युद्ध के चलते खाड़ी देशों में उत्पन्न राजनीतिक-सामाजिक अनिश्चितताओं के बीच खाड़ी देशों के विभिन्न शहरों में जैसे दुबई, अबू धाबी, कतर, बहरीन, ओमान आदि में बसे भारतीयों ने वतन वापसी शुरू कर दी है. उनमें से ज्यादातर भारतीय वहां नौकरी और रोजी रोजगार में कार्यरत थे. उनकी सुरक्षित वतन वापसी के लिए मारवाड़ी युवा मंच की यूएई शाखा द्वारा विशेष पहल की जा रही है.
मारवाड़ी युवा मंच की शाखाएं विश्व के लगभग सभी देशों में है. यह सामाजिक संगठन आपातकाल स्थितियों मे जरूरतमंद लोगों की सहायता करता है और उनकी घर वापसी में भी पूरा योगदान देता है. युद्ध के कारण खाड़ी देशों के हालात अच्छे नहीं है. बहुत से भारतीय वहां से स्वदेश लौटना चाहते हैं. लेकिन चाहते हुए भी लौट नहीं पा रहे हैं. उनकी कानूनी, तकनीकी और वित्तीय मदद के लिए मारवाड़ी युवा मंच की यूएई शाखा सामने आई है.
इस यूएई की शाखा के द्वारा अब तक ढाई हजार से अधिक भारतीयों को विभिन्न प्रकार की सहायता प्रदान की गई है. इनमें मार्गदर्शन, यात्रा व्यवस्था तथा जरूरतमंदों की हर संभव मदद जैसे महत्वपूर्ण पहल शामिल है. मारवाड़ी युवा मंच का यह अभियान भारतीयों के आत्म विश्वास को बढ़ा रहा है. जो लोग दुबई से हिंदुस्तान लौटना चाहते हैं, संगठन के द्वारा उनकी सभी तरह की सहायता की जा रही है. उनका यह अभियान प्रवासियों की संपूर्ण व्यवस्था करने तक जारी रहेगा.
खाड़ी देशों में फंसे लोगों की भारत वापसी को ध्यान में रखते हुए मारवाड़ी युवा मंच यू ए ई के द्वारा चार्टर्ड फ्लाइट की व्यवस्था की गई है ताकि उनकी सुरक्षित वापसी में कोई बाधा खड़ी ना हो सके. बहुत से लोग दुबई से मुंबई पहुंच गए हैं. उन्होंने मारवाड़ी युवा मंच यूएई का धन्यवाद किया है और उनके योगदान की सराहना की है.
मारवाड़ी युवा मंच के सेवा कार्य की सराहना करते हुए अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के राष्ट्रीय संयोजक, अंतर्राष्ट्रीय मामले श्री उमेश गर्ग ने कहा है कि संकट की इस घड़ी में समाज के लिए संगठित होकर सेवा करना एक सच्चे सामाजिक दायित्व का परिचायक है. उन्होंने कहा है कि मारवाड़ी युवा मंच की UAE टीम का यह समर्पण, सक्रियता, उत्साह और निरंतर प्रयास पूरे समाज के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है. उन्होंने इसके लिए टीम के लोगों को धन्यवाद दिया है.
खाड़ी देशों में मारवाड़ी युवा मंच UAE की टीम के जो लोग इस उत्कृष्ट सेवा कार्य को कर रहे हैं, उनमें दुबई से श्री रविंद्र अग्रवाल व श्री हिमांशु अग्रवाल, अबू धाबी से श्री आनंद अग्रवाल, ओमान से श्री बसंत बगड़िया व श्री अनुराग अग्रवाल, सऊदी अरब से श्री लक्ष्मण सिंह परमार, बहरीन से श्री विनीत मारू, कुवैत से श्री आदित्य और कतर से श्री शेखर अग्रवाल के नाम शामिल हैं.
