March 14, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

कोलकाता में प्रधानमंत्री की रैली ने बंगाल में परिवर्तन का किया आगाज!

निर्मम सरकार ने रैली को रोकने की काफी कोशिश की. लेकिन पूरे बंगाल में बह रही परिवर्तन की बयार व आपकी खचाखच भरी भीड़ इस बात का सबूत है कि निर्मम सरकार का काउंटडाउन शुरू हो चुका है. यह सरकार जाएगी और बंगाल में कानून का राज स्थापित होगा. यह निर्मम सरकार जाएगी, तो टीएमसी के गुंडे, मवाली और अपराधी जेल की सलाखों के पीछे होंगे… यह निर्मम सरकार जाएगी तो बंगाल में कट मनी बंद होगी. यह निर्मम सरकार जाएगी तो बंगाल में युवाओं का भविष्य उज्जवल होगा…

आज प्रधानमंत्री ने कोलकाता की ब्रिगेड रैली में जमकर टीएमसी सरकार पर हमला बोला. भारतीय जनता पार्टी ने बंगाल में परिवर्तन यात्रा के समापन के अवसर पर ब्रिगेड मैदान में प्रधानमंत्री की रैली का आयोजन किया था. प्रदेश भाजपा के नेताओं की उम्मीद के अनुसार ही प्रधानमंत्री को सुनने के लिए भारी संख्या में भाजपा समर्थक दूर दराज के क्षेत्रों से आए थे. आज प्रधानमंत्री भी पूरे मूड में थे और शुरू से आखिर तक टीएमसी सरकार पर हमलावर होते नजर आए.

प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में सिर्फ बदलाव की बात कही और टीएमसी सरकार की शासन व्यवस्था से लेकर भ्रष्टाचार, रिश्वत, केंद्र की कल्याणकारी योजनाओं को रोकने का आरोप, बंगाल के लोगों के पलायन का मुद्दा, तुष्टिकरण, घुसपैठ ,महिला अपराध, बेरोजगारी और ढेर सारे मुद्दों पर वार किया, जो आमतौर पर टीएमसी सरकार की कमजोरी मानी जाती है. प्रधानमंत्री ने कहा कि इन सभी समस्याओं का एकमात्र हल है भाजपा सरकार. जब यहां भाजपा सरकार बनेगी तो बंगाल का गौरव लौटेगा.

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह निर्मम सरकार लोगों को दबाती है. उन्हें गुंडे और मवलियों का भय दिखाया जाता है. अब इस सरकार का काउंटडाउन शुरू हो चुका है. प्रधानमंत्री ने बंगाल के लोगों की तारीफ की और कहा कि यह प्रदेश भारत को रास्ता दिखाता है. लेकिन आज इस निर्मम सरकार ने बंगाल को बर्बादी की कगार पर ला खड़ा किया है. उन्होंने कहा कि वाममोर्चा के कुशासन से परेशान बंगाल की जनता ने मां माटी और मानुष की सरकार में भरोसा दिखाया था. लेकिन आज मां रोती है. माटी बिक चुकी है. और मानुष बेरोजगार है.

क्या इसी के लिए आपने टीएमसी को सत्ता में लाया था? प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल के विद्यार्थियों और युवाओं का भविष्य अंधकार में है. यहां बिना रिश्वत दिए नौकरी नहीं मिलती है. यहां के गरीब युवा पलायन कर रहे हैं. उन्होंने केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना समेत कई केंद्रीय योजनाओं की बात कही और कहा कि यह टीएमसी सरकार केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ आप तक पहुंचने नहीं दे रही है.

प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार बंगाल के विकास के लिए सभी तरह की योजनाएं ला रही है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के द्वारा विभिन्न प्रोजेक्टों के लिए फंड भेजा जाता है. लेकिन यह सरकार इस काम में भी रोड़े अटका रही है. अब समय आ गया है कि इस सरकार को बदल दीजिए और भाजपा की सरकार बनाइए, ताकि हमारा बंगाल फिर से पुरानी संस्कृति और इतिहास के गौरव को देख सके.

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि कोलकाता से लेकर दार्जिलिंग और पूरे बंगाल में परिवर्तन की लहर है. मैं पूरे विश्वास के साथ कहता हूं कि निर्मम सरकार का काउंटडाउन शुरू हो चुका है. लोगों ने मन बना लिया है कि इस बार भाजपा की सरकार लानी है. प्रधानमंत्री ने बंगाल में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति पर भी हमला किया और कहा कि अपराधियों और बलात्कारियों को यह सरकार शह देती है.

जैसा कि उम्मीद की जा रही थी, प्रधानमंत्री ने सिलीगुड़ी और फांसी देवा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अपमान का भी मुद्दा उठाया और कहा कि देश के सर्वोच्च पद पर आसीन एक आदिवासी बेटी का इस सरकार ने कितना बड़ा अपमान किया है! यह देश के लोगों ने देखा है. उन्होंने कहा कि यह कितना दुखद बात है कि महामहिम राष्ट्रपति ने अपने मुंह से यह पीडा कही है.

उन्होंने कहा कि एक राष्ट्रपति का दौरा हो और अचानक से उनका कार्यक्रम बदल दिया जाए, इसी बात से पता चल जाता है कि यहां कानून एवं व्यवस्था का किस तरह पतन हुआ है. प्रधानमंत्री की सभा में प्रदेश और केंद्र स्तर के सभी बड़े भाजपा नेता मंच पर उपस्थित थे. इन भाजपा नेताओं में बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता सुबेंदु अधिकारी, बंगाल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य, केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार, दार्जिलिंग के भाजपा सांसद राजू बिष्ट, दिलीप घोष समेत दर्जनों भाजपा नेता उपस्थित थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *