जब पूरे राज्य में सिविक वालंटियरों को लेकर शिकायतें, विवाद और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो छाए हुए हैं, ऐसे माहौल में सिलीगुड़ी के सिविक वोलंटियर शंभु राय ने जो किया, उसने सबका दिल छू लिया।
घटना सोमवार दोपहर करीब 12 बजे की है। मुक्ति मंडल नाम की एक महिला शांतिनगर विनय मोड़ से होते हुए कोर्ट मोड़ की तरफ जा रही थीं। तभी अचानक एक बस ने उन्हें टक्कर मार दी। वे सड़क पर गिर पड़ीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद वहां भीड़ तो जमा हो गई, लेकिन मदद के लिए कोई आगे नहीं आया। तभी ड्यूटी पर तैनात सिविक वोलंटियर शंभु राय मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना देर किए महिला को उठाया, ई-रिक्शा बुलाया और सीधे सिलीगुड़ी जिला अस्पताल ले गए।
अस्पताल में शंभु राय ने न सिर्फ उन्हें इमरजेंसी में भर्ती कराया, बल्कि इलाज, एक्स-रे और अन्य प्रक्रियाओं में भी पूरा सहयोग किया। घायल महिला बोलने की स्थिति में नहीं थीं न वे अपना पता बता पा रही थीं, न फोन नंबर।
शंभु राय पूरे समय उनके साथ खड़े रहे। उन्होंने कैमरे से दूर रहकर सिर्फ इतना कहा:
“इंसानियत के नाते मदद की है। इंसान इंसान के लिए है।”
अब वे अपील कर रहे हैं कि अगर कोई मुक्ति मंडल को पहचानता है, तो उनके परिवार को खबर दे।
वर्तमान में वे सिलीगुड़ी जिला अस्पताल में उपचाराधीन हैं।