अगर आप चाहते हैं कि ₹10 में नए कपड़े मिल जाएं अथवा नई साड़ी ढूंढ रहे हैं तो आपका सपना साकार होने जा रहा है. कई लोगों को इस पर यकीन नहीं होगा. भला ₹10 में नई साड़ी मिलेगी! लेकिन नमो मॉल इस सपने को सच करने जा रहा है.
आज के बाजार में ₹10 में तो नमक पैकेट भी नहीं मिलता है. तो ₹10 में एक सुंदर साड़ी कैसे मिल जाएगी? आप इसे मजाक कहेंगे. लेकिन ना तो यह मजाक है और ना ही अतिशयोक्ति. त्यौहारों के मौसम में अमीर, मध्यवर्गीय परिवार के लोग अपनी हैसियत के अनुसार खरीददारी जरूर करते हैं. बेचारा गरीब चाह कर भी खरीददारी करने में असमर्थ रहता है.
कहीं दूर जाने की जरूरत नहीं है. सिलीगुड़ी तथा आसपास के इलाकों में ऐसे बहुत से परिवार रहते हैं, जिन्हें 2 जून रोटी भी नसीब नहीं है. बहुत से रिक्शा वाले, ठेले वाले, मांग कर खाने वाले मिल जाएंगे जिनका ना अपना घर है और ना ही पर्याप्त आय. भला ऐसे लोग त्यौहारों की खरीददारी क्या कर सकेंगे!
ऐसे गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों की माताएं, बहनों एवं उनके बच्चों के चेहरे पर त्यौहार की खुशी होनी चाहिए. आमतौर पर दुर्गा पूजा में नए कपड़े, चटपटे खाने और घूमने का आनंद लिया जाता है. गरीब एवं जरूरतमंद परिवार के लोग चाह कर भी अपनी इच्छा पूरी करने में असमर्थ रहते हैं. ऐसे ही परिवारों के घरों में खुशियों का चिराग जलाने के लिए भारतीय जनता पार्टी पश्चिम बंगाल ने एक विशेष पहल की है.
दुर्गा पूजा से ठीक पहले पश्चिम बंगाल भाजपा की ओर से जगह-जगह, जिले जिले में नमो मॉल खोले जा रहे हैं, जहां गरीब परिवारों के जरूरतमंद लोग मात्र ₹10 में नए कपड़े या साड़ी खरीद सकते हैं. सिलीगुड़ी में गरीबों का सपना नमो मॉल में पूरा होगा. हालांकि अभी तक इसके बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है. पार्टी की ओर से शीघ्र ही इस बारे में सूचना दी जाएगी.
हालांकि पश्चिम बंगाल के बहुत से जिलों अथवा शहरों में नमो मॉल चल भी रहे हैं, जहां कम आय और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के लोग ₹10 में पूजा के कपड़े खरीद रहे हैं. वह काफी खुश नजर आ रहे हैं.
आपको बताते चलें कि पश्चिम बंगाल भाजपा ने देशव्यापी सेवा संकल्प अभियान के तहत यह कदम उठाया है. भाजपा का यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के अवसर पर शुरू किया गया है. पश्चिम बंगाल सरकार इससे पहले राज्य की महिलाओं को अन्नपूर्णा भंडार दे चुकी है. हाल ही में राज्य की सभी सरकारी राशन दुकानों में ₹50 में 1 किलो मैदा और 1 किलो चीनी भी राशन उपभोक्ताओं को दी जा रही है.
हालांकि भारतीय जनता पार्टी की ओर से पूरे देश में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है. परंतु पश्चिम बंगाल में पार्टी ने इसे गरीबों को समर्पित किया है. बंगाल में यह अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा. अब राज्य के जरूरतमंद, गरीब और निर्धन व्यक्तियों के लिए पूजा के तोहफे के रूप में मात्र ₹10 में नए कपड़े देने का फैसला किया है. जब आप नमो मॉल में प्रवेश करेंगे तो जरूरतमंद को एक कूपन दिया जाएगा. इसके बाद ही उन्हें नए कपड़े पसंद करने और खरीदने का अवसर मिलेगा.
सूत्रों ने बताया कि दशहरा से पहले सिलीगुड़ी समेत राज्य के कई जिलों में नमो माॅल खुल जाएंगे. वर्तमान में पानीहाटी तथा अन्य स्थानों पर नमो मॉल खोले गए हैं. यहां गरीब और जरूरतमंद परिवार के लोग नए कपड़े खरीदने आ रहे हैं और मात्र ₹10 में खरीददारी करके जा रहे हैं.
यहां आने वाले प्रत्येक गरीब महिला या गरीब व्यक्ति का अपना अपना अनुभव है. उनके चेहरे पर खुशियां नजर आती है. पश्चिम बंगाल के राजनीतिक इतिहास में ऐसा पहली बार हो रहा है, जहां एक रिक्शा चालक से लेकर ठेले वाले भी अपनी प्रसन्नता व्यक्त कर रहे हैं. वे सरकार और भाजपा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त कर रहे हैं.
इस बीच केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा है कि जल्द ही पूरे राज्य में सभी जिलों और शहरों में नमो मॉल खोले जाएंगे. दशहरा से पहले यह नजारा सर्वत्र उपलब्ध होगा. भाजपा का यह प्रयास सराहनीय है. सिलीगुड़ी में नमो मॉल कहां खुलेगा, जल्द ही उपभोक्ता जान सकेंगे!
