March 30, 2026
Sevoke Road, Siliguri
good news crime newsupdate sad news siliguri siliguri metropolitan police

सिलीगुड़ी के गुरुंगबस्ती कांड ने एक नया मोड़ लिया: आरोपी शिक्षक के घर पर चलेगा बुलडोजर?

Siliguri's Gurungbasti incident takes a new turn: Bulldozers to be used on the house of the accused teacher

पिछले दो दिनों से सिलीगुड़ी का गुरूंग बस्ती कांड सुर्खियों में है. सामाजिक धरातल से उठकर अब यह कांड राजनीतिक और धार्मिक स्वरूप ले चुका है. बजरंग दल का उग्र प्रदर्शन, पथ अवरोध तथा राजनीतिक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं के इसमें कूद पड़ने से यह कांड धीरे-धीरे सियासी रूप लेता जा रहा है.

आज सिलीगुड़ी से टीएमसी उम्मीदवार व सिलीगुड़ी नगर निगम के मेयर गौतम देव पीड़ित परिवार से मिलने गए तो वहां लोगों ने उन्हें घेर लिया और मांग की कि आरोपी शिक्षक के घर पर बुलडोजर चलाया जाए तथा उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार कर फांसी पर चढ़ाया जाए. लोगों ने यह भी मांग की कि ऐसे व्यक्तियों को कानून की धाराओं में नहीं बल्कि सीधे फांसी पर चढ़ाने की जरूरत है. क्योंकि कानून की धाराओं में आज नहीं तो कल उसे जमानत मिल जाएगी. वे लोग ऐसा नहीं चाहते हैं. गौतम देव ने कहा कि आप लोग जैसा चाहते हैं, ऐसा ही होगा.

उधर भारतीय जनता पार्टी के सिलीगुड़ी विधानसभा क्षेत्र के उम्मीदवार डॉक्टर शंकर घोष ने संकल्प व्यक्त किया है कि जब तक इस कांड का मुख्य आरोपी पकड़ा नहीं जाता है, तब तक वह धरना प्रदर्शन जारी रखेंगे. बजरंग दल द्वारा पथ अवरोध करने से आज दोपहर पूरे शहर में यातायात व्यवस्था चरमरा गई. सिलीगुड़ी जंक्शन के सामने हिलकार्ट रोड बंद करने से इसका प्रभाव एयरव्यू ,बर्दवान रोड और चनापट्टी रोड में देखा गया, जहां गाड़ियों की लंबी लाइन लगी थी.

सिलीगुड़ी का वक्षस्थल गुरुंग बस्ती इन दिनों चर्चा में है. पूरे प्रदेश की राजनीति का केंद्र बन चुका है. न केवल भाजपा बल्कि टीएमसी तथा दूसरे सामाजिक संगठनों के लोग इसमें कूद पड़े हैं और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की प्रशासन से मांग कर रहे हैं. पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मुख्य आरोपी को जल्द से जल्द ढूंढ लिया जाएगा. मुख्य आरोपी घटना के बाद से ही फरार है. शाम को दार्जिलिंग भाजपा सांसद राजू बिष्ट चुनाव प्रचार कार्यक्रम से वक्त निकाल कर पीड़ित परिवार के घर गए और उनके साथ उनका दुख बांटने की कोशिश की. उन्होंने टीएमसी सरकार, पुलिस प्रशासन और कानून व्यवस्था पर जोरदार हमला बोला.

आखिर यह मामला क्या है? इस कांड के मुख्य आरोपी जिसका नाम आमिर अली है, घटना के बाद से ही फरार क्यों है? राजनेता और आम लोग उसकी गिरफ्तारी की मांग क्यों कर रहे हैं? डॉक्टर शंकर घोष उसकी गिरफ्तारी होने तक धरना पर क्यों है? यह सब कुछ आप भी जानना चाहेंगे और यह भी जानना चाहेंगे कि आमिर अली कब तक गिरफ्तार होगा? वास्तव में आमिर अली एक शिक्षक है, जो गुरुंग बस्ती में रहने वाली दसवीं कक्षा की एक छात्रा को ट्यूशन पढ़ाता था. छात्रा नाबालिग थी.

शिक्षक आमिर अली सिलीगुड़ी नगर निगम के तीन नंबर वार्ड में रहता है. वह गुरुंग बस्ती की रहने वाली एक छात्रा को ट्यूशन पढ़ाता था. आरोप है कि पढ़ाई की आड़ में आमिर अली ने छात्रा को बहला फुसलाकर उसे अपने कथित प्रेम जाल में फंसा लिया और उसका यौन शोषण किया. छात्रा आरोपी आमिर अली के दबाव में थी. वह उसके जाल से बाहर निकलना चाहती थी. वह यह बात किसी को बता भी नहीं पा रही थी कि वह कितनी बड़ी मुश्किल में है. आरोपी उसका फायदा उठा रहा था और डरा धमका कर अपना उल्लू सीधा कर रहा था. पीड़िता छात्रा के घर वालों के अनुसार आमिर अली ने छात्रा को इस स्थिति में पहुंचा दिया था, जहां उससे मुक्ति का एक ही रास्ता नजर आया. खुदकुशी. पीड़िता ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी थी.

प्रत्यक्ष दर्शियों और परिवार वालों के निजी बयान के अनुसार आरोपी आमिर अली ने मृतका को अपने कथित प्रेमजाल में फंसाने के बाद उससे अकेले में ढेर सारी बात करने के लिए उसे एक मोबाइल गिफ्ट किया था. एक दिन बातचीत के क्रम में ही मृतका को पता चला कि आमिर अली न केवल शादीशुदा है बल्कि वह एक बच्चे का पिता भी है. इस घटना के बाद पीड़िता टूट गई. उसने यह बात अपने घर वालों को बताई थी. इस संबंध में पीड़िता की बुआ का बयान भी सामने आया है. घर वालों का स्पष्ट रूप से कहना है कि आमिर अली ने उनकी बच्ची को नाक केवल धोखा दिया बल्कि उसके कारण ही उसने फांसी लगाकर जान दे दी.

पीड़िता के द्वारा आत्महत्या करने के बाद ही यह घटना सुर्खियों में आई. पीड़ित पक्ष और स्थानीय निवासियों ने गुस्से और उत्तेजना में आकर आरोपी शिक्षक के घर पर हमला किया और तोड़फोड़ की. उसकी स्कूटी को भी तोड़ दिया. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर उत्तेजित भीड़ को शांत कराया और किशोरी की लाश को बरामद करके उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया. तत्पश्चात अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को उसका शव सुपुर्द कर दिया.

धीरे-धीरे इस घटना ने तब सियासी रूप ले लिया, जब इस घटना में बजरंग दल और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता कूद पड़े.वार्ड पार्षद राम भजन महतो से लेकर शंकर घोष, और आज राजू बिष्ट से लेकर सिलीगुड़ी के टीएमसी उम्मीदवार व सिलीगुड़ी नगर निगम के मेयर गौतम देव पीड़ित पक्ष से मिलने पहुंच गए. राजनीतिक दलों के नेताओं की कड़ी प्रतिक्रिया सामने आ रही है. राम भजन महतो कहते हैं कि समाज में गुरु का स्थान सबसे ऊंचा होता है लेकिन आमिर जैसे लोग गुरु शिष्य की परंपरा को कलंकित करते हैं. इसके लिए उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए.

वार्ड पार्षद संजय पाठक तो यह भी आरोप लगाते हैं कि शिक्षक के नाम पर कलंक यह व्यक्ति पहले से ही बदनाम है. उसके खिलाफ इस तरह के कई मामले पहले भी सामने आए हैं. उसने इससे पहले भी कई छात्राओं के साथ अश्लील हरकत और अश्लील मैसेज भेजे थे. लगभग 3 साल पहले आमिर ने एक अन्य समुदाय की लड़की को प्रेम जाल में फसाया था. उस समय भी बहुत हंगामा हुआ था. अब वह लड़की आमिर की पत्नी है. गौतम देव से लेकर राजू बिष्ट ने भी आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार करने तथा उसके खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा चलाने की मांग की है. राजू बिष्ट ने कहा कि ऐसी मानसिकता के लोगों को कठोर से कठोर दंड मिलना चाहिए.

पिछले दो दिनों से सिलीगुड़ी जंक्शन इलाका राजनीतिक शोर शराबे और अफरा तफरी का गवाह बन चुका है. यहां सड़क जाम कब हो जाए कुछ कहा नहीं जा सकता. दो दिनों से यहां सबसे बुरा हाल है. बजरंग दल के जिला अध्यक्ष अमित गुप्ता ने चेतावनी दी है कि अगर 24 घंटे के अंदर आरोपी आमिर अली की गिरफ्तारी नहीं होती है तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा. इस तरह से गुरुंग बस्ती की घटना सामाजिक धरातल से ऊपर उठकर सियासी रंग ले चुकी है. पुलिस पर आरोपी आमिर अली की गिरफ्तारी का दबाव बढ़ गया है. सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए अपने खुफिया तंत्र को अलर्ट कर दिया है. पुलिस फरार आरोपी का बहुत जल्द पता लगा लेगी. आज नहीं तो कल उसकी गिरफ्तारी होनी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *