सिलीगुड़ी, 1 अगस्त : सिलीगुड़ी नगर निगम की बोर्ड बैठक में विपक्षी पार्षदों की आवाज दबाए जाने और शहर में अवैध निर्माणों पर कार्रवाई न होने जैसे कई मुद्दों को लेकर आज भाजपा पार्षदों ने जोरदार प्रदर्शन किया और निगम कमिश्नर को एक ज्ञापन सौंपा।
बाघाजतिन मैदान से रैली निकालकर भाजपा पार्षद और समर्थक सिलीगुड़ी नगर निगम कार्यालय पहुंचे। विरोध मार्च में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं की भागीदारी रही।
निगम कार्यालय के गेट पर भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस की रोक का सामना करना पड़ा, जिससे वहां कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी रही। इसके बावजूद भाजपा पार्षदों का एक प्रतिनिधिमंडल भीतर जाकर नगर निगम कमिश्नर से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपा।
गेट के बाहर भाजपा समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी की और सिलीगुड़ी प्रशासन पर आरोप लगाया कि वह अवैध निर्माणों पर चुप्पी साधे बैठा है और विपक्ष की बात को दबाया जा रहा है।