October 2, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

पुलिस और जांच एजेंसियों की नींद हराम करने वाला सिलीगुड़ी का एक साइबर ठग! जान कर रह जाएंगे आप हैरान!

सिलीगुड़ी का यह व्यक्ति भारत ही नहीं बल्कि दुबई, नेपाल और अफगानिस्तान समेत विभिन्न देशों में साइबर ठगी करता था. दुनिया को कैसे लूटा जा सकता है, इसकी शैतान खोपड़ी ने जाल तैयार किया. सिलीगुड़ी के आसपास और अलग-अलग इलाकों में इसने एजेंट तैयार किये. जलपाईगुड़ी का मौसमी कविराज भी उसके संपर्क में आया और एहसान का एजेंट बन गया. एहसान ने कई एजेंट बनाए.

इन एजेंटों का काम सिलीगुड़ी और आसपास के इलाकों में भोले भाले लोगों को प्रलोभन देकर खाता खुलवाने तथा उनके खाते और एटीएम को हासिल करना था. एजेंट एहसान को बैंक खाते, एटीएम सहित सभी सूचनाएं उपलब्ध कराते थे और एहसान इन सूचनाओं और बैंकिंग सिस्टम के तहत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जानकारी उपलब्ध कराता था और साइबर ठगी का रास्ता प्रशस्त करता था. पुलिस की अब तक की जांच में कुछ इस तरह की जानकारी सामने आई है

सिलीगुड़ी में साइबर ठगी के पहले भी कई मामले सामने आए हैं. अक्सर छोटे बड़े मामले सामने आते रहते हैं. लेकिन आप हैरान रह जाएंगे, जब आपको पता चलेगा कि सिलीगुड़ी का रहने वाला एक शख्स कथित रूप से साइबर वर्ल्ड को अपनी उंगलियों पर नचाता है. सिलीगुड़ी शहर के 40 नंबर वार्ड के आदर्श नगर का रहने वाला यह व्यक्ति अंतर्राष्ट्रीय साइबर ठगी के नेटवर्क का एक अहम हिस्सा है. उसके तार दुबई ,नेपाल, अफगानिस्तान और अन्य देशों तक फैले हुए हैं.

एक छोटा सा शहर सिलीगुड़ी आजकल विभिन्न कारणों से सुर्खियों में रहता है. विभिन्न रिपोर्टो से पता चलता है कि भारत के अलग-अलग राज्यों में हुई साइबर ठगी के अधिकांश मामलों में पुलिस की जांच कार्यवाही में किसी न किसी रूप से सिलीगुड़ी का तार जुड़ा जरूर मिला है. यहां तक कि अंतर्राष्ट्रीय साइबर ठगी के कुछ मामलों में भी सिलीगुड़ी के युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है.

अभी ज्यादा दिन नहीं हुए जब महाराष्ट्र पुलिस ने सिलीगुड़ी पुलिस के सहयोग से माटीगाड़ा और आसपास के इलाकों से साइबर ठगी के मामलों में चार से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया था और अनेक mule खातों को जब्त किया था. हाल ही में सिलीगुड़ी पुलिस ने जिन दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है, उनके संबंध अंतर्राष्ट्रीय साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े हुए हैं.

उनमें से एक व्यक्ति का नाम एहसान हबीब है. वह सिलीगुड़ी के 40 नंबर वार्ड के अंतर्गत आदर्श नगर का रहने वाला है. पुलिस के अनुसार एहसान हबीब साइबर वर्ल्ड का एक जाना पहचाना नाम है. देश के अलग-अलग हिस्सों में साइबर ठगी के दर्ज अनेक मामलों की जांच के क्रम में सिलीगुड़ी के इस व्यक्ति का नाम सामने आया था.

एहसान हबीब इससे पहले वर्ष 2024 में नेशनल इन्वेस्टीगेशन एजेंसी के राडार पर आया था. NIA ने उसके घर पर छापेमारी की. लेकिन वह इतना चालू निकला कि NIA की आंखों में धूल झोंककर फरार हो गया. उसको गिरफ्तार करने की पुलिस की हर कोशिश बेकार गई थी. एहसान हबीब की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न जांच एजेंसियों को लगाया गया था. लेकिन वह पकड़ में नहीं आ सका.

कदाचित वह पकड़ा भी नहीं जाता! कम से कम इतनी जल्दी तो नहीं पकड़ा जाता. लेकिन कहते हैं ना कि पाप का घड़ा एक न एक दिन फूटता ही है. अपराधी कितना भी शातिर क्यों ना हो, कहीं ना कहीं उससे चूक हो जाती है, जिसके जरिए पुलिस व कानून अपराधी के गिरेबान तक पहुंच जाती है. कुछ समय पहले सिलीगुड़ी साइबर क्राइम थाने में साइबर ठगी का एक अनोखा मामला सामने आया था. इसमें पुलिस ने पूछताछ के लिए कई व्यक्तियों को गिरफ्तार किया था.

पुलिस ने उदलाबाड़ी के रहने वाले एक ऐसे व्यक्ति को पकड़ा था, जिसने अपना बैंक खाता किसी व्यक्ति को किराए पर दे रखा था. जब पुलिस ने उक्त व्यक्ति से पूछताछ की तो इसी दौरान एहसान हबीब का नाम भी सामने आया. फिर जब पुलिस ने एहसान हबीब की कुंडली खंगालनी शुरू कर दी तो उसके बारे में एक से बड़े एक शातिर कारनामों की पिटारी एक-एक कर खुलती चली गई.

एहसान हबीब के बारे में उसके काले कारनामे जानने के बाद पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए जाल बिछाया. लेकिन तब तक एहसान हबीब को भनक तक नहीं लगी कि पुलिस चुपचाप उसके पीछे पडी है. यही कारण है कि एहसान हबीब पुलिस की गिरफ्त में आ गया. पूछताछ के क्रम में पुलिस ने पता लगाया है कि एहसान हबीब अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी नेटवर्क का एक अहम हिस्सा है. पुलिस उससे विस्तृत पूछताछ कर रही है. जल्द ही कुछ और चौंकाने वाली जानकारियां सामने आ सकती हैं!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *