उत्तर बंगाल के सिलीगुड़ी में देश का सबसे बड़ा महाकाल मंदिर बनने जा रहा है। इस भव्य धार्मिक परियोजना की आधारशिला माननीय मुख्यमंत्री ममता बनर्जी 16 जनवरी को दोपहर में आधिकारिक रूप से रखेंगी। कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां ज़ोरों पर हैं।
यह विशाल महाकाल मंदिर सिलीगुड़ी के माटीगाड़ा ब्लॉक अंतर्गत चांदमणि इलाके में लगभग 18 एकड़ भूमि पर बनाया जाएगा। मंदिर के निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। परियोजना के पूरा होने के बाद यह मंदिर न केवल उत्तर बंगाल बल्कि पूरे देश में आस्था का एक प्रमुख केंद्र बनने की उम्मीद है।
जानकारों का मानना है कि महाकाल मंदिर के निर्माण से नॉर्थ-ईस्ट इंडिया में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी। देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालुओं के सिलीगुड़ी आने से पर्यटन, होटल, परिवहन और स्थानीय व्यापार को भी बड़ा लाभ मिलने की संभावना है।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस महत्वाकांक्षी कदम को राज्य में धार्मिक और सांस्कृतिक विकास की दिशा में एक अहम पहल के रूप में देखा जा रहा है। प्रशासन और आयोजन समिति द्वारा सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतज़ाम किए जा रहे हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सफल तरीके से संपन्न हो सके।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह मंदिर सिलीगुड़ी की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत करेगा तथा क्षेत्र के समग्र विकास में अहम भूमिका निभाएगा।

