March 11, 2026
Sevoke Road, Siliguri
bjp newsupdate Politics Shankar ghosh TMC

सिलीगुड़ी के विवेकानंद विद्यालय के कार्यक्रम में विवाद, भाजपा विधायक शंकर घोष नाराज़ होकर लौटे !

https://khabarsamay.com/controversy-erupts-at-a-programme-at-vivekananda-vidyalaya-in-siliguri-bjp-mla-shankar-ghosh-leaves-in-displeasure/

सिलीगुड़ी के विवेकानंद विद्यालय के हीरक जयंती वर्ष समारोह के दौरान बुधवार को एक विवादित स्थिति सामने आई। सिलीगुड़ी के भाजपा विधायक शंकर घोष कार्यक्रम से नाराज़ होकर बीच में ही स्कूल परिसर छोड़कर घर लौट गए।

जानकारी के अनुसार शंकर घोष सुबह तय समय पर स्कूल के कार्यक्रम में पहुंचे। उस समय मंच पर सिलीगुड़ी के मेयर गौतम देव, डिप्टी मेयर और स्कूल प्रबंधन के सदस्य मौजूद थे। शंकर घोष का आरोप है कि उन्हें देखते ही मेयर और डिप्टी मेयर मंच छोड़कर उठ गए। उनका कहना है कि मेयर मंच से उठकर मिड-डे मील के कमरे में चले गए, जिससे उन्हें अपमानित महसूस हुआ। इसी कारण वे तुरंत कार्यक्रम स्थल से निकलकर अपनी स्कूटी से घर लौट गए।

इस घटना को देखकर स्कूल के छात्र-छात्राएं और शिक्षक भी हैरान रह गए। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही बसंत उत्सव के दौरान मेयर गौतम देव और विधायक शंकर घोष के बीच सौहार्दपूर्ण मुलाकात हुई थी, जहां दोनों ने एक-दूसरे को अबीर लगाकर शुभकामनाएं दी थीं।

वहीं मेयर गौतम देव ने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा कि उन्हें पता ही नहीं चला कि शंकर घोष कार्यक्रम में आए थे। उन्होंने बताया कि मंच पर धूप होने के कारण वे मिड-डे मील कक्ष में जाकर बैठ गए थे।

स्कूल के प्रधान शिक्षक ने इस मुद्दे पर ज्यादा टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि स्कूल के समारोह को विवाद का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *