November 22, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

सिलीगुड़ी में क्यों बढ़ रही हैं आपराधिक वारदातें?

सिलीगुड़ी में ऐसा कोई भी दिन नहीं बीतता, जब कहीं ना कहीं से चोरी, डकैती, स्मगलिंग, छिनताई और नाना प्रकार की आपराधिक घटनाएं सामने नहीं आती! सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस के अंतर्गत सभी थानों में सुबह की शुरुआत पुलिस कर्मियों को ऐसी घटनाओं से होती है. वह चाहे भक्ति नगर थाना हो या फिर सिलीगुड़ी थाना एनजेपी थाना, प्रधान नगर थाना, माटीगाड़ा थाना इत्यादि!

सबसे ज्यादा आपराधिक वारदातें भक्ति नगर, माटीगाड़ा, एनजेपी आदि थाने के अंतर्गत ही होती हैं. इसका कारण भी है. चाहे वह माटीगाड़ा हो या भक्ति नगर या फिर एनजेपी थाना, शुरू से ही ये इलाके अपराधियों के लिए सुरक्षित रहे हैं. इन इलाकों में बेरोजगारी भी ज्यादा है. ये ग्रामीण इलाके हैं, जहां रोजी रोजगार के साधन भी कम है. बरसों से इन इलाकों में गुंडागर्दी और दादागिरी आम बात रही है. हालांकि सरकार बदल चुकी है. लेकिन अभी भी अपराधियों की मानसिकता नहीं बदली है.

हाल ही में सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस के अंतर्गत कई थानों के पुलिस अधिकारियों का भी तबादला किया गया था और शासन व्यवस्था को चुस्त रखने के लिए ऊपर से फरमान भी जारी किया गया था. हालांकि इसका असर आने वाले समय में देखा जा सकता है. परंतु मौजूदा स्थिति तो यह है कि इन इलाकों में प्रायः हर दिन कोई ना कोई आपराधिक वारदात सामने आती रहती है. ऐसे मामलों में पुलिस कार्रवाई तो करती है, लेकिन अपराधियों पर उसका असर नहीं पड़ता है.

पिछले 1 हफ्ते में सिलीगुड़ी के विभिन्न थानों के अंतर्गत चोरी की दर्जनों वारदातें हो चुकी है. ड्रग्स तस्करी की सर्वाधिक वारदातें एनजेपी थाना और माटीगाड़ा थानों के अंतर्गत हो रही है. जबकि भक्ति नगर थाने के अंतर्गत गुंडागर्दी और दादागिरी के मामले सर्वाधिक पाए गए हैं. माटीगाड़ा और एनजेपी थाना क्षेत्र में भू माफिया की दबंगई के किस्से समय-समय पर सामने आते रहते है. एनजेपी थाना के अंतर्गत कई ऐसे इलाके है, जो बरसों से अपराधियों के अड्डे रहे हैं. यहां नारी अपराध के भी मामले सामने आते रहते हैं.

इस तरह से देखा जाए तो सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस के अंतर्गत विभिन्न थानों में भांति भांति के अपराध होते रहते हैं. लेकिन पिछले कुछ समय से चोरी, डकैती, नारी अपराध से लेकर ड्रग्स तस्करी के मामले सर्वाधिक सामने आ रहे हैं. पुलिस ऐसे अनेक मामलों में तो सीधा कार्रवाई भी नहीं करती है. कुछ चर्चित मामलों में पुलिस चुस्ती से कार्रवाई करती है और अपराधियों को जेल भेजती है. विशेषज्ञ मानते हैं कि ऐसे आपराधिक मामलों में कमी कैसे हो सकती है, जब शासन व्यवस्था बदले, लेकिन लोगों की मानसिकता नहीं बदली हो.

विशेषज्ञों का मानना है कि कई ग्रामीण इलाके पंचायत से संचालित होते हैं और वहां शहरी पुलिस का सीधा दखल नहीं होता. कई बार ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में भी अलग-अलग कानून या कानून का दबाव कम होने से भी अपराधियों का मनोबल बढा रहता है. कई बार थाना क्षेत्र अथवा थाने के बड़ा बाबू के व्यक्तित्व से भी ऐसी वारदातें प्रभावित होती है. इसके अलावा जिन क्षेत्रों में नशेड़ियों की बहुलता होती है, वहां भी अपराध पनपते हैं. ऐसे क्षेत्रों में तो बर्तन बिस्तर चोरी करने वाले भी घर में सेंध डाल देते हैं.

विशेषज्ञों का कहना है कि कई बार लोगों की सतर्कता और सजगता के अभाव में अपराधियों की लॉटरी निकल आती है. अगर पुलिस त्वरित और निष्पक्ष तरीके से कार्रवाई करे तो अपराधियों के मनोबल पर लगाम लगाया जा सकता है. कभी-कभी तो पुलिस और अपराधियों की सांठगांठ भी ऐसी घटनाओं को बढ़ावा देती है. कभी-कभी राजनीतिक दबाव में भी पुलिस को काम करना पड़ता है. इससे भी अपराधियों का मनोबल बढ़ जाता है. जानकारों का मानना है कि सिस्टम अगर सही तरीके से काम करे तो ऐसी घटनाओं में वृद्धि को रोका जा सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *