सिलीगुड़ी, 1 अगस्त 2025 :उत्तर बंगाल के प्रसिद्ध लोक कलाकार और पद्मश्री सम्मान प्राप्त श्री नागेंद्र नाथ राय इन दिनों अस्वस्थ हैं और सिलीगुड़ी के शिवमंदिर इलाके स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी तबीयत की जानकारी लेने के लिए शुक्रवार को केंद्रीय शिक्षा और संस्कृति मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार अस्पताल पहुँचे।
बागडोगरा एयरपोर्ट से सीधे अस्पताल पहुंचे मंत्री ने सबसे पहले श्री राय के स्वास्थ्य की जानकारी ली और डॉक्टरों से उनके इलाज के बारे में बात की। इसके साथ ही उन्होंने नागेंद्रनाथ राय के परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हरसंभव सहायता का भरोसा भी दिया।
डॉ. मजूमदार ने कहा, “नागेंद्र नाथ राय जी उत्तर बंगाल का गौरव हैं। उनकी लोकसंगीत के क्षेत्र में सेवा अमूल्य है। हम सभी उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।”
गौरतलब है कि नागेंद्रनाथ राय को भारत सरकार द्वारा लोकसंगीत के क्षेत्र में उनके दशकों के योगदान के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, डॉक्टरों की एक टीम उनकी देखभाल कर रही है और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।