भारतीय जनता पार्टी और टीएमसी के बीच चुनावी मुकाबला लगातार गरमाता जा रहा है. एक तरफ भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी के कद्दावर नेताओं को लगा रखी है, तो दूसरी तरफ ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी टीएमसी की कमान संभाल रहे हैं.
जिस तरह से बंगाल में भाजपा के केंद्रीय नेताओं का तूफानी दौरा चल रहा है, ठीक उसी प्रकार से तृणमूल कांग्रेस अपना किला बचाए रखने के लिए ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के नेतृत्व में लगातार भाजपा पर पलटवार कर रही है. दोनों ही दलों में आरोप प्रत्यारोप गरम है. भारतीय जनता पार्टी के वक्ता ममता बनर्जी की सरकार पर हमला करते हैं तो पलट कर ममता बनर्जी भी उसी तरह से जवाब देती है.
ताजा मामला बुलडोजर से जुड़ा हुआ है. जिस पर ममता बनर्जी ने तीखा जवाब दिया है. वास्तव में भाजपा के नेता और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बांकुड़ा जिले के सोनामुखी में एक चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे. जिसमें उन्होंने घुसपैठियों के घरों पर बुलडोजर चलाने की बात कही थी. ममता बनर्जी ने पिंगला में एक सभा को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ पर पलट कर जवाब दिया है.
ममता बनर्जी ने कहा कि योगी बाबू यह बंगाल है और बंगाल में बुलडोजर नहीं चलता. यहां लोग सलाम, प्रणाम और जय हिंद कहते हैं.ममता बनर्जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश जल रहा है. लेकिन योगी बाबू को अपने प्रदेश की चिंता नहीं है. वे यहां आकर भाषण देते हैं. और कहते हैं कि बंगाल में बुलडोजर चलाएंगे. तो मैं उन्हें बता देना चाहती हूं कि बंगाल में बुलडोजर नहीं चलता. बंगाली लोग सलाम करते हैं. प्रणाम करते हैं .जय हिंद कहते हैं. वंदे मातरम कहते हैं.
अपनी जनसभा में ममता बनर्जी ने कहा कि यहां से लोग भाजपा शासित राज्यों में जाते हैं तो उन्हें घुसपैठिया कहकर मार दिया जाता है. वह बंगाली बोलते हैं तो उन्हें घुसपैठिए मान लिया जाता है. बंगाल की जनता इसका बदला बैलट बॉक्स में लेगी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ममता बनर्जी पर मुस्लिम पुष्टिकरण का भी आरोप लगाया है.
योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि ममता बनर्जी बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं की हत्या पर चुप रही. पलट कर ममता बनर्जी ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या पर भाजपा ने कोई कदम नहीं उठाया. आजकल ममता बनर्जी भाजपा को सांप बता रही है. वह अपनी रैलियो में लोगों को बताती है कि अगर राज्य में भाजपा की सरकार बन गई तो बंगाल की संस्कृति नष्ट हो जाएगी.
दोनों पार्टियों के नेताओं के द्वारा चुनाव प्रचार और एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप का यह सिलसिला लगातार तीखा होता जा रहा है. ममता बनर्जी पहले ही चुनाव आयोग पर हमला कर चुकी है और अब बीजेपी पर हावी हो रही है. कल मुख्यमंत्री का सिलीगुड़ी में भी रोड शो होने वाला है. इसके लिए पार्टी के द्वारा पूरे शहर और आसपास के इलाकों में प्रचार किया गया है.
