आप सोच रहे होंगे कि बंगाल की नयी बीजेपी सरकार पहला कौन सा बदलाव करने जा रही है,तो सूत्र बता रहे हैं कि पूर्ववर्ती टीएमसी सरकार के जन-कल्याणकारी कार्य के अलावा यह सरकार कुछ नए फैसले भी करने वाली भी है. बंगाल में डबल इंजन की सरकार बन चुकी है इसलिए केंद्र सरकार की योजनाएं यहां लागू होने जा रही है सवाल है कि पहले कौन सी योजना बंगाल में लागू होने जा रही है ?
इसका उत्तर है केंद्र सरकार की पहली योजना आयुष्मान भारत योजना सर्वप्रथम लागू हो सकती है. बंगाल में सुवेंदु सरकार के शपथ ग्रहण के पहले ही इस पर चर्चा हो चुकी है.स्वास्थ्य विभाग और आयुष्मान भारत योजना के सभी विभागों के बीच एक समन्वय बन चुका है. संबंधित विभागों को योजना लागू करने के संबंध में सूचित किया जा चुका है. योजना कैसे लागू होगी, किस प्रकार लागू होगी, इसके पात्र, संसाधन और सभी संबंधित पहलुओं पर विचार विमर्श शुरू हो चुका है.
बंगाल की भाजपा सरकार की प्राथमिकता में अन्नपूर्णा योजना भी है. इसके अलावा केंद्र की दूसरी योजनाएं भी हैं. नई सरकार के मंत्री अपना अपना विभाग संभालने जा रहे हैं. केंद्र सरकार की गाइडलाइन भी राज्य सरकार को मिल चुकी है. शुभेंदु अधिकारी ने सचिव स्तर पर इसकी तैयारी शुरू कर दी है. इस बीच नई सरकार के आने के बाद सिलीगुड़ी से कोलकाता तक बदलाव देखा जा रहा है. यह बदलाव कुछ ऐसा ही है, जैसे नई व्यवस्था को अपनाने से पहले प्रक्रिया शुरू की जाती है.
सिलीगुड़ी के निकट सेवक ब्रिज पर बदलाव देखा जा रहा है. कुछ समय पहले सेतु पर वाहनों की नियंत्रण की व्यवस्था हटा ली गई थी. फिर से उसे जारी कर दिया गया है. पुलिस महकमे में भी बदलाव देखा जा रहा है. पुलिस सक्रियता से अपना कार्य कर रही है. 15 साल तक जारी जड़ता के समापन में कुछ वक्त तो लगेगा ही.
लेकिन सिंडिकेट राज का खात्मा शुरू हो चुका है. पहले फुलबाडी और रोहिणी टोल टैक्स को बंद करवाया और अब दार्जिलिंग मोड टैक्सी स्टैंड का सिंडिकेट राज भी खत्म होने जा रहा है. आज तो बाकायदा आंदोलन भी शुरू हो गया. ऐसे बदलाव की इसकी पहल शुरू करके भाजपा सरकार ने आने वाले समय में बदलाव की फुल प्रूफ रणनीति तय कर ली है.
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी फूक फूक कर कदम रख रहे हैं. केंद्र सरकार की गाइडलाइन के अनुसार उन्हें काम करना होगा. टीएमसी सरकार के माहौल को बदलना होगा. जिसके लिए बंगाल की जनता ने उन्हें वोट दिया है. भारतीय जनता पार्टी ने बंगाल के लोगों से कई वादे किए हैं. उन्हें पूरा करना होगा और इस दिशा में भाजपा सरकार कदम उठा रही है. इस हफ्ते से भाजपा सरकार की भावी रणनीति का पता चल जाएगा, जब मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के द्वारा जनता के हित में कदम उठाए जाएंगे.
सूत्र बता रहे हैं कि आरंभ में सुवेंदु सरकार केंद्र की योजनाओं को लागू करने पर जोर देगी और इस कड़ी में सर्वप्रथम आयुष्मान भारत योजना की रूपरेखा बनाई जा चुकी है, जिसके लिए जल्द ही अधिसूचना घोषित हो सकती है. एक बात साफ है कि भाजपा सरकार लोगों को लाइन में लगने नहीं देगी अर्थात केंद्र सरकार अथवा राज्य सरकार की कोई भी योजना के लिए ऑनलाइन व्यवस्था ही होगी होगी. अब देखना होगा कि नई सरकार आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आवेदन के लिए कब अधिसूचना जारी करती है.
