सिक्किम: लगातार हो रही भारी बारिश ने पश्चिम सिक्किम में तबाही मचा दी है। शुक्रवार देर रात यांगथांग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत अपर रिंबी गांव में भीषण भूस्खलन हुआ। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हुई है।
हालांकि, अंधेरी रात में भी रेस्क्यू टीम ने लगातार मेहनत करते हुए बड़ी सफलता हासिल की। मलबे के बीच से सात साल के बच्चे को जीवित निकाल लिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, सशस्त्र सीमा बल (SSB), स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए। तेज बहाव वाली नदी पर पेड़ों के तनों को रखकर अस्थायी पुल बनाया गया, जिसकी मदद से दो महिलाओं को बचाया गया। लेकिन, अस्पताल ले जाने पर उनमें से एक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दूसरी महिला की हालत नाजुक बनी हुई है।
रात करीब दो बजे राज्य के मंत्री और स्थानीय विधायक भीम हांग लिम्बू घटनास्थल पर पहुंचे और खुद राहत कार्यों की निगरानी की। गेजिंग जिले के पुलिस अधीक्षक छेरिंग शेरपा ने बताया कि,
“लगातार बारिश और दुर्गम पहाड़ी इलाका रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए बड़ी चुनौती था। इसके बावजूद स्थानीय लोगों और विभिन्न एजेंसियों के सहयोग से हमने अधिकतम प्रयास कर कई लोगों की जान बचाई।”
यह हादसा एक बार फिर साबित करता है कि पहाड़ी इलाकों में प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए त्वरित प्रशासनिक तैयारी और ठोस योजना कितनी जरूरी है। स्थानीय लोगों की बहादुरी और तत्परता ने कई जानें बचाई, लेकिन इसने पहाड़ी जीवन की जोखिम और अनिश्चितताओं को भी उजागर कर दिया है।
अब ज़रूरत है प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की और भविष्य में ऐसी आपदाओं से बचाव के लिए प्रभावी कदम उठाने की।