July 6, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

अन्नपूर्णा भंडार के बाद बंगाल के युवाओं की बारी! मिलेंगे रू.2000 से 3000 हर महीने!

बंगाल की भाजपा सरकार ने अन्नपूर्णा भंडार के बाद अब बंगाल के बेरोजगार युवाओं के लिए राजकोष के खजाने का मुंह खोलने का फैसला कर लिया है. हालांकि इसमें अभी वक्त लगेगा. क्योंकि अभी अन्नपूर्णा भंडार का काम चल रहा है. यह अगस्त तक चलने वाला है. बहुत सी महिलाओं को अभी पैसा नहीं मिला है. बहुत सी महिलाओं ने अभी फॉर्म तक नहीं भरा है. यह काम पूरा होने के बाद ही बंगाल के शिक्षित बेरोजगार नौजवानों के लिए सरकार अपनी योजना की आधिकारिक घोषणा कर सकती है. यह उम्मीद की जा रही है.

लेकिन उससे पहले ही फेसबुक और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बहुत से अनधिकृत अथवा फर्जी वेबसाइट शुरू कर दी गई है और राज्य के युवाओं से फॉर्म भरने को कहा जा रहा है. अगर आप ऐसी फर्जी या अनधिकृत वेबसाइट पर जाते हैं तो आपके साथ धोखा हो सकता है. आपकी निजी जानकारी का गलत इस्तेमाल किया जा सकता है. अतः ऐसी फर्जी या अनधिकृत वेबसाइट से सावधान रहें. क्योंकि अभी तक सरकार ने इस संबंध में कोई विस्तृत दिशा निर्देश जारी नहीं किया है और ना ही पोर्टल.

जब पोर्टल पर पंजीकरण शुरू किया जाएगा तो सरकार इसकी आधिकारिक घोषणा कर देगी. राज्य सरकार के अधिकारियों की भी राज्य के युवाओं को यही सलाह है. अतः आप किसी तरह की जल्दबाजी न दिखाएं. इस योजना का नाम युवा शक्ति भरोसा कार्ड योजना है. सरकार ने इसकी मंजूरी दे दी है. अगर आप ग्रेजुएट हैं तो इस योजना के लिए प्रत्येक मास ₹3000 पाएंगे. जबकि दसवीं युवकों को हर महीने ₹2000 मिलेंगे. लेकिन इस योजना का लाभ तभी मिलेगा जब आप राज्य सरकार की पात्रता की कसौटी पर खरा उतरते हैं.

इस योजना का लाभ उन युवाओं को मिलेगा, जो पढ़ लिखकर बेरोजगार हैं. जो अभी नौकरी की तलाश कर रहे हैं. उनकी उम्र 21 साल से 40 साल के बीच होनी चाहिए. आधार कार्ड काफी महत्वपूर्ण होगा. इसके अलावा आधार कार्ड में बंगाल का पता होना चाहिए. वोटर कार्ड भी फार्म के साथ लगाना होगा. अगर आप माध्यमिक से नीचे आते हैं तो आपको इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा. अगर आप किसी सरकारी योजना का लाभ उठा रहे हैं, जैसे स्कॉलरशिप या अन्य वजीफा तो इस फॉर्म को भरने के लिए आप अयोग्य होंगे. यह योजना पूरी तरह ऑनलाइन होगी यानी आप ऑनलाइन फॉर्म भर सकेंगे.

अन्नपूर्णा भंडार योजना की कमियों से सबक लेकर राज्य सरकार युवा शक्ति भरोसा कार्ड योजना में वेरिफिकेशन का काम घर-घर जाकर करा सकती है. इसमें किसी तरह की जालसाजी नहीं होने दी जाएगी. जैसे ही आप ऑनलाइन आवेदन जमा करेंगे, आपके दस्तावेज और दावों का प्रशासनिक स्तर पर गहन फिजिकल वेरिफिकेशन और ऑडिट किया जाएगा. अगर इसमें किसी भी तरह की त्रुटि या गलत जानकारी पाई जाती है तो आपका आवेदन तुरंत रद्द कर दिया जाएगा. यह भी बता दूं कि इस योजना का लाभ उन्हीं लोगों को मिलेगा जो पूरी तरह बेरोजगार हैं.

राज्य सरकार के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार योजना का पोर्टल तैयार किया जा रहा है. यह योजना ममता बनर्जी की युव शक्ति योजना की तरह ही है, जिसे पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ऐन विधानसभा चुनाव के समय लागू किया था. इसके तहत युवाओं को ₹1500 हर महीने दिए जा रहे थे. शुभेंद अधिकारी की सरकार ने रकम को डबल कर दिया है. यानी ₹1500 की जगह पर ₹2000 से लेकर ₹3000 मिलेंगे. ममता बनर्जी के समय इस योजना के पात्र युवाओं का कोई वेरिफिकेशन नहीं हुआ था. लेकिन अधिकारी की सरकार में वेरिफिकेशन ही नहीं गहन वेरीफिकेशन होगा.

आपको बताते चलें कि राज्य की भाजपा सरकार ने चुनाव से पहले अपने घोषणा पत्र में राज्य की महिलाओं और युवाओं के लिए सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की घोषणा की थी. राज्य में भाजपा की सरकार बनते ही मुख्यमंत्री ने भाजपा के संकल्प पत्र को जमीन पर उतारने की पहल शुरू कर दी है. अन्नपूर्णा भंडार योजना के बाद अगला चरण युवा शक्ति भरोसा कार्ड योजना का है. यहां यह भी बता दूं कि ममता बनर्जी की इस योजना में अधिकतम 5 साल की समय सीमा निर्धारित की गई थी.

लेकिन इस योजना में कोई निश्चित अवधि नहीं रखी गई है. यानी जब तक आप बेरोजगार हैं, योजना का लाभ उठाते रहेंगे. जैसे ही कोई स्थाई रोजगार या नौकरी मिल जाएगी, इस योजना से आपका नाम कट जाएगा. राज्य सरकार ने यह भी फैसला किया है कि इस योजना के तहत शिक्षित युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और पुस्तकों के लिए ₹15000 की एकमुश्त राशि दी जाएगी. अब सबसे बड़ा सवाल बजट को लेकर है. इसका जवाब किसी के पास नहीं है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *