November 13, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

‘नहाए-खाए’ के साथ ही 4 दिवसीय छठ महापर्व शुरू!

सिलीगुड़ी समेत पूरे प्रदेश में आज से चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत हो गई है. आज नहाए खाए के रूप में छठ पूजा का पहला दिन था. छठ व्रतियों ने घर आंगन की साफ सफाई करते हुए घाटों पर जाकर स्नान और पूजा करने के बाद घर में लौकी की बनाई विशेष सब्जी तथा भात को प्रसाद के रूप में ग्रहण किया.

नहाए खाए के दिन से ही घर आंगन में शुद्धता और पवित्रता का आगाज होने लगता है. इस महापर्व में शुद्धता ऐसी होती है कि छठ व्रती टूथपेस्ट या कोलगेट का इस्तेमाल नहीं करके बल्कि आम की टहनी को दातुन के रूप में इस्तेमाल करते हैं. छठ व्रती के लिए बर्तन से लेकर उनके इस्तेमाल में आने वाली प्रत्येक सामग्री घर में अलग रखी जाती है. इसका इस्तेमाल परिवार के दूसरे लोग नहीं करते हैं.

जब तक छठ महापर्व का समापन नहीं हो जाता है, तब तक छठ व्रती के लिए बनाए गए विशेष पूजा कक्ष की पवित्रता का विशेष ध्यान रखा जाता है. नहाए खाए के दिन लौकी की सब्जी बनाई जाती है. चावल में कच्चा चावल, जिस अड़वा चावल कहते हैं, पकाया जाता है. दिन में छठ व्रती यही प्रसाद ग्रहण करते हैं और फिर शाम को उनके लिए खास आहार तैयार किया जाता है.

आज शाम को भोजन करने के पश्चात छठ व्रतियोंं का उपवास शुरू हो जाता है. आज सुबह सिलीगुड़ी के विभिन्न छठ पूजा घाटों पर व्रत करने वाले स्त्री पुरुषों की काफी भीड़ देखी गई. मां संतोषी घाट, हरिओम घाट, नौका घाट समेत दर्जनों घाटों पर आज से छठ व्रत के लिए घाट सजाने का काम भी शुरू हो गया है. आज कई इलाकों में स्थानीय पूजा समितियों के माध्यम से घाटों का वितरण शुरू हुआ, जिसे सामान्य बोलचाल की भाषा में घाट छेकना भी कहते हैं.

इस बार सिलीगुड़ी नगर निगम तथा सिलीगुड़ी जलपाईगुड़ी विकास प्राधिकरण के द्वारा छठ व्रतियोंं के लिए विशेष व्यवस्था की गई है. पिछले कई दिनों से नदी घाटों की साफ सफाई के अलावा व्रतियों के बैठने के लिए विशेष इंतजाम किया गया है. केवल सिलीगुड़ी ही नहीं बल्कि जलपाईगुड़ी, कूचबिहार,अलीपुर द्वार समेत उत्तर बंगाल के सभी जिलों में स्थानीय प्रशासन के द्वारा छठ व्रतियोंं के लिए विशेष इंतजाम किया गया है. प्रदेश के मुख्यमंत्री सुबेंदु अधिकारी ने पहले ही अधिकारियों को निर्देश दे रखा है कि छठ व्रतियों के लिए किसी तरह की कोई असुविधा न होने पाए, इसका ख्याल रखा जाए.

हालांकि छठ पूजा को लेकर फ्लैश फ्लड का कोई अलर्ट नहीं है, फिर भी जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और अलीपुरद्वार के कुछ संवेदनशील घाटों पर स्थानीय प्रशासन के द्वारा विशेष निगरानी की जा रही है. जलपाईगुड़ी जिले के 100 घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है. इसके अलावा भूटान और सिक्किम की पहाड़ी नदियों पर विशेष नजर रखी जा रही है. प्रशासन किसी भी परिस्थिति से निपटने को तैयार है. सिलीगुड़ी से लेकर पूरे उत्तर बंगाल में नदी घाटों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था भी शुरू हो गई है.

राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद सनातनी संगठनों के लोग खुलकर धर्म व पूजा अनुष्ठान कर रहे हैं. इस बार दुर्गा पूजा भी काफी संख्या में हुई. एक अनुमान के अनुसार पिछली बार से ज्यादा इसबार छठ व्रतियों की संख्या है. विभिन्न सामाजिक और स्वयंसेवी संगठनों के द्वारा छठ व्रतियोंं के लिए साड़ी और प्रसाद वितरण का काम भी शुरू हो चुका है. यह महापर्व सोमवार को उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही समाप्त हो जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *