September 16, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

सिलीगुड़ी में मनेगी कल ‘दिवाली’!

कल सिलीगुड़ी में दिवाली मनाई जाएगी? यह कैसी दिवाली होगी! दिवाली तो आमतौर पर नवंबर में मनाई जाती है. पर 2 महीने पहले ही क्यों दिवाली मनाई जा रही है? क्या आप अपने घर, आंगन,छत पर दीया जलाएंगे? कुछ लोगों को भले ही यह अटपटा लग रहा होगा, पर आप दिवाली मनाए या ना मनाए, परंतु पूरा सिलीगुड़ी, पूरा बंगाल और पूरा देश दिवाली मनाने जा रहा है. शाम के समय 6:00 बजे से 7:00 बजे तक आप पूरे शहर में दीया जलता हुआ देख सकेंगे.

यह दीया केवल मकान और दुकान पर ही नहीं जलेगा, बल्कि मठ, मंदिर, संस्थान और सभी जगह जलेगा और इस तरह से आपको प्रतीत होगा कि 2 महीने पहले ही सिलीगुड़ी में दिवाली आ गई है. सिलीगुड़ी भाजपा सूत्रों ने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता और नेताओं ने सिलीगुड़ी के लोगों से अपील की है कि वह शाम 6:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक अपने घर, दुकान, मकान ,संस्थान ,कारखाने और सभी जगह दीया जलाएं.

आपको बता दें कि कल विश्वकर्मा पूजा है. लेकिन विश्वकर्मा पूजा के कारण यह दिवाली नहीं मनाई जा रही है. दरअसल कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है. इस बार प्रधानमंत्री का जन्मदिन अद्भुत तरीके से मनाया जा रहा है. प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर देश के लोग अपने घरों पर शाम 6:00 से लेकर 7:00 बजे के बीच दीया जलाएंगे, जिसे ‘आशीर्वाद का दीया’ नाम दिया गया है. यानी इस दीए की रोशनी के द्वारा आप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु, स्वस्थ रहने के साथ ही देश सेवा के लिए लगातार ऊर्जावान रहने का आशीर्वाद प्रदान करेंगे.

पश्चिम बंगाल सरकार प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर सेवा संकल्प अभियान शुरू कर रही है. इस अभियान के जरिए बंगाल सरकार बंगाल की जनता को केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास करेगी. कल ही मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी बंगाल की महिलाओं को अन्नपूर्णा योजना के तहत सहायता राशि जारी करेंगे. इसके अलावा सेवा संकल्प अभियान के तहत राज्य सरकार केंद्र और राज्य की विभिन्न योजनाओं की जानकारी तथा उनका लाभ राज्य की जनता को मिल सके, यह सुनिश्चित करेगी. यह पूरे एक महीने तक चलेगा.

मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की ओर से पूरे बंगाल की जनता से अपील की गई है कि वे 17 सितंबर को अपने घरों को शाम 6:00 बजे से 7:00 तक दीए जलाकर रोशन रखें और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आशीर्वाद प्रदान करें, ताकि वे इसी तरह से देश की सेवा करते रहे. यह पहला अवसर है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को देश भर में विशिष्ट तरीके से मनाया जा रहा है. जबकि बंगाल में इसे ऐतिहासिक रूप से मनाने की तैयारी है.

भाजपा शासित सभी राज्यों में भारतीय जनता पार्टी और एन डी ए गठबंधन की सरकार से लेकर केंद्र स्तर पर नेता और मंत्रियों के द्वारा प्रधानमंत्री के जन्मदिन को एक यादगार के रूप में मनाया जा रहा है. दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए यह साल उनके राजनीतिक जीवन का सिल्वर जुबली साल है. यानी गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर भारत के प्रधानमंत्री तक का उनका 25 साल का राजनीतिक सफर विशिष्ट उपलब्धियों से भरा हुआ है. बंगाल सरकार सेवा संकल्प अभियान के रूप में यादगार बना रही है तो देश के दूसरे भाजपा शासित राज्यों में विभिन्न तरह के सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए इसको विशिष्ट बनाया जा रहा है.

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री तथा उनकी कैबिनेट के साथी अन्य मंत्रियों के द्वारा पूरे राज्य की जनता से अपील की गई है. भारतीय जनता पार्टी के नेता और कार्यकर्ता इसके लिए विशेष तैयारी कर चुके हैं. मुख्यमंत्री सुबेंदु अधिकारी ने अपने संदेश में कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन मां भारती की सेवा और 140 करोड़ देशवासियों के कल्याण के लिए समर्पित रहा है. नरेंद्र मोदी राष्ट्र निर्माण के प्रतीक बन चुके हैं. बंगाल के प्रति उनका विशेष स्नेह व बंगाल को विकास के पथ पर ले जाने का संकल्प हमारी ताकत है.

मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने राज्य के युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों तथा सभी सामाजिक संगठनों से पावन पहल में बढ़ चढ़कर भाग लेने का आग्रह किया है. अब देखना होगा कि कल सिलीगुड़ी में किस तरह की दिवाली मनाई जाती है. लेकिन इतना तो तय है कि पश्चिम बंगाल भाजपा और भाजपा सरकार प्रधानमंत्री के जन्मदिन को ऐतिहासिक बनाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी. आप अपने घर पर दिया जलाएं या ना जलाएं परंतु कल सिलीगुड़ी में शाम के समय दिवाली का आभामंडल जरूर देख सकेंगे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *