भगवान ना करे, सिलीगुड़ी में रात में आपातकालीन चिकित्सा सहायता की किसी को आवश्यकता पड़े. या तो आप इमरजेंसी दवाएं स्वयं घर पर रखें या फिर रोगी को अस्पताल लेकर जाएं. लेकिन कई बार ऐसा भी होता है कि अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में भी जरूरी दवाएं उपलब्ध नहीं रहती हैं. इन दवाओं को बाहर से खरीदना पड़ता है. पता चलता है कि आउटडोर मेडिकल स्टोर्स भी बंद हो चुके हैं.
समय पर रोगी को उचित दवा नहीं मिलने के कारण उसकी परेशानी बढ़ जाती है. कभी-कभी तो उचित दवा के अभाव में रोगी दम तोड़ देता है. सिलीगुड़ी में इस तरह की घटनाएं हर दूसरे तीसरे दिन सुनी जाती हैं. बाबूराम, संजय ,दुलालचंद आदि लोगों के साथ इस तरह की घटनाएं घट चुकी हैं. उनका आरोप है कि अस्पताल की इमरजेंसी सेवा में भी कुछ जरूरी दवाएं उपलब्ध नहीं रहती हैं, जिन्हें बाहर से मंगाना पड़ता है. लेकिन ये जरूरी दवाएं मेडिकल स्टोर बंद होने के कारण बाहर भी नहीं मिल पाती हैं. तड़प तड़प कर रोगी को रात काटनी पड़ जाती है. सीमा के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ था.
सिलीगुड़ी के वार्ड नंबर 5 की एक महिला सीमा को रात्रि लगभग 12:00 बजे अचानक ही पेट में दर्द उठा तो वह तेज दर्द से छटपटाने लगी. घरवाले परेशान हो गए. तत्काल राहत के लिए घर के सदस्य श्याम बाबू दवा दुकान यानी मेडिकल स्टोर्स की ओर भागे. गली और मोहल्ले के मेडिकल स्टोर्स बंद हो चुके थे. किसी ने बताया कि S F Road या फिर सिलीगुड़ी जिला अस्पताल के सामने मेडिकल स्टोर रात भर खुला रहता है. शायद वहां दवा मिल सके.
श्याम बाबू एस एफ रोड पहुंचे. लेकिन वहां जितने भी मेडिकल स्टोर्स थे, सबके सब बंद मिले. फिर वह वहां से सिलीगुड़ी जिला अस्पताल के पास कोर्ट मोड के सामने पहुंचे, जहां उनके शुभचिंतकों ने बताया था. लेकिन वहां भी शटर गिरा हुआ था. जब श्याम बाबू को ढूंढने से भी इस वक्त कोई मेडिकल स्टोर खुला नहीं मिला तो उन्होंने अपनी पत्नी का हाल मालूम किया. वह अब भी पेट में दर्द से छटपटा रही थी.
जब कोई और विकल्प नहीं था, तब श्याम बाबू ने अपनी बीमार पत्नी को उसी रात सिलीगुड़ी जिला अस्पताल में भर्ती कर दिया. वहां आपातकालीन विभाग में केयरटेकर डॉक्टर ने एक पर्ची बनाकर श्याम बाबू को देते हुए कहा कि यह दवा आप बाहर के मेडिकल स्टोर से फौरन ले आएं. श्याम बाबू ने इमरजेंसी दवा लेने के लिए आसपास के सभी मेडिकल स्टोर्स को छान मारा लेकिन उन्हें कोई भी दवा दुकान खुली हुई नहीं मिली.
उधर उनकी पत्नी रात भर दर्द से छटपटाती रही. अगली सुबह मेडिकल स्टोर खुलने के बाद श्याम बाबू ने पर्ची की दवा खरीदी और अपनी पत्नी को खिलाया. उसके बाद ही उनकी तबीयत में सुधार होने लगा. श्याम बाबू को यह सब करने की जरूरत नहीं पड़ती, अगर देर रात्रि सिलीगुड़ी में कोई मेडिकल स्टोर खुला मिलता.
एक तरफ सिलीगुड़ी को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने की तैयारी चल रही है, तो दूसरी तरफ यहां मानव स्वास्थ्य को लेकर चिंताएं भी बढ़ती जा रही है. सिलीगुड़ी की स्वास्थ्य सेवा को लेकर सरकार और प्रशासन की ओर से बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं. परंतु दार्जिलिंग जिला स्वास्थ्य विभाग के दावे की सच्चाई का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अगर रात में कोई व्यक्ति गंभीर रूप से बीमार पड़े तो तत्काल चिकित्सा के लिए दवा उपलब्ध नहीं है.
यह कैसी विडंबना है कि दिल्ली और कोलकाता से विकास की होड़ लगा रहे सिलीगुड़ी शहर में रात्रि काल में मेडिकल स्टोर्स बंद हो जाते हैं! पिछले काफी समय से यही स्थिति चल रही है. किसी समय सिलीगुड़ी में 24 घंटे कुछ प्रसिद्ध मेडिकल स्टोर्स खुले मिलते थे. रोगियों को तत्काल औषधि चिकित्सा मिल जाती थी. हैरानी की बात तो यह है कि तब सिलीगुड़ी विकसित भी नहीं था. आज सिलीगुड़ी विकास के मार्ग पर लगातार चढ़ता जा रहा है, इसके बावजूद यहां मेडिकल स्टोर्स रात में खुला देखना दूज का चांद देखने से कुछ कम नहीं है.
सिलीगुड़ी में पहले रोटेशन के आधार पर मेडिकल स्टोर्स 24 घंटे काम करते थे. मरीज को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल जाती थी. लोगों का कहना है कि चोर, बदमाश या अपराधी किस्म के लोग ऐसे मेडिकल स्टोर्स के आसपास घूमते मिलते थे. ये दवा दुकानदारों को डराते धमकाते और उनसे पैसे वसूल करते थे. नहीं देने पर उनके साथ मारपीट भी होती थी. इस तरह के आरोप बंगाल केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन की ओर से भी दवा विक्रेताओं ने लगाए हैं. इसके कारण ही रात्रि कालीन मेडिकल स्टोर सेवा बंद कर दी गई. कुछ दिनों तक रोटेशन के आधार पर मेडिकल स्टोर्स चलते रहे, फिर एकदम से ही लेकिन बाद में उन्हें भी बंद कर दिया गया.
अगर सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो बहुत जल्द सिलीगुड़ी में पुराने दिन लौटने वाले हैं यानी 24 घंटे मेडिकल स्टोर्स खुला देख सकेंगे. इस संबंध में सिलीगुड़ी जिला प्रशासन, दार्जिलिंग जिला स्वास्थ्य विभाग और बंगाल केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अधिकारियों की एक संयुक्त बैठक हो चुकी है. बदलते वक्त और सिलीगुड़ी के शहरीकरण को देखते हुए यहां रात में चुनिंदा मेडिकल स्टोर्स खोले जाने पर विचार किया जा रहा है. इसके लिए सभी तैयारियां हो चुकी है.एक अधिकारी ने बताया कि यहां अमृत फार्मेसी और जन औषधि केंद्र शीघ्र ही खोले जाएंगे.
