September 15, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

AI अथवा chat gpt से तस्वीर बनाने का इंटरनेट पर ट्रेंड का बढा खतरा, पुलिस अधिकारी लोगों को कर रहे हैं सावधान!

अगर आप एक महिला हैं अथवा एक युवती, आप ऐसे परिवार से संबंध रखती हैं, जिसका समाज में अच्छा प्रभाव है, ऐसे सम्मानित परिवार के घर पर अचानक सुबह सवेरे पुलिस की गाड़ी दस्तक देने लगे और आपके परिवार के मुखिया को यह बताए कि आपके घर की बहू या बेटी पर आरोप है कि उन्होंने अपनी तस्वीर का इस्तेमाल गलत कार्यों के लिए किया है, तो उस समय आप पर क्या बीतेगा? आप तो सन्न रह जाएंगी. आपकी समझ में नहीं आएगा कि आखिर आपसे गलती क्या हुई है?

चलिए आपको बताते हैं कि आपकी गलती क्या है और आपको यह किस चीज की सजा दी जा रही है? अपराध नहीं करते हुऎ भी पुलिस आपको अपराधी बता रही है. आप किसी की चाल की शिकार हो गई है लेकिन आपको पता नहीं है कि आपको इस मुसीबत में डाला किसने? और अब समाज तथा परिवार में आपकी बदनामी हो रही है. जिस तरह का संकेत मिल रहा है और विशेषज्ञों तथा पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है, उसे देखते हुए यह कहा जा सकता है कि जल्द ही यह नौबत आ सकती है. अगर आप अपनी आदत से बाज नहीं आए तो!

इन दिनों इंटरनेट मीडिया पर लोग खासकर नवयुवक और नवयुतियां ए आई अथवा चैट जीपीटी टूल से तस्वीर बना रहे हैं. पहले घिबली जैसी तस्वीर बनाने का ट्रेंड आया. फिर एक्शन फिगर और ऐसी सेल्फी बनाने का दौर चला, जो बिल्कुल असली लगती है. इसके बाद गूगल के gemini से तस्वीर बनाने का ट्रेंड तेजी से बढा. इस ट्रेंड की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि पुरानी यादों जैसी तस्वीर बनाना अब बहुत आसान हो गया है.

आज किसी तस्वीर को AI में डालते ही उसे पुराने समय के परिवार के एल्बम जैसी तस्वीर में बदला जा सकता है. बड़े बाल ,चौडे कॉलर, भारी गहने, चश्मे, पुरानी फिल्मों जैसी तस्वीर, पुराने स्टूडियो, हल्की रोशनी आदि इसमें सब दिखाई जा सकती है. इसके लिए ना तो फोटोशॉप की जरूरत है और ना ही डिजाइन का कोई खास ज्ञान. ए आई खुद आपकी तस्वीर को पुराने जमाने की तस्वीर जैसा बना देता है.

यह तस्वीर 80 और 90 के दशक की trend कही जा रही है. हमारे देश में इस तरह की पुरानी यादों को लोग खासतौर पर पसंद कर रहे हैं. सोशल मीडिया पर यह खूब वायरल हो रही है. आम तो आम खास और नेता जनता सभी लोग लाइक्स भी कर रहे हैं. इरफान पठान, कुमार विश्वास, राघव चढ़ा, पीयूष गोयल, किरण रिजूजू, चिराग पासवान, हेमंत विश्व शर्मा, शिवराज सिंह चौहान, अनुराग ठाकुर इत्यादि ने एआई से तस्वीर बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल की है. आप स्वयं इसे काफी पसंद कर रहे हैं. परंतु क्या आप जानते हैं कि आपका यह शौक आपके लिए बहुत बड़ी मुसीबत बन सकता है!

पुलिस अधिकारियों ने लोगों को आगाह किया है कि अगर आप यह शौक रखते हैं तो सावधान हो जाएं. क्योंकि बदलते ट्रेंड में साइबर अपराधी सक्रिय हो गए हैं. पुलिस अधिकारियों ने खासकर उन महिलाओं तथा लड़कियों को सलाह दी है जो खासकर यह शौक रखती हैं और सोशल मीडिया तथा फेसबुक पर 80 और 90 के दशक की तस्वीर बनाकर वायरल कर रही हैं.

ए आई अथवा chat gpt टूल्स की सबसे बड़ी विशेषता यह होती है कि किसी का चेहरा देखकर इमेजिंग कर लिया जाता है. जब यह सिस्टम किसी व्यक्ति को कपड़े पहना सकता है तो उसके कपड़े भी उतार सकता है. खासकर ऐसी महिलाएं जो सोशल मीडिया पर इस ट्रेंड की शिकार हो चुकी है, उनके लिए पुलिस अधिकारियों ने सलाह दी है कि वे जितनी जल्दी हो सके, ए आई अथवा चैट जीपीटी के भ्रम जाल से बाहर आ जाएं.

साइबर अपराधी आपके चेहरे का अन्य गतिविधियों में इस्तेमाल कर आपको ब्लैकमेल कर सकते हैं. आपके कपड़े उतार सकते हैं. आपको किसी और लड़के के साथ आपत्तिजनक की स्थिति में दिखा सकते हैं. आपकी तस्वीर का इस्तेमाल porn अथवा अश्लील साइटों में किया जा सकता है. जब तक पूरा मामला पुलिस और समाज के बीच आएगा, तब तक साइबर अपराधी आपको बदनाम करने का भय दिखाकर आपको ब्लैकमेल कर सकते हैं और आपके परिवार को समाज में बदनामी का सामना करना पड़ सकता है.

पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वर्तमान समय में इस ट्रेंड का शिकार होने से बचे. ए आई अथवा चैट जीपीटी के माध्यम से साइबर अपराधी आपके बारे में महत्वपूर्ण सूचना एकत्र करके भविष्य में आपको ब्लैकमेल करने अथवा साइबर स्कैम का हिस्सा बनाने की कोशिश कर सकते हैं. पुलिस अधिकारियों के अनुसार साइबर अपराधियों का एक बड़ा वर्ग लोगों के इस शौक को भुनाने में लग गया है. इसलिए समय रहते सचेत हो जाने की जरूरत है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *