April 17, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

IT ने TMC की बढाई मुश्किलें! ममता बनर्जी के प्रपोजर के घर रेड!

पहले तृणमूल कांग्रेस के विधायक देवाशीष कुमार के घर और ऑफिस पर इनकम टैक्स रेड पड़ा था और अब कडियां जुड़ी तो ममता बनर्जी के भवानीपुर प्रस्तावक मिराज शाह भी आयकर अधिकारियों के निशाने पर आ चुके हैं. इनकम टैक्स अधिकारियों की इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक तूफान तेज हो गया है. टीएमसी ने इसके लिए भाजपा पर कडा प्रहार किया है.

तृणमूल कांग्रेस की ओर से कहा गया है कि भारतीय जनता पार्टी बंगाल चुनाव में अपनी हार निकट देखकर बौखला गई है और इसीलिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करने में लगी है. यह कार्रवाई लोकतंत्र के लिए काफी खतरनाक है. कुछ समय पहले आयकर विभाग ने दक्षिण कोलकाता में एक कंस्ट्रक्शन कंपनी के ऑफिस की तलाशी ली थी.

कंपनी पर आरोप है कि उसने नगर पालिका की मदद से अलग-अलग स्थान पर जमीन पर कब्जा किया और निर्माण कार्य पूरे किए. इसी सिलसिले में आयकर विभाग का रेड चल रहा है. इसमें कुछ नाम तृणमूल कांग्रेस के नेताओं के भी आ रहे हैं. जैसे देवाशीष कुमार और दूसरे टीएमसी नेता जिनके खिलाफ आयकर विभाग रेड से लेकर अन्य कार्रवाई कर रहा है.

सुबह में इनकम टैक्स विभाग के अधिकारी देवाशीष कुमार के घर और दफ्तर पहुंचे और तलाशी का काम शुरू कर दिया. आरोप है कि देवाशीष कुमार के इलाके में एक कंस्ट्रक्शन हुआ है, जो गैर कानूनी है. आईटी विभाग को शिकायत मिलने के बाद यह तलाशी अभियान चलाया गया. इसी सिलसिले में आयकर अधिकारियों ने देवाशीष कुमार को पूछताछ के लिए बुलाया और रेड की कार्रवाई की.

दोपहर में इस मामले से जुड़े एक अन्य टीएमसी नेता कुमार शाह के घर आयकर अधिकारियों ने पहुंच कर छापेमारी अभियान चलाया. कुमार शाह कालीघाट में रहते हैं. इसी क्रम में आयकर विभाग के अधिकारियों ने भवानीपुर में ममता बनर्जी के अत्यंत खास मिराज शाह के घर पर भी छापेमारी अभियान चलाया. यह वही मिराज शाह है, जो ममता बनर्जी के नामांकन के समय प्रस्तावक के रूप में मौजूद थे.

मिराज शाह के बारे में बताया जाता है कि वह भवानीपुर एजुकेशन सोसाइटी के बोर्ड ऑफ ट्रस्टी के मेंबर हैं. मिराज शाह और आईटी के बीच पुराना रिश्ता है. यानी इनकम टैक्स के अधिकारी पिछले कई सालों से उनके खाते की जांच करते रहे हैं. इससे पहले 2022 में भी उनके घर की तलाशी ली गई थी. अब एक बार फिर वे आयकर अधिकारियों के निशाने पर हैं.

आयकर अधिकारियों की इस कार्रवाई के बाद आज कोलकाता में इस पर खूब राजनीति हुई. टीएमसी के नेता भाजपा और केंद्रीय नेतृत्व को कोस रहे हैं. टीएमसी के नेता कुणाल घोष ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी सरकारी मशीनरी का गलत इस्तेमाल कर रही है.हम इसकी निंदा करते हैं.

एक तरफ राज्य में चुनाव चल रहा है तो दूसरी तरफ केंद्रीय एजेंसी मुख्यमंत्री के प्रपोजर के घर पर रेड डाल रही है. तृणमूल कांग्रेस ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी चुनाव से ध्यान हटाने के लिए ऐसा कर रही है. उन्होंने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी जितना भी परेशान करे, टीएमसी को सत्ता में आने से नहीं रोक सकती.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *