सिलीगुड़ी समेत पूरे बंगाल की महिलाओं के लिए आज काफी शुभ दिन है. आज नाग पंचमी भी है. बंगाल सरकार ने अपनी प्रस्तावित योजना के अनुसार आज प्रदेश की 1 करोड़ 45 लाख महिलाओं के खाते में अन्नपूर्णा भंडार की राशि डीबीटी के जरिए ट्रांसफर कर दी. इससे महिलाओं में अपार खुशी देखी जा रही है. कई महिलाओं के खाते में राशि पहुंच चुकी है. जबकि कई महिलाओं के खाते में कल तक राशि जमा हो जाएगी.
आपको बताते चलें कि काफी समय से महिलाएं अन्नपूर्णा भंडार का पैसा पाने के लिए परेशान थीं. वे पंचायत, बीडीओ ऑफिस, एसडीओ, नगर पालिका, नगर निगम, पार्टी दफ्तर सभी जगह चक्कर लगा रही थीं. खासकर वे महिलाएं जो जून और जुलाई महीने में अन्नपूर्णा की रकम प्राप्त नहीं कर सकी थीं. उन्हें लग रहा था कि सरकार ने लाभार्थियों की सूची से उनका नाम हटा दिया है. उनके इस भ्रम को बढ़ाने में सोशल मीडिया और फेसबुक के कुछ यूट्यूबर भी जिम्मेवार थे.
पोर्टल पर अपने आवेदन का स्टेटस अंडर इंक्वायरी देखने के बाद ऐसी महिलाओं ने सरकारी बाबुओं और सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था. सिलीगुड़ी, जलपाईगुड़ी, धूपगुडी, लगभग सभी जगह ग्राम पंचायत से लेकर नगर निगम तक प्रदर्शन हुए. जिन महिलाओं को अन्नपूर्णा राशि प्राप्त नहीं हुई, या उनका आवेदन स्वीकृत नहीं हुआ था, उन्होंने इसके लिए बीडीओ और एसडीओ ऑफिस का घेराव किया था.
सोशल मीडिया और फेसबुक पर प्रसारित अलग-अलग यूट्यूबर के चैनल ने महिलाओं की परेशानी और चिंता को बढ़ा दी थी. आज उन्हें अपने खाते में अन्नपूर्णा की रकम जमा देखकर उन्हें इतनी ज्यादा खुशी हो रही है कि वे अब तक की भागदौड, परिश्रम और चिंता सब कुछ भुला चुकी हैं. अगस्त महीने में अन्नपूर्णा की रकम पाने वाली महिला अगले महीने से नियमित रूप से महीने के दूसरे सप्ताह में नियमित रूप से रकम प्राप्त करती रहेगी
जुलाई महीने में बंगाल सरकार ने राज्य की एक करोड़ 20 लाख महिलाओं के खाते में डीबीटी के जरिए तीन हजार रुपए ट्रांसफर किए थे. अगस्त महीने में एक करोड़ 45 लाख महिलाओं के खाते में रुपए ट्रांसफर किए गए हैं. सरकारी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पूरे राज्य में एक करोड़ 80 लाख महिलाओं के आवेदन प्राप्त हुए थे. उनमें से 10 जुलाई तक प्राप्त आवेदनों का वेरिफिकेशन हो चुका है. आज से सरकार ने महिलाओं के खाते में अन्नपूर्णा की रकम जमा करनी शुरू कर दी है.
यह पूरे हफ्ते तक चलता रहेगा. अगर आपके खाते में अब तक पैसे जमा नहीं हुए हैं तो निराश होने की जरूरत नहीं है. कल तक सभी वेरीफाइड महिलाओं के खाते में अन्नपूर्णा भंडार की रकम जमा हो जाएगी. आज पुरुलिया जिले में आयोजित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुबेंदु अधिकारी ने अन्नपूर्णा भंडार की राशि जारी होने की बात बताई. उन्होंने कहा कि पूरे राज्य में 1करोड 80 लाख महिलाओं के आवेदन प्राप्त हुए हैं.
जिन महिलाओं के आवेदन 10 जुलाई तक प्राप्त हुए थे, उनका वेरिफिकेशन पूरा हो चुका है. जबकि 10 जुलाई के बाद प्राप्त आवेदन का वेरिफिकेशन किया जाना बाकी है. इस बार बंगाल सरकार ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि अन्नपूर्णा की रकम किसे मिलेगा और किसे नहीं. जो महिलाएं महीने में 10000 से अधिक कमाई करती हैं, वह इस योजना की पात्र नहीं है. इसके अलावा आयकर दाता, निर्धारित सीमा से अधिक जमीन की मालकिन महिला भी इस योजना की पात्र नहीं है.
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा है कि जल्द ही सरकार जन कल्याण शिविरों का आयोजन करेगी. इस शिविर के जरिए अन्नपूर्णा भंडार के लाभ से वंचित पात्र महिलाओं के आवेदन पर विचार किया जाएगा. इसके साथ ही उन लाभार्थियों के नाम पर भी विचार किया जाएगा, जो नियमित रूप से अन्नपूर्णा भंडार की रकम प्राप्त कर रही हैं. अगर उनके खिलाफ किसी तरह का कोई आरोप लगा और उसे वह साबित नहीं कर सकी तो वह इस लाभ से वंचित रह जाएंगी.
अथवा उनका नाम लिस्ट से बाहर कर दिया जाएगा. मुख्यमंत्री ने जल्द ही शिकायत या सुधार पोर्टल शुरू करने की भी बात कही है. सुवेंदु अधिकारी पुरुलिया जिले में जल प्रकल्प का उद्घाटन कर रहे थे. यह योजना भारत और जापान के सहयोग से चलाई जा रही है पूरी की गई है.
