October 7, 2026
Sevoke Road, Siliguri
siliguri Action good news newsupdate WEST BENGAL westbengal

त्योहारों से पहले उत्तर बंगाल में DRI की बड़ी कार्रवाई, 12.36 करोड़ के सोने के बिस्कुट के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार !

https://khabarsamay.com/dri-conducts-major-operation-in-north-bengal-ahead-of-festivals-4-smugglers-arrested-with-gold-biscuits-worth-rs-12-36-crore/

दुर्गा पूजा से ठीक पहले उत्तर बंगाल में सोना तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है। भारत-बांग्लादेश सीमा के जरिए भारी मात्रा में सोना तस्करी कर भारत लाने की कोशिश को डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस यानी DRI की सिलीगुड़ी रीजनल यूनिट ने नाकाम कर दिया है। इस कार्रवाई में करीब 12 करोड़ 36 लाख रुपये से ज्यादा कीमत के सोने के बिस्कुट बरामद किए गए हैं और चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

गुप्त सूचना के आधार पर DRI की टीम ने कूचबिहार के न्यू टाउन से सटे आश्रम रोड इलाके में अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्धों को घेरकर उनकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कुल 8 किलो 352 ग्राम वजन के 72 सोने के बिस्कुट बरामद हुए। बरामद सोने की अनुमानित बाजार कीमत 12 करोड़ 36 लाख 51 हजार 360 रुपये बताई गई है।

इस मामले में गिरफ्तार चारों आरोपी कूचबिहार जिले के दिनहाटा के रहने वाले हैं। इनकी पहचान 42 वर्षीय रसीदुल शेख, 40 वर्षीय मनोआर रहमान, 39 वर्षीय माबिदुल शेख और 32 वर्षीय मिजानुर रहमान के रूप में हुई है।

DRI के मुताबिक, आरोपी दिनहाटा से बस के जरिए सिलीगुड़ी की ओर आ रहे थे। इसी दौरान पहले से मिली गुप्त सूचना के आधार पर जांच एजेंसी ने जाल बिछाकर उन्हें पकड़ा। तलाशी के दौरान रसीदुल शेख की कमर में बंधे एक विशेष कपड़े के बेल्ट से 43 सोने के बिस्कुट बरामद किए गए, जबकि माबिदुल शेख के पास से 29 सोने के बिस्कुट मिले।

जांच में सामने आया कि सभी सोने के बिस्कुट पर विदेशी मुहर और मार्किंग मौजूद थी। इससे जांच एजेंसी को आशंका है कि सोना बांग्लादेश से अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर भारत लाया गया था। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिलों को भी DRI ने जब्त कर लिया है।

DRI के सरकारी वकील रतन बनिक ने बताया कि चारों आरोपियों को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया गया था। अदालत ने आरोपियों की जमानत याचिका खारिज करते हुए उन्हें सात दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजने का निर्देश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 13 अक्टूबर को होगी।

अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि त्योहारों के मौसम में इतनी बड़ी मात्रा में विदेशी सोने को उत्तर बंगाल के ज्वेलरी बाजार तक पहुंचाने की योजना थी या इसके पीछे किसी बड़े अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह का हाथ है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और भारत-बांग्लादेश सीमा पर निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को भी और कड़ा किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *