अगर सिलीगुड़ी और आसपास के इलाकों में आपने कोई जमीन ले रखी है तो समय-समय पर जमीन की निगरानी करते रहें. ऐसा नहीं कि जमीन को लावारिश स्थिति में छोड़ दें. जमीन की बाउंड्री कराएं. अगर संभव हो तो गेट पर अपना नेम प्लेट भी लगाएं. जमीन की साफ सफाई करते रहे और महीने में कम से कम एक बार जमीन की निगरानी जरूर करें. ताकि आसपास के लोगों को पता चले कि जमीन के मालिक आप ही हैं.
आप इस भ्रम में ना रहे कि आपने जमीन की रजिस्ट्री करा ली है. दूसरा कोई कैसे आपकी जमीन दखल कर सकता है! यह विश्वास उस दिन टूट जाएगा, जब आपको पता चलेगा कि किसी ने तो आपकी जमीन की बिक्री ही कर दी है. वह भी रजिस्ट्री के साथ, पक्की रजिस्ट्री…!
मजे की बात है कि जमीन के मालिक आप ही होंगे. लेकिन आपको पता ही नहीं चलेगा. दस्तावेज नकली होगा. आधार से लेकर पैन कार्ड तक नकली होंगे. जमीन का खरीददार तो यही सोच कर जमीन लेता है कि जमीन आपने बेची है. लेकिन जमीन का विक्रेता तो वास्तव में कोई और होता है. जिसे जमीन मालिक भी नहीं जानता है. आपकी जमीन को कोई और फर्जी दस्तावेज बनाकर बेच सकता है.
अगर आपने फुलबारी, सालूगाड़ा, माटीगाड़ा, शिव मंदिर, बागडोगरा राजगंज आदि इलाके में जमीन ले रखी है तो उसकी बाउंड्री करवा कर ही छोड़ें. अति विश्वास से बचे. इन इलाकों में जमीन मालिक की जमीन कब्जा करने की घटनाएं ज्यादा होती है. सिलीगुड़ी में इस तरह का एक ताजा मामला सामने आया है.
यह घटना माटीगाड़ा की है. उस दिन रजिस्ट्री कार्यालय में एक ऐसी महिला को खड़ा किया गया था, जो जमीन की मालिक ही नहीं थी. लेकिन जमीन का फर्जी दस्तावेज इस तरह से तैयार किया गया था कि वही असली मालिक नजर आ रही थी.
फर्जी जमीन के कागजात तथा फर्जी दस्तावेज के आधार पर उक्त महिला ने आसानी से किसी और की जमीन की खुद मालकिन बनकर रजिस्ट्री कर दी. कदाचित इस घटना का पता नहीं चलता, अगर जमीन की वास्तविक मालकिन को औरों से पता नहीं चलता. वह यह मामला पुलिस थाने में ले गयी और अपने सभी मूल दस्तावेज दिखाए.
इस महिला ने वर्ष 2012 में पाचकेलगुडी मौजा में तीन कट्ठा जमीन खरीदी थी. महिला ने माटीगाड़ा थाने में मोहम्मद जाहिद, उसकी पत्नी जास्मीन खातून, माला छेत्री तथा अन्य कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था. इसके बाद पुलिस हरकत में आयी. जांच के उपरांत पुलिस ने फर्जी वाड़ा पकड़ा. पुलिस यह जानकर हैरान रह गई कि आज भी इन इलाकों में भू माफियाओं का सिंडिकेट सक्रिय है. यह काम एक नेटवर्क के तहत चलता है.
सर्वप्रथम सिंडिकेट के लोग जमीन की रेकी करते हैं. जमीन के वास्तविक मालिक की पृष्ठभूमि का पता लगाते हैं. अगर जमीन मालिक कमजोर है, पढ़ा लिखा नहीं है या जमीन के आसपास नहीं रहता है, काफी दूर रहता है, कभी कभार अपनी जमीन देखने आता है तो उसकी जमीन पर कब्जा करने की तैयारी शुरू होती है.
गिरोह के लोग अधिकारियों से मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार करते हैं. फर्जी आधार कार्ड से लेकर पैन कार्ड तक बनाया जाता है. फर्जी वोटर कार्ड भी बन जाता है और इसके आधार पर जमीन की रजिस्ट्री दूसरे के नाम कर दी जाती है.
किसी समय यह शिकायत अक्सर सुनी जाती थी कि जमीन का मालिक कोई और है, लेकिन कब्जा किसी और का है और जिसका कब्जा है वही भूमि का मालिक भी है. वह कब्जायी गई जमीन की अवैध तरीके से खरीद बिक्री कर सकता है. धीरे-धीरे समय के हिसाब से इस तरह के गोरख धंधे में कमी आती गई. टीएमसी शासन काल के अंतिम वर्षों में पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने वास्तविकता को समझा तो उन्होंने पुलिस प्रशासन पर सख्ती बढाई. फलस्वरुप भू माफिया की दादागिरी में कमी आती चली गई.
अब सरकर बदल गई है. राज्य में भाजपा की सरकार है.यह सरकार अवैध गतिविधियों के खिलाफ कड़े कदम भी उठा रही है. पुलिस फूल एक्शन में है. लेकिन क्या सिस्टम भी फूल एक्शन में है? यह सवाल इसलिए भी उठ रहा है कि आज भी माटीगाड़ा, सालूगाडा आदि इलाके में स्थित खाली जमीन पर कब्जा कर फर्जी दस्तावेजों के जरिए बेचने के मामले सामने आ रहे हैं. इसके लिए कौन जिम्मेवार है? क्या इसके लिए सिस्टम दोषी नहीं है?
माटीगाड़ा पुलिस ने जमीन कब्जा कर बेचने के मामले में सिंडिकेट के जिन लोगों को गिरफ्तार किया है और रिमांड पर लिया है, उनसे पुलिस पूछताछ कर रही है. इसके बाद ही वास्तविक स्थिति का पता चलेगा कि क्या सचमुच सिलीगुड़ी और आसपास के इलाकों में इस तरह का रैकेट चल रहा है? जहां फर्जी दस्तावेज तैयार करके किसी और की जमीन किसी और के नाम करने का गोरख धंधा हो रहा है? जल्द ही खुलासे का इंतजार है. यह घटना जमीन मालिकों को सचेत करती है. अगर आपने कोई जमीन ले रखी है तो उसकी निगरानी भी करते रहें!
