March 30, 2026
Sevoke Road, Siliguri
siliguri good news newsupdate SILIGURI MUNICIPAL CORPORATION

सिलीगुड़ी जिला बन सकता है!

Siliguri may become a district

अगले महीने विधानसभा चुनाव है. विभिन्न दलों के नेता और उम्मीदवार चुनाव प्रचार में लगे हुए हैं. उम्मीदवार लोगों से मिलकर चुनाव में जीताने की अपील कर रहे हैं. इसी सिलसिले में सिलीगुड़ी विधानसभा क्षेत्र के तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार और सिलीगुड़ी नगर निगम के मेयर गौतम देव सिलीगुड़ी के लोगों से मिलकर वोट मांग रहे हैं. आज वह अपने कुछ साथियों के साथ माता का आशीर्वाद लेने रानी सती मंदिर पहुंचे और जीत की दुआ मांगी.

चुनाव प्रचार के लिए निकले गौतम देव का एक बड़ा बयान सुर्खियों में है. आज गौतम देव ने एक बड़ी बात कही है. उन्होंने कहा है कि मैं पार्टी का विधायक नहीं, बल्कि सिलीगुड़ी का विधायक बनना चाहता हूं. अपने इस बयान से उन्होंने सिलीगुड़ी की जनता से सीधा जुड़ाव का संकेत देते हुए कहा है कि अगर उन्होंने चुनाव जीता तो सिलीगुड़ी के लोगों की सेवा में कोई कमी नहीं रखेंगे.

गौतम देव ने मीडिया से बातचीत में अपने संकल्प को दोहराया है. अगर वह चुनाव जीत जाते हैं तो सिलीगुड़ी के लोगों के लिए पहली पांच चीज क्या करेंगे. इसका उन्होंने खुलासा भी किया है. गौतम देव सिलीगुड़ी शहर को जिला बनाना चाहते हैं. सिलीगुड़ी कोर्ट को आधुनिक स्वरूप देना चाहते हैं. इसके अलावा प्रत्येक सिलीगुड़ी वासी को जमीन का पट्टा मिले, यह वह सुनिश्चित करना चाहते हैं. सिलीगुड़ी नगर निगम के मेयर के रूप में भी उन्होंने पहले भी यह बात न केवल कहीं थी, बल्कि इस दिशा में पहल भी की थी.

सिलीगुड़ी में रिचा घोष इंटरनेशनल स्टेडियम बनाने और कंचनज॔गा स्टेडियम का कायाकल्प करने की बात वह पहले भी कर चुके हैं. आज भी उन्होंने यह बात दोहराई है. कुछ समय पहले तृणमूल कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा था कि अगर प्रदेश में उनकी सरकार दोबारा बनती है तो अगले 5 वर्षों में उनकी सरकार प्रदेश में 7 से 10 नए जिलों की घोषणा करेगी. तब यह संभावना व्यक्त की जा रही थी कि उन 7 से 10 जिलों में एक जिला सिलीगुड़ी भी हो सकता है.

आज स्वयं गौतम देव ने भी इस बात पर फोकस किया है. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ इस संदर्भ में उनकी बात भी हो चुकी है. ममता बनर्जी टीएमसी के अपने पुराने साथियों में से गौतम देव पर पूरा भरोसा करती हैं और उनका यथोचित सम्मान भी. पार्टी के कई महत्वपूर्ण और बड़े फैसलों में वह गौतम देव की सलाह लेना भी नहीं भूलती हैं.

अपनी पार्टी के उम्मीदवारों का चुनाव प्रचार करने फुलबारी डाबग्राम आई ममता बनर्जी ने गौतम देव के लिए कहा था कि वह उनके लिए चिरौदिनेर चीरोकालेर साथी हैं. अर्थात वह उनके लिए सदाबहार साथी है. ममता बनर्जी का गौतम देव के प्रति यह स्नेह और सम्मान सुर्खियों में भी है और आज अगर गौतम देव सिलीगुड़ी को जिला बनाने की बात जनता से कहते हैं तो जरूर कोई ना कोई ठोस आश्वासन उन्हें ममता बनर्जी से मिला होगा.

लेकिन यह भी नहीं भूलना चाहिए कि गौतम देव फुलबाडी डाबग्राम को नगर पालिका का दर्जा दिलाने की बात वह पहले भी कह चुके हैं. यहां के लोग अभी तक इंतजार कर रहे हैं कि कब सरकार इसकी घोषणा करेगी. 2021 के विधानसभा चुनाव में गौतम देव ने अपने क्षेत्र के लोगों को भरोसा दिया था, जब वह डाबग्राम फुलवारी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे थे. इस बात के 5 साल हो चुके हैं

लेकिन ममता बनर्जी की सरकार ने डाबग्राम फुलवारी को लेकर कोई घोषणा नहीं की है. अब तो गौतम देव डाबग्राम फुलवारी को छोड़ चुके हैं. इसलिए आलोचकों का वह मुंह भी बंद नहीं कर सकते हैं. बहरहाल सिलीगुड़ी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे गौतम देव द्वारा सिलीगुड़ी को जिला बनाने की बात कहना हो सकता है कि वोट मांगने की उनकी रणनीति हो. परंतु विश्लेषक मानते हैं कि अगर प्रदेश में टीएमसी की दोबारा सरकार बनती है तो सिलीगुड़ी को जिला बनाने की कार्रवाई की पहल सरकार के द्वारा की जा सकती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *