलेटिन में कहा गया है कि दक्षिण भारत में आज और कल आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु ,केरल और पुडुचेरी में बिजली चमकने और हल्की बारिश के आसार हैं. जबकि पश्चिमी भारत में आज, परसों और तरसों महाराष्ट्र में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा कुछ स्थानों पर ओला वृष्टि भी हो सकती है.
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम ने करवट बदल ली है. पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में लगातार बारिश हो रही है. जहां तापमान सामान्य से 7 से 10 डिग्री तक नीचे चला गया है. उत्तर प्रदेश और बिहार में भी बारिश हुई है. इसके साथ ही तेज हवाएं और गरज के साथ कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई है. इन क्षेत्रों में भी तापमान में 5 से 7 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है. कई इलाकों में मूसलाधार बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
