March 5, 2026
Sevoke Road, Siliguri
mamata banerjee good news newsupdate siliguri TMC TRINAMOOL CONGRESS

ममता बनर्जी का बेरोजगार युवाओं को लेकर एक बड़ा ऐलान!

If the BJP comes to power in Bengal, meat and fish will be banned? A 'game' will take place in Bengal before the elections.

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता स्थित नवान्न से एक प्रेस कांफ्रेंस करके राज्य के शिक्षित बेरोजगार नौजवानों तथा किसानों को एक बड़ा तोहफा दिया है. मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद सिलीगुड़ी में 15 साल से लेकर 40 साल तक के युवा काफी खुश दिखाई दे रहे हैं. उन्होंने अपने इस ऐलान के जरिए एक मास्टर स्ट्रोक चल दिया है, जिसका अच्छा रिस्पांस मिलने की उम्मीद जताई जा रही है. बेरोजगार नौजवानों के साथ-साथ उन्होंने किसानों को भी वो तोहफा दिया है जिसका उन्हें बेसब्री से इंतजार था. मुख्यमंत्री का तोहफा क्या है ,यह आप जरूर जानना चाहेंगे.

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज राज्य के बेरोजगार युवाओं तथा किसानों को लेकर जो बड़ा ऐलान किया है, उससे राज्य का युवा वर्ग काफी उत्साहित है. इसके साथ ही किसानों में भी काफी खुशी देखी जा रही है. कुछ ही समय पहले ममता बनर्जी की सरकार ने अंतरिम बजट में राज्य के बेरोजगार युवाओं को हर महीने ₹1500 मासिक भत्ता देने का फैसला किया था, जो 15 अगस्त से लागू करने की बात थी.

लेकिन आज मुख्यमंत्री ने स्वयं ही अपनी सरकार की इस योजना में संशोधन करते हुए कहा कि राज्य के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को 1 अप्रैल से ही मासिक भत्ता मिलना शुरू हो जाएगा और इसकी प्रक्रिया इसी महीने से शुरू होने वाली है. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि 15 फरवरी से 26 फरवरी तक राज्य के सभी 294 विधानसभा इलाकों में द्वारे सरकार की तरह शिविर खोले जाएंगे, जहां युवाओं को फॉर्म मिलेगा.

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि युवाओं से मिलने वाले भरे आवेदन फॉर्म को तुरंत डिजिटाइज किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने बताया कि युवा फार्म जमा करने के साथ एक रिसीविंग भी रखेंगे. उन्होंने कहा कि SIR की प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह कार्य शुरू किया जाएगा. युवा साथी योजना के तहत राज्य के माध्यमिक पास बेरोजगार युवाओं को जिनकी उम्र 21 से लेकर 40 तक है, उन्हें हर महीने सरकार की ओर से ₹1500 मासिक भत्ता देने की बात है.

जब तक ऐसे युवाओं को रोजगार नहीं मिल जाता, तब तक सरकार उन्हें हर महीने मासिक भत्ता देती रहेगी, जो उनके खाते में ऑनलाइन जमा किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना में ऐसे नौजवान भाग नहीं ले पाएंगे जो राज्य सरकार की अन्य योजनाओं का लाभ पाते हैं. उन्हें इसका फायदा नहीं मिलेगा. आरंभ में सरकार 5 साल तक बेरोजगारी भत्ता देती रहेगी. उसके बाद स्कीम का पुनर्मूल्यांकन किया जाएगा.

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज राज्य के किसानों को भी खुश करने की कोशिश की है. उन्होंने कहा कि एक कट्ठा जमीन मालिक को भी सालाना ₹4000 उनकी सरकार के द्वारा दिया जाएगा. इसके साथ ही उन्हें मुफ्त बिजली भी मिलेगी ताकि वे खेती कर सकें. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बताया कि कैंप में एग्रीकल्चर,इरिगेशन, पावर, यूथ डिपार्मेंट आदि कैंप लगाए जाएंगे. ये कैंप 15 फरवरी से 26 फरवरी तक छुट्टियों को छोड़कर सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक लगाए जाएंगे.

उन्होंने बताया कि सरकार राज्य के बेरोजगार युवाओं को अप्रैल से ही फायदा देना शुरू कर देगी. जल्द ही इस संबंध में अखबारों में विज्ञापन प्रकाशित होंगे. बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार का अंतरिम बजट और उनका आज का ऐलान काफी महत्वपूर्ण है. उन्होंने राज्य में अपनी जीत का एक बड़ा दाव खेला है. उनकी यह प्रेस कॉन्फ्रेंस काफी चर्चा का विषय बनी हुई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *