क्या आप सिलीगुड़ी के आसपास पहाड़, समतल, Dooars आदि इलाकों में स्थित पर्यटक स्थलों की सैर करना पसंद करते हैं? इन सभी पर्यटक स्थलों को आकर्षक बनाया जा रहा है.इन क्षेत्रों में घूमने जाने से पहले संपूर्ण बजट, टूरिज्म पैकेज, बुकिंग सिस्टम, ई टिकट आदि की संपूर्ण जानकारी सरकार उपलब्ध कराने जा रही है.
पश्चिम बंगाल खासकर उत्तर बंगाल के पर्यटकों के लिए वाकई खुशी का क्षण है, जब उन्हें घर बैठे एक क्लिक में पर्यटन से संबंधित सारी सही सही जानकारी उपलब्ध हो जाएगी. मौसम से लेकर पर्यटक स्थल, पर्यटक स्थल पर पहुंचने के लिए गाड़ी की सुविधा, लॉज बुकिंग, बुकिंग स्टेटस, कंफर्मेशन इत्यादि और वह भी किफायती दर पर उपलब्ध होगी. सरकार ने लांच कर दिया है एकदम नया पोर्टल, जिसे पूर्व की खामियों को ठीक करके एकदम से नए और पारदर्शी अंदाज में प्रस्तुत किया गया है.
उत्तर बंगाल पर्यटन के लिए जाना जाता है. सिलीगुड़ी, समतल, Dooars और पहाड़ में अनेक पर्यटक स्थल हैं, जहां हर साल भारी संख्या में देसी विदेशी पर्यटक पहुंचते हैं. इन पर्यटकों की आमतौर पर शिकायत रहती है कि उन्हें लॉज बुकिंग से लेकर ट्रांसपोर्ट, मौसम और पर्यटन से संबंधित कई क्षेत्रों में भारी समस्या का सामना करना पड़ता है. कभी-कभी तो टूरिस्ट प्लेस की सही जानकारी न होने से वे मुसीबत में पड़ जाते हैं.कभी पर्यटकों के साथ टूरिस्ट एजेंसियां भी धोखा कर देती हैं. पूर्व में इस तरह की शिकायत सिलीगुड़ी समतल और पहाड़ में मिल चुकी है.
दरअसल बंगाल का टूरिज्म सिस्टम काफी पुराना है. पूर्व में पोर्टल तो लांच हुआ था लेकिन सही तरीके से काम ना करने के कारण पर्यटकों को सही जानकारी भी नहीं मिल पाती है. अब वेस्ट बेंगल टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन ने जो नया पोर्टल लॉन्च किया है, उससे न केवल बुकिंग की परेशानी खत्म होगी, बल्कि पर्यटन का आधुनिक ढांचा भी तैयार होगा.
बस क्लिक करते ही पर्यटक जान पाएंगे कि कमरा खाली है या नहीं, ऑनलाइन बुकिंग भी आसानी से कर सकते हैं. कन्फर्मेशन की भी उन्हें सूचना मिल जाएगी. और तो और portal पर सभी तरह की सुविधा, टूरिस्ट प्लेस की संपूर्ण जानकारी, प्रॉपर्टी की तस्वीरें और सेवाओं के बारे में ए टू जेड सही-सही जानकारी उपलब्ध होगी.
सिलीगुड़ी के विधायक और पर्यटन मंत्री शंकर घोष काफी उत्साहित हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि अब भविष्य में पर्यटकों को किसी तरह की कोई शिकायत नहीं होगी पर्यटन को उन्नत बनाने के लिए पर्यटन मंत्री ने योजना बनाई है कि पोर्टल पर राज्य के सभी पर्यटक स्थलों का 30 सेकंड का वीडियो अपलोड किया जाएगा. इसके अलावा पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए पर्यटक स्थलों के इतिहास, लोक कथाएं, लोक संवाद, संस्कृति आदि के बारे में बताया जाएगा.
सूत्र बता रहे हैं कि नए पोर्टल की सफलता के बाद राज्य सरकार एक और पोर्टल लांच कर सकती है, जहां टूर ऑपरेटर, पंजीकृत होटल और टूरिस्ट गाइड के बारे में संपूर्ण जानकारी दी जाएगी. किसी भी पर्यटक के लिए पर्यटक गाइड महत्वपूर्ण होता है. अगर पर्यटक गाइड जानकार और अनुभवी है तो पर्यटकों को एक अच्छी याद के साथ छोड़ता है. ऐसे अनुभवी पर्यटन गाइडों का रिव्यू भी पोर्टल पर उपलब्ध होगा. यानी कुल मिलाकर सरकार की योजना है कि एक ऐसा पोर्टल तैयार किया जाए जहां पर्यटकों को एकदम ताजा और नया अनुभव हो सके.
भाजपा सरकार में बतौर पर्यटन मंत्री शंकर घोष पर्यटन के क्षेत्र में सुधार और विकास की नई-नई योजनाएं बना रहे हैं. उन्होंने अपना अनुभव भी साझा किया है. इसके अनुरूप ही भविष्य की योजना को मूर्त रूप दिया जाएगा. पर्यटन से सरकार को पर्याप्त मात्रा में राजस्व मिल सके, इसके लिए भी योजना बनाई जा रही है. पर्यटन मंत्री के विचार से इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट से लेकर मार्केटिंग, ब्रांडिंग इस तरह से सभी पहलुओं को इसमें शामिल किया जाएगा. सरकार की मंशा है कि कुछ क्षेत्रों में निजी कंपनियों के साथ भागीदारी की जाए. उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही राज्य सरकार निविदा प्रक्रिया शुरू कर सकती है.
उम्मीद की जानी चाहिए कि नए पोर्टल के लांच होने से सिलीगुड़ी और आसपास के पर्यटन स्थलों को एक नई गति मिलेगी और उत्तर बंगाल पर्यटन के क्षेत्र में पर्यटकों का आकर्षण और विश्वास बढ़ेगा!
