February 28, 2026
Sevoke Road, Siliguri
Uncategorized

सिलीगुड़ी में होली का ‘हुड़दंग’ रोकने के लिए पुलिस कमर कस कर तैयार! 4 मार्च को रहेगा हाफ ड्राई डे!

इस बार होली में अगर पीकर उधम मचाया या शराब पीकर सड़कों पर वाहन चलाया तो आपकी खैर नहीं! क्योंकि सिलीगुड़ी पुलिस शराबियों की हुडदंग रोकने के लिए कमर कस कर तैयार है और इसके लिए सभी तरह के कदम उठाए जा रहे हैं. यह पहला मौका है जब सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस त्यौहार पर सख्त कदम उठाने जा रही है.

पिछले कुछ दिनों से राज्य में भय और आतंक का वातावरण बनाने की कोशिश अज्ञात लोगों के द्वारा की जा रही है. इनमें कचहरी को बम से उड़ाना, पोस्ट ऑफिस में विस्फोट करना, पासपोर्ट कार्यालय में विस्फोट इत्यादि की धमकी, एक पर एक दहलाने वाली धमकी भरे ईमेल अथवा फोन कॉल के बाद पहले से ही पुलिस महकमा चौकस है. अब तक ये सभी बम विस्फोट की धमकी भरी खबरें मात्र अफवाह साबित हुई है.

लेकिन सिलीगुड़ी पुलिस पूरी तरह चौकस और सतर्क है. 4 मार्च को होली मनाई जा रही है. उस दिन दोपहर 2:00 बजे तक ठेके बंद रहेंगे. दार्जिलिंग जिला आबकारी विभाग की ओर से घोषणा जारी कर दी गई है. हालांकि थ्री स्टार होटल से ऊपर के सभी होटलों और उनके संलग्न बार पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा. ऐसे होटलों में आप शाम 2:00 बजे के बाद भी सामान्य रूप से शराब पी सकेंगे.

सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग की ओर से सभी प्रकार के उपयुक्त कदम उठाए गए हैं. व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के अंतर्गत शहर के हर चौक चौराहे, एंट्री एग्जिट प्वाइंट और संवेदनशील इलाकों में 24 घंटे नाका चेकिंग जारी रहेगी. इसके अलावा चेक पोस्ट, सर्किट हाउस मोड, पानी टंकी, हाशमी चौक बागडोगरा, शिव मंदिर ,फुलबारी बाईपास, ईस्टर्न बायपास आदि इलाकों में सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस की टुकड़ी हर समय मौजूद रहेगी और नाकों पर वाहनों की जांच चलती रहेगी.

अगर किसी ने पी कर ड्राइविंग की तो उस दिन उसकी जमानत तो नहीं ही होगी. ऊपर से उस व्यक्ति का त्यौहार भी खराब होगा. इसलिए आपको सावधान हो जाना चाहिए. सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस इस समय शहर में भय अथवा उत्तेजना का वातावरण बनने नहीं देना चाहती है. पिछले कुछ समय से राज्य में इस प्रकार का विषाक्त वातावरण बनाने की कोशिश की जा रही है. इसलिए होली के दिन किसी तरह की हुड़दंग नहीं चलेगी.

होली के दिन सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस का खास जोर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने पर रहेगा. पिछले कुछ दिनों से सड़क दुर्घटनाओं की तादाद में वृद्धि हुई है. सड़क दुर्घटना के अधिकतर मामले शराब पीकर वाहन चलाने से सामने आ रहे हैं. होली के दिन लोग आमतौर पर नशे में होते हैं. इसलिए उस दिन सड़क दुर्घटनाएं भी अधिकतर होती है. मिली जानकारी के अनुसार होली के दिन ट्रैफिक पुलिस देर रात तक काम करती रहेगी. इसके अलावा वाहनों में रफ्तार नियंत्रण के लिए जगह-जगह स्पेशल अभियान भी चलाए जाते रहेंगे.

सिलीगुड़ी पुलिस के डीसीपी काजी शमसुद्दीन अहमद ने बताया कि होली त्यौहार को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से मनाने के लिए सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस की ओर से सभी तरह के इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं. गश्ती दलों के अलावा सीसीटीवी, ड्रोन, सर्विलांस और नाका चेकिंग के जरिए पूरे शहर पर नजर रखी जा रही है. हमारा उद्देश्य है कि लोग होली शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाए. किसी तरह की अनहोनी ना हो, इसके लिए पुलिस कमर कसकर तैयार है.

उन्होंने वाहन चालकों से अपील की है कि ट्रैफिक नियमों का पालन करते हुए ही रंगों का त्यौहार मनाए. शराब पीकर कभी वाहन ना चलाएं. इसके अलावा तेज रफ्तार से बचें. एक दूसरे की सुरक्षा का ख्याल रखें. रंगों का आनंद लें. लेकिन त्यौहार को किसी तरह से दागदार ना बनाएं. पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार होली के दिन शराब पीकर वाहन चलाने, ओवर स्पीडिंग तथा ट्रैफिक उल्लंघन के मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी.

शहर में अपराध, चोरी और लूट जैसी घटनाओं को रोकने के लिए भी बाइक पेट्रोलिंग, मोबाइल वैन और पैदल गश्ती दल की भी व्यवस्था की गई है. होली में मारपीट, झगड़ा अथवा अन्य विवादों के शीघ्र निपटारे के लिए संवेदनशील इलाकों में सुबह से रात तक अतिरिक्त पुलिस बल की व्यवस्था की जा रही है. इस तरह से सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस की ओर से शहर में होली को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाने के लिए सभी तरह के कदम उठाए गए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *