November 23, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

क्या बिसलेरी का पानी पीने योग्य नहीं है? फसाई और बिसलेरी के विवाद में उपभोक्ता संकट में!

इन दिनों खाद्य सुरक्षा नियामक देशभर में ड्रिंकिंग वॉटर तथा पेय पदार्थों को बेचने वाली कंपनियों के खिलाफ उत्पादों की शुद्धता, पौष्टिकता तथा गुणवत्ता को लेकर मोर्चा खोल दिया है. फसाई के अधिकारी सैंपल जांच के बाद प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने के बाद कंपनियों के लाइसेंस निलंबित करते जा रहे हैं. इस क्रम में बिसलेरी, रेड बुल आदि कई प्रमुख और प्रख्यात कंपनियों के उत्पादों को संदेह से परे नहीं रखा गया है. फसाई बनाम ड्रिंकिंग वॉटर तथा पेय कंपनियों के विवाद में उपभोक्ता पीस रहे हैं.वे असमंजस में हैं.

दूसरी तरफ बिसलेरी और कुछ अन्य पेय कंपनियों जैसे रेड बुल आदि ने फसाई के जांच के तरीके और अधिकारियों के फैसले के खिलाफ कानून का दरवाजा खटखटाना शुरू कर दिया है. अदालत ने बिसलेरी और दूसरी कंपनियों को तत्काल राहत दी है. यह मामला आगे भी चलता रहेगा. दावे प्रति दावे होते रहेंगे. झूठ और सच की लड़ाई चलती रहेगी. अलबत्ता नवंबर के महीने ने बिसलेरी और एनर्जी ड्रिंक जैसी कंपनियों रेड बुल आदि पर लोगों के भरोसे के साथ ही उनके स्वास्थ्य पर सवाल उठाने शुरू कर दिये हैं.

क्या हम बिसलेरी के पानी पर भरोसा नहीं कर सकते? क्या रेड बुल जैसे एनर्जी ड्रिंक शुद्धता और गुणवत्ता की कसौटी पर खरे नहीं उतर रहे. आखिर उपभोक्ता किस पर भरोसा करे. जिस तरह से फसाई ने इन प्रख्यात कंपनियों के उत्पादों पर संदेह और अविश्वास की गहरी रेखा खींच दी है, संबंधित कंपनियों के द्वारा अदालत में चुनौती देने के साथ ही अपने पक्ष में फैसला लेने के बाद भी उपभोक्ता इसे पूरी तरह हजम नहीं कर पा रहे हैं. हालांकि बिसलेरी आज भी सत्यता, शुद्धता और निर्मलता का राग अलाप रहा है तथा कानूनी रूप से अपनी जीत भी दिखा रहा है. पर एक बार किसी उत्पाद के प्रति संदेह उत्पन्न होने लगे तो उपभोक्ता उसे आसानी से हजम करने को तैयार नहीं होते. रेड बुल के साथ भी ऐसा ही हो रहा है.

बिसलेरी, रेड बुल जैसी प्रख्यात दर्जनों कंपनियों के दफ्तरों और गोदामों पर फसाई के अधिकारी लगातार छापे डाल रहे हैं और प्राप्त सैंपल को एकत्र कर प्रयोगशाला जांच करवा रहे हैं. अब तक देश भर में सैकड़ों उत्पादों तथा कंपनियों पर फसाई के अधिकारियों ने कार्रवाई की है. उत्पादों में कुछ कमियां पाए जाने के साथ ही उत्पादों को न बेचने की सलाह तथा कंपनियों के लाइसेंस छीन लेने जैसी घटनाओं ने एक तरफ प्रख्यात ड्रिंकिंग वॉटर तथा पेय पदार्थों की कंपनियों पर आंख मूंद कर भरोसा करने वाले ग्राहकों को सजग करना शुरू कर दिया है कि हर चमकती चीज सोना नहीं होती.

बिसलेरी का पानी पूरे भारत में सुरक्षा, शुद्धता और भरोसे का प्रतीक माना जाता है. लोगों की धारणा है कि बिसलेरी की पैकिंग वाली बोतल मिलावट रहित और पूरी तरह शुद्ध है. कंपनी के दावे भी यही हैं. यही कारण है कि इस कंपनी के ड्रिंकिंग वॉटर की उपभोक्ताओं में भारी मांग है. इसी तरह से रेड बुल को एनर्जी ड्रिंक माना जाता है. इसका सेवन करने वाला भारत में एक विशाल वर्ग है. लेकिन हाल ही में फसाई के द्वारा बिसलेरी के पानी के सैंपल की जांच के बाद इसे आम लोगों के स्वास्थ्य के प्रतिकूल पाए जाने के बाद देशभर में उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया है.

हालांकि समय रहते बिसलेरी ने अदालत का दरवाजा खटखटा कर एक बड़ी राहत जरूर पाई है. लेकिन एक बार किसी उत्पाद की गुणवत्ता के प्रति ग्राहकों में अविश्वास उत्पन्न होने लगे, तो उत्पादों की मार्केटिंग पर इसका असर जरूर पड़ता है. बिसलेरी का भी कुछ ऐसा ही हाल है. अदालत ने बिसलेरी को जरूर राहत दी है. परंतु यह राहत उपभोक्ताओं में सुकून नहीं दे रहा है नहीं हो पा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *