March 6, 2026
Sevoke Road, Siliguri
Uncategorized

सिक्किम की युवती के साथ सिलीगुड़ी में छेड़छाड़!

पिछले कुछ दिनों से सिलीगुड़ी और आसपास के इलाकों में महिला अपराध की घटनाओं में वृद्धि हुई है. आए दिन महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और उत्पीड़न की घटनाएं कानून एवं व्यवस्था की स्थिति पर भी चोट करती हैं. हालांकि ऐसे मामलों में पुलिस किसी तरह की ढिलाई नहीं बरतती है. लेकिन कभी-कभी पीड़िता को इंसाफ मिलने में देरी भी हो जाती है.

महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और उत्पीड़न को रोकने के लिए पुलिस व्यवस्था और कानून में व्यापक बदलाव भी किए गए हैं. कानून की कई दफाएं ऐसी है कि आरोपी को जल्द जमानत नहीं मिलती है. लेकिन ऐसा लगता है कि ऐसी घटनाओं से लोगों को कोई सीख नहीं मिलती है. समाज में हावी होती जा रही नकारात्मकता लोगों को प्रभावित कर रही है. खासकर युवा वर्ग कुंठित हो रहा है.यही कारण है कि आए दिन ऐसी घटनाएं तेजी से घट रही है.

कुछ दिन पहले सेवक रोड पर इसी तरह की एक घटना घटी थी. पीड़िता को आज भी इंसाफ नहीं मिला. उससे पहले भी भानु नगर, चंपासारी, प्रधान नगर आदि इलाकों में महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न और शोषण की कई घटनाएं घट चुकी है. पीड़िता को आज भी न्याय मिलने का इंतजार है. पुलिस महिला अपराध के मामलों मे कानून के अनुसार कार्रवाई जरूर करती है. लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी होती है.

पिछले कुछ समय से सिलीगुड़ी के वार्ड नंबर 1 से लेकर 42, समर नगर, सरोजिनी नगर, लिंबू बस्ती ,प्रधान नगर आदि इलाकों में महिला अपराध के मामले बढ़े हैं. आज फिर से सिक्किम की एक 20 साल की युवती के साथ छेड़छाड़ की घटना घटी है. सिक्किम की युवती को क्या पता था कि उसके साथ कुछ अभद्र होने वाला है. वह सिलीगुड़ी के वार्ड नंबर 42 स्थित सरोजिनी पाली लिंबू बस्ती में अपने किसी रिश्तेदार के घर रह रही थी.

वह वापस अपने घर सिक्किम जाने की तैयारी कर रही थी. इसके लिए वह कुछ खरीददारी करने पालपाड़ा स्थित एक राशन की दुकान में पहुंची. दुकान का मालिक अविनाश पाठक उर्फ मंटू था. घर से बाहर खरीदारी करने निकली लड़की ने कुछ देर में शोर मचाया कि उसके साथ राशन दुकान के मालिक ने छेड़छाड़ की है और उस पर अश्लील कमेंट किया है. उसने बस्ती में शोर मचा कर लोगों को एकत्र कर लिया.

कुछ लोग उत्तेजित होकर दुकानदार अविनाश पाठक उर्फ मंटू की दुकान की तरफ जाते हुए दिखे. इस बीच पीड़िता अपने कुछ जान पहचान और परिजनों के साथ भक्ति नगर पुलिस थाना पहुंच गई. और अपने साथ कथित छेड़छाड़ की घटना के बारे में पुलिस को विस्तार से जानकारी देते हुए एक रिपोर्ट दर्ज कराई. भक्ति नगर पुलिस ने उसके बयान और लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी.

भक्ति नगर पुलिस ने घटना के आरोपी अविनाश पाठक उर्फ मंटू से पूछताछ की और फिर उसे गिरफ्तार करके जलपाईगुड़ी कोर्ट में पेश कर दिया. आरोपी ने छेड़छाड़ के आरोप को गलत बताया है. पुलिस की प्रारंभिक जांच और पीड़िता के बयान के आधार पर भक्ति नगर थाने में इस मामले को मंटू उर्फ अविनाश पाठक के खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 74,76 ,79 के तहत दर्ज किया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *