भारत में एक दीवार ऐसी है, जो दो देशों की सीमा को अलग करती है. यह दीवार जय गांव में स्थित है. इस दीवार की एक अजीब सी विशेषता है. दीवार के इस तरफ कोलाहल और गहमागहमी देखने को मिल सकती है. यहां गंदगी भी है. लेकिन जैसे ही आप दीवार के दूसरी ओर जाते हैं, तो एकदम से नई फिजा के साथ स्थिति बदल जाती है. पर्यटकों को काफी सुकून मिलता है, सिर्फ एक दीवार के कारण…
कोरोना काल से पहले जयगांव-भूटान के बीच एक खुली सीमा और छोटी सी बाड़ या फेंसिंग हुआ करती थी. लेकिन कोरोना के बाद सुरक्षा, अवैध तस्करी रोकने तथा बेहतर भीड़ नियंत्रण के लिए भूटान प्रशासन द्वारा यहां एक ऊंची कंक्रीट की दीवार का निर्माण किया गया. यह दीवार सोशल मीडिया और यात्रियों के बीच हमेशा चर्चा में रहती है.
क्योंकि इसके दोनों तरफ का माहौल बिल्कुल अलग दिखता है. दीवार के एक तरफ जय गांव का व्यस्त और शोरगुल वाला बाजार आता है. जबकि ठीक दूसरी तरफ फूंछोलिंग की शांत, स्वच्छ और व्यवस्थित सड़कें दिखाई देती है. पैदल यात्रियों और पर्यटकों के लिए दीवार के पास एक आधुनिक पैदल पथ बनाया गया है.
जय गांव वाले हिस्से में जो अफरा तफरी रहती है, वह भूटान वाले हिस्से में देखने को नहीं मिलेगी. कुछ लोग इसे जादुई दीवार भी कहते हैं. भूटान गेट से प्रवेश करते ही आप एक नई दुनिया में प्रवेश कर जाते हैं. यहां आपका मस्तिष्क ठंडा, सुलझा हुआ और एक नए अन्वेषण की ऊर्जा प्राप्त करने लगता है. यही कारण है कि पर्यटकों के मुंह से अक्सर यही निकलता है कि भारत में जयगांव में स्थित दीवार के पार एक नई दुनिया बसती है.
भारत भूटान सीमा पर स्थित जयगांव व्यापरिक गतिविधियों के लिए जाना जाता है. जयगांव में सुबह से ही हलचल बढ़ जाती है. भारत भूटान सीमा को विभाजित करने वाली दीवार के इस तरफ भारत में सुबह से ही दुकानदारों और हाॅकरो की सरगर्मियां, गाड़ियों की तेज हॉर्न, चारों तरफ अव्यवस्था और नियम कानून को न मानने वाले लोगों की मनमानी आप देख सकते हैं.
दशकों बीत गए. लेकिन यहां की स्थिति अभी तक नहीं बदली है. भूटान में लगने वाला बाजार काफी पुराना है. यहां खरीददारी करने के लिए किसी समय भूटान से भी लोग आते थे. लेकिन कोरोना के बाद यह स्थिति बदली है. हालांकि जयगांव के निकट भूटान में रहने वाले लोग शाम या सुबह यहां बाजार करने जरूर आते हैं. इसी तरह से जयगांव से भी व्यापारी फूंछोलिंग जाते हैं और बाजार करके लौट आते हैं. लेकिन पहले जैसा अब कुछ नहीं है.
भूटान के पेट्रोल पंपों पर डीजल और पेट्रोल का भाव भारत के पेट्रोल पंप पर बिकने वाले डीजल और पेट्रोल के भाव से काफी कम है. यही कारण है कि भारतीय ट्रक भूटान में स्थित पेट्रोल पंप पर तेल भरवाना नहीं भूलते हैं. अब हम बात करते हैं उन पर्यटकों की, जो भारत से भूटान घूमने जाने के लिए जयगांव जाते हैं और भूटान गेट से होकर भूटान में प्रवेश करते हैं, तब उन्हें क्या अनुभव होता है.
जब भूटान घूमने आए पर्यटक जयगांव आते हैं तो उन्हें एक विचित्र सा अनुभव होता है. एकदम अव्यवस्था, चारों तरफ गंदगी और अस्त व्यस्त स्थिति नजर आती है. कई बार पर्यटकों को लगता है कि अगर सीमा पर यह हाल है तो भूटान में प्रवेश करने पर कुछ ऐसा ही अनुभव हो सकता है. लेकिन ऐसा नहीं है. भूटान गेट पर जो अफरा तफरी रहती है, इमीग्रेशन ऑफिस से परमिट लेने के बाद पर्यटक दीवार की दूसरी ओर जाते हैं, तो एकदम से उन्हें एक नई अनुभूति मिलती है.
वे स्वयं को एक नई दुनिया में पाते हैं. यह भूटान का हिस्सा होता है जो फूंछोलिंग के अंतर्गत है. भूटान में प्रवेश करते ही चारों तरफ शांति, सुव्यवस्था और स्वच्छता नजर आएगी. यहां भारतीय और भूटान की गाड़ियां भी देख सकते हैं. लेकिन भूटान की गाड़ियां हार्न नहीं बजाती हैं. यहां ध्वनि प्रदूषण नहीं होता है. भूटान के चालक ट्रेफिक नियमों का पूरी तरह से पालन करते हैं और गाड़ी को स्टैंड में ही लगाते हैं. वे काफी अनुशासित भी होते हैं.
भूटान के बाजारों में कई चीजे भारतीय बाजारों की तुलना में सस्ती मिल जाती है. जैसे यहां शराब सस्ती मिलती है. इसके अलावा कुछ पारंपरिक परिधान व हस्तशिल्प की वस्तुएं भी सस्ती मिल जाती हैं. यहां मिलने वाले जूते और स्नीकर्स काफी टिकाऊ होते हैं और भारतीय बाजारों की तुलना में सस्ते मिल जाते हैं.
जय गांव के लोग यहां फूंछोलिंग से सस्ता सामान खरीदते हैं. यहां के बाजार में इलेक्ट्रॉनिक सामान भी सस्ते मिल जाते हैं. इसके अलावा टी-शर्ट बैग, गिफ्ट आइटम, स्टेशनरी आदि भी सस्ते होते हैं. यही कारण है कि जय गांव और आसपास के लोगों में जय गांव के इस बाजार का आकर्षण बरकरार है.
