इन दिनों लोगों में हड़कंप मचा हुआ है. एक अजीब सी दहशत व्याप्त है. जैसे लोग एक दूसरे से सवाल कर रहे हैं, क्या एक बार फिर मोदी सरकार नोटबंदी करने जा रही है? पर जवाब किसी के पास भी नहीं है. सोशल मीडिया पर इस तरह की खबर उड़ाई जा रही है कि मोदी सरकार ₹500 और ₹200 के नोट बंद करने जा रही है. यह केवल फेसबुक और सोशल मीडिया पर देखा जा रहा है.
हालांकि ना तो भारत सरकार की ओर से इस बात की कोई आधिकारिक घोषणा की गई है और ना ही भारतीय रिजर्व बैंक ने इस संदर्भ में कोई आधिकारिक सूचना प्रकाशित की है. लेकिन सोशल मीडिया की पहुंच घर-घर तक है और इसी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से यह खबर फैलाई जा रही है कि एक बार फिर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ₹500 और ₹200 के नोट बंद कर सकते हैं.
यह खबर तेजी से वायरल हो रही है और लोगों को अनिश्चितता, भ्रम और दहशत में डाल रही है. लोग नोटबंदी के दौरान हुई पीड़ा और संकट को आज तक नहीं भूल पाए हैं. भारत के लोगों ने देखा था कि किस तरह से लोग बैंकों और एटीएम की लाइनों में लग गए थे! क्या फिर से यह स्थिति उत्पन्न होने वाली है?
सोशल मीडिया की खबरों से प्रभावित कई लोगों ने यह भी कहा कि भारत सरकार और भारतीय रिजर्व बैंक ₹500 और ₹200 के नोट बिना किसी सूचना या घोषणा के उसी तरह से बंद कर सकती है, जैसे कुछ समय पहले 2000 के नोट को चुपचाप बंद कर दिया गया था. सरकार की योजना कुछ इसी तरह की है.
परंतु सच्चाई तो यह है कि भारतीय रिजर्व बैंक और भारत सरकार के किसी भी स्रोत ने इसकी पुष्टि नहीं की है. यह महज अफवाह है. जैसा कि लोग अफवाह फैला रहे हैं कि सरकार चुपचाप 2000 के नोट की तरह ही ₹500 और ₹200 के नोट बैंकों के जरिए सामान्य लेनदेन से बाहर कर सकती है. अब सरकार का भी स्पष्टीकरण सामने आ गया है. आरबीआई ने सोशल मीडिया पर चल रही ऐसी खबरों को बेबुनियाद बताया है.
आरबीआई ने स्पष्ट कर दिया है कि ₹500 और ₹200 के नोट बंद करने का सरकार का कोई इरादा नहीं है. सोशल मीडिया पर यह गलत खबर फैलाई जा रही है. इस तरह की ना तो पहले कभी कोई घोषणा की गई और ना कभी घोषणा होने वाली है. पहले की तरह ही ₹500 और ₹200 के नोट चलन में रहेंगे. किसी को भी चिंता या डरने की जरूरत नहीं है.
उम्मीद की जा रही है कि आरबीआई के स्पष्टीकरण के बाद लोगों की चिंता दूर हो गई होगी. वैसे भी सोशल मीडिया की खबरों पर आंख मूंद कर भरोसा नहीं करना चाहिए. आरबीआई ने भी लोगों को सावधान किया है कि ऐसी खबरों पर भरोसा नहीं करें और संबंधित खबरों के लिए आरबीआई के स्रोतों पर भरोसा करना चाहिए.
आरबीआई ने कहा है कि लोग अफवाहों से बचें. सरकार कोई भी नोटबंदी नहीं कर रही है. बाजार में चलन में रहे नोट आगे भी चलन में बने रहेंगे. नोट को लेकर कोई भी व्यक्ति अफवाह फैलाने की कोशिश ना करे. अफवाह फैलाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कठोर कदम उठाया जाएगा. बहरहाल आरबीआई के स्पष्टीकरण के बाद ₹500 और ₹200 के नोटों को लेकर बाजार में मची हलचल के खत्म होने की उम्मीद है.
